Daler Mehndi Controversy: मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी के साथ उत्तराखंड में हुए विवाद ने पिछले कुछ दिनों से खूब सुर्खियां बटोरी हैं. अब इस मामले में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद पहल की है. उन्होंने शुक्रवार को दलेर मेहंदी से फोन पर बातचीत की और उनका हालचाल जाना. साथ ही कहा कि सरकार इस विवाद को पीछे छोड़कर आपसी सम्मान और सकारात्मक माहौल के साथ आगे बढ़ना चाहती है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दलेर मेहंदी से बातचीत की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां ‘अतिथि देवो भव’ की परंपरा रही है. धामी के मुताबिक, उत्तराखंड की पहचान उसकी लोक संस्कृति, मेहमाननवाजी और आपसी भाईचारे से है. यहां कला, संस्कृति और कलाकारों का हमेशा सम्मान किया गया है. सरकार चाहती है कि हाल की घटनाओं को पीछे छोड़कर बातचीत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ा जाए.
आखिर क्या था पूरा विवाद?
दरअसल, रविवार रात दलेर मेहंदी उत्तराखंड के नरेंद्र नगर में आयोजित ‘सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले’ में परफॉर्म कर रहे थे. इसी दौरान उत्तराखंड सरकार के मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और सिंगर की परफॉर्मेंस पर नाराजगी जताने लगे. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मंत्री दलेर मेहंदी से पूछते दिखाई दिए कि क्या उन्होंने शराब पी रखी है. वीडियो में दलेर मेहंदी माफी मांगते भी सुनाई दिए. इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ गया और कई लोगों ने मंत्री के व्यवहार की आलोचना की.
Rajinikanth की Jailer 2 ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका! 7 दिन टोड़ा तमिल सिनेमा का रिकॉर्ड
मंत्री सुबोध उनियाल ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद सुबोध उनियाल ने अपना पक्ष रखा. उन्होंने कहा कि अगर दलेर मेहंदी की तबीयत खराब थी, तो उन्हें पहले इसकी जानकारी देनी चाहिए थी. मंत्री ने ये भी आरोप लगाया कि सिंगर मंच पर लाइव गाने के बजाय लिप-सिंक कर रहे थे. हालांकि, दलेर मेहंदी के समर्थकों ने इस व्यवहार को कलाकार का अपमान बताया.
भाई मीका सिंह ने जताई खुशी
दलेर मेहंदी के भाई और सिंगर मीका सिंह भी इस विवाद पर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे थे. मीका ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी ने उनसे भी गुरुवार को फोन पर बातचीत की थी. उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री ने बेहद सम्मानजनक तरीके से बात की और भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड कलाकारों का सम्मान करता है. मीका ने कहा कि उनके भाई प्रशंसकों से मिले समर्थन से खुश हैं और अब इस मामले को खत्म करना चाहते हैं. उन्होंने लोगों से दलेर मेहंदी के बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने की अपील भी की. फिलहाल मुख्यमंत्री की पहल के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि ये विवाद शांत हो जाएगा. अब देखना होगा कि इस मामले में आगे क्या होता है.
News Source: ANI
Nayyi Navelli अब घर में मचाएगी डर और हंसी का धमाल, जानें कब और कहां होगी रिलीज
