Sonu Sood help Rajpal Yadav: बॉलीवुड के सबसे बेहतरीन कॉमेडियन्स में से एक राजपाल यादव इन दिनों मुश्किल में हैं. इस बुरे वक्त में सोनू सूद ने उनकी मदद करने का फैसला लिया है.
10 February, 2026
अपनी शानदार कॉमेडी से करोड़ों लोगों को हंसाने वाले एक्टर राजपाल यादव आज खुद एक मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. दरअसल, चेक बाउंस के पुराने मामले में दिल्ली हाई कोर्ट से राहत न मिलने के बाद आखिरकार उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा. हालांकि, इस दुख की घड़ी में जब राजपाल को लगा कि फिल्म इंडस्ट्री में हर कोई अकेला है, तब लोगों के मसीहा कह जाने वाले सोनू सूद उनके सपोर्ट में खड़े हो गए हैं. सोनू ने न सिर्फ राजपाल की मदद का हाथ बढ़ाया है, बल्कि पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री से भी साथ देने की गुहार लगाई है.

क्या है मामला?
नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) से निकले राजपाल यादव ने ‘हंगामा’, ‘भूल भुलैया’, ‘फिर हेरा फेरी’ और ‘चुप चुप के’ जैसी फिल्मों से अपनी एक अलग पहचान बनाई. साल 2010 में उन्होंने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था. ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हो गई और राजपाल कर्ज में डूब गए. ब्याज बढ़ते-बढ़ते ये रकम अब करीब 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. जेल जाने से पहले एक इंटरव्यू में राजपाल ने भारी मन से कहा था कि उनके पास पैसे चुकाने का कोई जरिया नहीं बचा है. उन्होंने ये तक कहा कि इंडस्ट्री में हर कोई अकेला है.
यह भी पढ़ेंःबदला जाएगा ‘घूसखोर पंडत’ का नाम, नेटफ्लिक्स ने दिल्ली HC को दी जानकारी, हटाई प्रचार सामग्री

सोनू सूद की पहल
राजपाल यादव की बेबसी को देखते हुए सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक दिल छू लेने वाला पोस्ट लिखा. सोनू ने ये भी अनाउंस किया कि, राजपाल यादव उनकी अगली फिल्म का हिस्सा होंगे और उन्होंने तुरंत उन्हें एक साइनिंग अमाउंट भी ऑफर किया. सोनू ने लिखा कि राजपाल एक बहुत ही टैलेंटेड एक्टर हैं जिन्होंने सालों तक हमें यादगार फिल्में दी हैं. कभी-कभी टैलेंट की कमी से नहीं, बल्कि बुरे वक्त की वजह से जिंदगी नाइंसाफी करती है.

लोगों से अपील
सोनू सूद ने बाकी डायरेक्टर्स, प्रोड्यूसर्स और को एक्टर्स से भी अपील की कि वो राजपाल को उनके फ्यूचर प्रोजेक्ट्स के लिए साइनिंग अमाउंट दें. उन्होंने क्लियर कहा कि, ये कोई चैरिटी नहीं है, बल्कि एक कलाकार का सम्मान है. हमें उन्हें ये अहसास दिलाना होगा कि वो अकेले नहीं हैं. अब सोनू सूद के इस कदम की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है. वैसे, दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के मुताबिक, राजपाल को 7 अलग-अलग मामलों में से हर एक में 1.35 करोड़ रुपये का भुगतान करना है. अब देखना होगा कि सोनू सूद की इस मुहिम के बाद बॉलीवुड के बाकी लोग राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आते हैं या नहीं?
News Source: Press Trust of India (PTI)
यह भी पढ़ेंः ढाई किलो का हाथ और संतोषी का साथ, 30 साल बाद लौटेगी घातक जोड़ी; कुछ ऐसी है Lahore 1947 की स्टोरी
