Home लाइफस्टाइल दिमाग में छिपा है ‘जंपिंग जीन्स’ का खज़ाना! एक ही जीन से बन सकते हैं कई तरह के प्रोटीन

दिमाग में छिपा है ‘जंपिंग जीन्स’ का खज़ाना! एक ही जीन से बन सकते हैं कई तरह के प्रोटीन

by Preeti Pal 25 November 2026, 2:15 PM IST
25 November 2026, 2:15 PM IST
दिमाग की कोशिकाओं में छिपे हैं 'जंपिंग जीन्स' के कमाल! एक ही जीन से बन सकते हैं कई तरह के प्रोटीन

Jumping Genes: हमारा दिमाग कैसे काम करता है और इसकी कोशिकाएं कितने तरह के प्रोटीन बना सकती हैं? वैज्ञानिकों के लिए ये सवाल हमेशा से दिलचस्प रहा है. अब ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने एक ऐसी खोज की है, जो दिमाग की कार्यप्रणाली को समझने का नया रास्ता खोल सकती है. वैज्ञानिकों को पता चला है कि दिमाग की कोशिकाओं में मौजूद ‘जंपिंग जीन्स’ जेनेटिक संदेशों को बदलने और प्रोटीन की विविधता बढ़ाने में मदद कर सकते हैं. इस रिसर्च में वैज्ञानिकों ने फल मक्खी यानी फ्रूट फ्लाई के दिमाग का अध्ययन किया. इसमें सामने आया कि औसतन हर 5 में से लगभग एक RNA संदेश में जंपिंग जीन्स का कुछ हिस्सा मौजूद था. यानी ये तत्व पहले की सोच से कहीं ज्यादा सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं.

क्या होते हैं जंपिंग जीन्स?

आसान भाषा में समझें तो जंपिंग जीन्स DNA के ऐसे हिस्से होते हैं, जो जीनोम के एक जगह से दूसरी जगह तक अपनी कॉपी पहुंचा सकते हैं. इन्हें वैज्ञानिक भाषा में ट्रांसपोजेबल एलिमेंट्स (TEs) कहा जाता है. पहले वैज्ञानिक इन्हें काफी हद तक ऐसे जेनेटिक तत्व मानते थे, जो खुद की कॉपी बनाकर फैलते रहते हैं. लेकिन समय के साथ इनके कुछ हिस्से जीवों के जेनेटिक सिस्टम में नए काम करने लगे. अब रिसर्च से पता चला है कि ये दिमाग की कोशिकाओं में बनने वाले RNA संदेशों का हिस्सा भी बन सकते हैं.

कई तरह के प्रोटीन

हमारे शरीर की कोशिकाएं DNA में मौजूद निर्देशों को सीधे इस्तेमाल नहीं करतीं. पहले इनकी एक कामचलाऊ कॉपी बनाई जाती है, जिसे मैसेंजर RNA यानी mRNA कहते हैं. इसके बाद कोशिकाएं इस संदेश के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ने और हटाने का काम करती हैं. इस प्रक्रिया को अल्टरनेटिव स्प्लाइसिंग कहा जाता है. इससे एक ही जीन से अलग-अलग तरह के RNA संदेश और प्रोटीन बनने की संभावना पैदा होती है. ऑक्सफोर्ड के वैज्ञानिकों ने पाया कि इस प्रक्रिया में जंपिंग जीन्स के हिस्से भी शामिल हो सकते हैं. शोधकर्ताओं ने इसके लिए TEChim नाम का बेहतर कंप्यूटेशनल टूल इस्तेमाल किया. 264 जीन और ट्रांसपोजेबल एलिमेंट्स के जोड़ों के अध्ययन में औसतन 17.8 प्रतिशत RNA संदेशों में जंपिंग जीन्स के हिस्से मिले. कुछ जीन में तो लगभग सभी RNA संदेशों में इनका योगदान देखा गया.

अहम हो सकती है खोज

रिसर्च का नेतृत्व करने वाले ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के डॉ. क्रिस्टोफ ट्राइबर के मुताबिक, इन बदलावों की मौजूदगी वैज्ञानिक पहले से जानते थे, लेकिन इनकी संख्या देखकर टीम भी हैरान रह गई. हालांकि, ये अध्ययन फ्रूट फ्लाई पर किया गया है, लेकिन स्तनधारियों और इंसानों में भी ऐसे RNA संदेश पाए गए हैं. इससे उम्मीद जगी है कि ये प्रक्रिया इंसानी शरीर में भी प्रोटीन की विविधता बढ़ाने में भूमिका निभा सकती है. अब वैज्ञानिक ये समझना चाहते हैं कि इन बदले हुए RNA संदेशों से किस तरह के नए प्रोटीन बनते हैं और दिमाग के कामकाज पर उनका क्या असर पड़ता है. साथ ही, वो ये भी जानना चाहते हैं कि क्या अलग-अलग लोगों के जंपिंग जीन्स में अंतर उनके दिमाग की कोशिकाओं में बनने वाले प्रोटीन को प्रभावित करता है.

News Source: ANI

Vitamin B12 से ठीक हो सकती है रेयर जेनेटिक बीमारी? वैज्ञानिकों की नई खोज ने जगाई उम्मीद

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?