Home मनोरंजन धक-धक गर्ल से बॉलीवुड क्वीन तक, Madhuri Dixit की वो कहानी; जिसने करोड़ों दिलों को धड़कना सिखाया

धक-धक गर्ल से बॉलीवुड क्वीन तक, Madhuri Dixit की वो कहानी; जिसने करोड़ों दिलों को धड़कना सिखाया

by Preeti Pal
0 comment
धक-धक गर्ल से बॉलीवुड की एवरग्रीन क्वीन तक, Madhuri Dixit की वो जादुई कहानी; जिसने करोड़ों दिलों को धड़कना सिखाया

15 May, 2026

Madhuri Dixit: बॉलीवुड की चमचमाती दुनिया में कई स्टार्स आए, कुछ ने नाम कमाया, कुछ ने शोहरत हासिल की, लेकिन बहुत कम कलाकार ऐसे होते हैं जो वक्त के साथ सिर्फ बड़े नहीं होते, बल्कि एक फीलिंग बन जाते हैं. माधुरी दीक्षित उन्हीं चुनिंदा स्टार्स में शामिल हैं. उनका नाम सुनते ही आंखों के सामने एक खूबसूरत मुस्कान, शानदार डांस, दिल जीत लेने वाली अदाएं और स्क्रीन पर बिखरता हुआ जादू आने लगता है. ये कहना गलत नहीं है कि माधुरी दीक्षित सिर्फ एक एक्ट्रेस नहीं, बल्कि वो दौर रहीं, जब पूरा देश उनकी फिल्मों, उनके गानों और उनकी मुस्कान का दीवाना था. 90 के दशक में शायद ही कोई ऐसा घर होगा जहां ‘एक दो तीन’, ‘धक धक करने लगा’, ‘मेरा पिया घर आया’ या ‘दीदी तेरा देवर दीवाना’ ना गूंजा हो. उनकी पॉपुलैरिटी का आलम ऐसा था कि लोग फिल्में सिर्फ उनके नाम पर देखने चले जाते थे.

डांस से प्यार

15 मई, 1967 को मुंबई में पैदा हुईं माधुरी दीक्षित का पूरा नाम माधुरी शंकर दीक्षित है. वो एक मराठी कोकणस्थ ब्राह्मण फैमिली में पली-बढ़ीं. उनके पिता शंकर दीक्षित इंजीनियर थे और मां स्नेहलता दीक्षित हाउस वाइफ. घर में पढ़ाई-लिखाई का माहौल था. यही वजह है कि माधुरी भी स्टडी में काफी अच्छी थीं. उन्होंने मुंबई के डिवाइन चाइल्ड हाई स्कूल से पढ़ाई की. बाद में माइक्रोबायोलॉजी की पढ़ाई शुरू की. उस टाइम शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि ये लड़की एक दिन इंडियन सिनेमा की इतनी बड़ी सुपरस्टार बनेगी. हालांकि, बचपन से ही माधुरी का झुकाव डांस की तरफ था. सिर्फ 3 साल की उम्र में उन्होंने कथक सीखना शुरू कर दिया था. 8 साल तक उन्होंने कथक की ट्रेनिंग ली. बाद में उन्होंने कथक सम्राट पंडित बिरजू महाराज से भी ट्रेनिंग ली. शायद यही वजह है कि जब वो स्क्रीन पर डांस करती थीं, तो हर मूव परफेक्ट लगता था. यही ट्रेनिंग बाद में उनकी सबसे बड़ी ताकत साबित हुई. उनके डांस में जो नज़ाकत, एक्सप्रेशन और ग्रेस दिखता था, वो बाकी एक्ट्रेसेस से उन्हें अलग बनाता था.

यह भी पढ़ेंःRamayan की रिलीज़ से पहले Ranbir Kapoor का बड़ा दांव, रामनगरी अयोध्या में खरीदी करोड़ों की जमीन

बॉलीवुड की धड़कन

माधुरी दीक्षित ने साल 1984 में फिल्म ‘अबोध’ से बॉलीवुड में कदम रखा. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास नहीं चली, लेकिन उनकी मासूमियत और एक्टिंग ने लोगों का ध्यान जरूर खींचा. इसके बाद कई सालों तक उन्हें स्ट्रगल करना पड़ा. एक के बाद एक कई फिल्में फ्लॉप होती चली गईं. उस दौर में शायद कोई और होता तो हार मान लेता, लेकिन माधुरी ने खुद पर भरोसा बनाए रखा. फिर आया साल 1988 और फिल्म रिलीज़ हुई ‘तेजाब’. यही वो फिल्म थी जिसने माधुरी की किस्मत बदल दी. फिल्म में उनका कैरेक्टर ‘मोहिनी’ लोगों के दिलों में उतर गया. लेकिन असली धमाका हुआ ‘एक दो तीन’ गाने से. इस गाने ने पूरे देश को झूमने पर मजबूर कर दिया. हर गली, हर शादी, हर स्टेज शो में सिर्फ यही गाना बजता था. माधुरी रातोंरात सुपरस्टार बन गईं और बॉलीवुड को उसकी नई धड़कन मिल गई. इसके बाद माधुरी ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. 90 का दशक लगभग उनके नाम रहा. ‘दिल’, ‘साजन’, ‘बेटा’, ‘खलनायक’, ‘राजा’, ‘राम लखन’, ‘दिल तो पागल है’, ‘हम आपके हैं कौन’ और ‘देवदास’ जैसी फिल्मों ने उन्हें बॉलीवुड की नंबर वन एक्ट्रेस बना दिया.

यह भी पढ़ेंःCannes 2026 तक पहुंची Amma Ariyan, क्यों 40 साल बाद भी बेचैन कर देती है ये कल्ट मास्टरपीस?

बदल दी सोच

उस दौर में हिंदी सिनेमा पर पूरी तरह से मेल स्टार्स का ही दबदबा था. फिल्मों का पूरा बिजनेस बड़े हीरो के नाम पर चलता था. लेकिन माधुरी उन गिनी-चुनी एक्ट्रेसेस में शामिल रहीं जिन्होंने इस सोच को बदल दिया. कई फिल्मों में उनकी मौजूदगी ही सबसे बड़ा अट्रैक्शन होती थी. उनकी फीस भी उस टाइम कई बड़े हीरो के बराबर या उनसे ज्यादा बताई जाती थी. ‘दिल’ में आमिर खान के साथ उनकी केमिस्ट्री ने यंगस्टर्स को प्यार का नया अंदाज दिखाया. वहीं, ‘बेटा’ में अनिल कपूर के साथ उनकी जोड़ी सुपरहिट रही. इसी फिल्म का गाना ‘धक धक करने लगा’ इतना पॉपुलर हुआ कि माधुरी हमेशा के लिए ‘धक-धक गर्ल’ बन गईं. ऐसे में अगर माधुरी के करियर की सबसे यादगार फिल्मों की बात हो और ‘हम आपके हैं कौन’ का नाम ना आए, ये हो ही नहीं सकता. साल 1994 में रिलीज हुई इस फिल्म ने इंडियन फिल्म इंडस्ट्री का इतिहास बदल दिया. फैमिली, रिलेशनशिप, प्यार और म्यूज़िक से भरी इस फिल्म में माधुरी ने निशा का किरदार निभाया था. उनकी चुलबुली मुस्कान, शरारती अंदाज और साड़ी वाले लुक ने हर किसी को दीवाना बना दिया. उस दौर में लड़कियां उनका स्टाइल कॉपी करती थीं और लड़के उनकी जैसी पार्टनर का सपना देखते थे.

तोड़े सारे रिकॉर्ड्स

‘हम आपके हैं कौन’ ने बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और कई सालों तक हिंदी सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्म बनी रही. फिल्म की सक्सेस में माधुरी का इतना बड़ा हाथ था कि लोग थिएटर से बाहर निकलकर सिर्फ उन्हीं की बात करते थे. आपको जानकर हैरानी होगी कि, 6 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 128 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस किया था. फिर आई ‘दिल तो पागल है’. यश चोपड़ा की इस म्यूजिकल रोमांटिक फिल्म में माधुरी ने पूजा का रोल किया. इस फिल्म में उनका डांस, स्टाइल और स्क्रीन प्रेजेंस आज भी लोगों को याद है. फिल्म का हर गाना सुपरहिट हुआ और माधुरी का सॉफ्ट और ग्लैमरस अंदाज एक नया फैशन ट्रेंड बन गया. इसके बाद ‘देवदास’ में उन्होंने चंद्रमुखी बनकर एक्टिंग का एक नया लेवल टच कर दिया. भारी-भरकम लहंगे, क्लासिकल डांस और डीप इमोशन्स से भरे इस किरदार में माधुरी ने दिखा दिया कि वो सिर्फ ग्लैमरस स्टार नहीं, बल्कि बहुत स्ट्रॉन्ग एक्ट्रेस भी हैं.

एक्सप्रेशन और खूबसूरती

माधुरी की सबसे बड़ी ताकत सिर्फ उनकी खूबसूरती नहीं थी. उनके चेहरे के एक्सप्रेशन, उनकी आंखों की लैंग्वेज और उनका कॉन्फिडेंस उन्हें बाकियों से अलग बनाता था. वो स्क्रीन पर आते ही माहौल बदल देती थीं. उनकी मुस्कान में एक अपनापन था और डांस में ऐसा जादू कि लोग नजरें हटाना भूल जाते थे. फेमस पेंटर एमएफ हुसैन तो उनके इतने बड़े फैन बन गए थे कि उन्होंने ‘हम आपके हैं कौन!’ 67 बार देखी. उन्होंने माधुरी को अपनी इंस्पिरेशन माना और उन पर बेस्ड फिल्म ‘गजगामिनी’ बनाई. वहीं, माधुरी की पॉपुलैरिटी सिर्फ भारत तक नहीं रही. विदेशों में रहने वाले इंडियन्स के बीच भी उनका जबरदस्त क्रेज था. अमेरिका, यूके और मिडिल ईस्ट में उनके स्टेज शो हाउसफुल जाते थे. लोग सिर्फ उनकी एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते थे.

यह भी पढ़ेंः5 दशकों का सफर, क्लासिक फिल्मों का खजाना, Waheeda Rehman की 10 यादगार फिल्में जिन्होंने इंडियन सिनेमा को बनाया अमर

गजब का स्टारडम

आप माधुरी दीक्षित की पॉपुलैरिटी का अंदाज़ा इसी बात से लगा सकते हैं कि, उस दौर में कई गानों और फिल्मों में उनका जिक्र होता था. 1994 की कल्ट कॉमेडी फिल्म ‘अंदाज़ अपना अपना’ इसका सबसे मजेदार उदाहरण है. फिल्म के एक सीन में आमिर खान, सलमान खान को चिढ़ाते हुए कहता है कि उसकी सगाई कभी माधुरी दीक्षित से हुई थी. इस सीन में फिल्म मैगजीन के कवर पर छपी माधुरी की तस्वीर दिखाई जाती है. ये छोटा सा मजाक ऑडियन्स को खूब पसंद आया था, क्योंकि उस समय माधुरी का स्टारडम अपने पीक पर था. सलमान खान की कॉमेडी फिल्म ‘जुड़वा’ के सुपरहिट गाने ‘टन टना टन’ में भी माधुरी दीक्षित का नाम बड़े मजेदार अंदाज में लिया गया. गाने के लिरिक्स में गोविंदा और माधुरी का जिक्र उस दौर के स्टार पावर को दिखाता था. हालांकि 2017 में जब फिल्म का रीमेक बना, तो इस लाइन को हटा दिया गया. शाहरुख की फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ में भी माधुरी का मजेदार रेफरेंस देखने को मिला. साल 2003 में तो एक पूरी फिल्म ही ‘मैं माधुरी दीक्षित बनना चाहती हूं’ नाम से बनी. फिल्म में अंतरा माली ने छोटे शहर की लड़की का किरदार निभाया था, जो माधुरी दीक्षित जैसी एक्ट्रेस बनने का सपना देखती है. राम गोपाल वर्मा की ये फिल्म दरअसल माधुरी की पॉपुलैरिटी और उनके स्टारडम को ट्रिब्यूट थी. हालांकि, माधुरी का जादू सिर्फ भारत तक नहीं रहा. अमेरिकी टीवी शो ‘द बिग बैंग थ्योरी’ में भी उनका जिक्र हुआ.

करियर के पीक पर शादी

1999 में माधुरी दीक्षित ने अमेरिका के कार्डियोवैस्कुलर सर्जन डॉ. श्रीराम नेने से शादी कर ली. ये खबर सुनकर उनके लाखों फैंस का दिल टूट गया था. लेकिन उनकी शादी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थी. दिलचस्प बात ये है कि डॉ. नेने ने शादी से पहले माधुरी की कोई फिल्म नहीं देखी थीं. ना ही वो उनके स्टारडम के बारे में जानते थे. शादी के बाद माधुरी अमेरिका शिफ्ट हो गईं और फिल्मों से दूरी बना ली. उस वक्त लगा कि बॉलीवुड का एक सुनहरा दौर खत्म हो गया. लेकिन कुछ साल बाद उन्होंने शानदार वापसी की. साल 2007 में ‘आजा नचले’ फिल्म के साथ माधुरी ने बॉलीवुड में कमबैक किया. फिल्म भले बड़ी हिट ना रही हो, लेकिन माधुरी का जादू बिल्कुल वैसा ही था. उनके डांस और स्क्रीन प्रेजेंस ने साबित कर दिया कि असली स्टार कभी चमकना नहीं छोड़ता.

टीवी की क्वीन

इसके बाद माधुरी दीक्षित ने टीवी की दुनिया में कदम रखा. ‘झलक दिखला जा’ और ‘डांस दीवाने’ जैसे रिएलिटी शो में जज बनकर नई जेनेरेशन के बीच भी पॉपुलर हो गईं. आज के यंग डांसर्स भी उन्हें अपना आइडल मानते हैं. जब वो किसी कंटेस्टेंट की तारीफ करती हैं, तो वो पल उनके लिए किसी अवॉर्ड से कम नहीं होता. बॉलीवुड और टीवी के बाद माधुरी दीक्षित OTT प्लेटफॉर्म पर भी छा गईं. ‘द फेम गेम’ और ‘मजा मा’ जैसे ओटीटी प्रोजेक्ट्स में उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर दिखाया कि एक्टिंग उनके लिए सिर्फ ग्लैमर नहीं, बल्कि जुनून है. माधुरी दीक्षित का फैशन सेंस भी हमेशा चर्चा में रहा. 90 के दशक में उनके हेयरस्टाइल, साड़ियां, लहंगे और मेकअप लड़कियों के बीच ट्रेंड बन जाते थे. आज भी डिजाइनर्स उनके पुराने लुक्स से इंस्पिरेशन लेते हैं. ‘हम आपके हैं कौन’ की पर्पल साड़ी हो या ‘देवदास’ का भारी लहंगा, हर लुक आइकॉनिक बन गया. यही वजह है कि माधुरी दीक्षित सिर्फ एक स्टार नहीं, बल्कि एक कल्चरल फेनोमेनन बन चुकी थीं. फिल्मों और गानों में उनका नाम लिया जाता था. टीवी शोज़ और कॉमेडी में उनकी खूबसूरती के किस्से सुनाए जाते थे. यहां तक कि उनके नाम पर फिल्में और डायलॉग तक बनाए गए.

यह भी पढ़ेंःOTT पर रिलीज़ हो रही है Dhurandhar 2, फिर भी भारत में नहीं देख पाएंगे फैंस; करना पड़ेगा इंतजार!

अवॉर्ड्स की भरमार

माधुरी दीक्षित को भारतीय सिनेमा में उनके शानदार योगदान के लिए कई बड़े अवॉर्ड्स मिले हैं. उन्हें 17 बार फिल्मफेयर अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया, जिनमें से उन्होंने 6 बार इसे अपने नाम किया. उनमें से चार बार उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला, जो उन्होंने ‘दिल’ (1990), ‘बेटा’ (1992), ‘हम आपके हैं कौन’ (1994) और ‘दिल तो पागल है’ (1997) के लिए जीता. इसके अलावा, फिल्म ‘देवदास’ (2002) में चंद्रमुखी के लिए उन्हें बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला. अपने लंबे और सक्सेसफुल करियर के लिए उन्हें फिल्मफेयर की तरफ से स्पेशल अवॉर्ड भी दिया गया. जब उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में 25 साल पूरे किए. साल 2008 में भारत सरकार ने उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया, जो देश का चौथा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है. इसके बाद साल 2023 में उन्हें 54वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में ‘स्पेशल रिकग्निशन फॉर कंट्रीब्यूशन टू भारतीय सिनेमा’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया.

सेंसिटिव इंसान

माधुरी दीक्षित सिर्फ एक आर्टिस्ट ही नहीं, बल्कि एक सेंसिटिव इंसान भी हैं. वो यूनिसेफ और ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ जैसे कैंपेन से जुड़ी रही हैं. बच्चों और महिलाओं के राइट्स के लिए भी वो लगातार काम करती रही हैं. बहुत कम लोग जानते हैं कि माधुरी एक अच्छी सिंगर और पेंटर भी हैं. उन्होंने अपना ऑनलाइन डांस प्लेटफॉर्म डांस विद माधुरी भी शुरू किया, जहां दुनियाभर के लोग डांस सीखते हैं. उनकी फैन फॉलोइंग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अरुणाचल प्रदेश की एक झील को लोग उनके नाम से जानते हैं. फिर भी उनकी सबसे खास बात ये रही कि उन्होंने कभी अपने स्टारडम को सिर पर हावी नहीं होने दिया. इतने सालों की सक्सेस के बाद भी उनकी सादगी लोगों को खूब पसंद आती है. आज की जेनेरेशन शायद उस दौर को पूरी तरह से फील ना कर पाए, लेकिन 90 के दशक में माधुरी दीक्षित सिर्फ एक एक्ट्रेस नहीं थीं, बल्कि लोगों की जिंदगी का हिस्सा थीं. उनके पोस्टर घरों की दीवारों पर लगाए जाते थे और उनके गाने हर फंक्शन की जान होते थे. कुछ तो आज भी होते हैं.

यह भी पढ़ेंः पहली एंट्री से इंटरनेशनल पहचान तक, Cannes Film Festival में भारतीय सिनेमा के सफर की कहानी

Follow Us On: Facebook | X | LinkedIn | YouTube Instagram

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?