Home अंतरराष्ट्रीय Vitamin B12 से ठीक हो सकती है रेयर जेनेटिक बीमारी? वैज्ञानिकों की नई खोज ने जगाई उम्मीद

Vitamin B12 से ठीक हो सकती है रेयर जेनेटिक बीमारी? वैज्ञानिकों की नई खोज ने जगाई उम्मीद

by Preeti Pal 23 November 2026, 12:26 PM IST
23 November 2026, 12:26 PM IST
Vitamin B12 से ठीक हो सकती है रेयर जेनेटिक बीमारी? वैज्ञानिकों की नई खोज ने जगाई उम्मीद

Vitamin B12: विटामिन B12 को आमतौर पर शरीर में खून बनाने, नसों को स्वस्थ रखने और दिमाग के बेहतर कामकाज के लिए जरूरी माना जाता है. इसकी कमी होने पर थकान, कमजोरी और कई तरह की न्यूरोलॉजिकल परेशानियां हो सकती हैं. लेकिन अब वैज्ञानिकों की एक नई रिसर्च ने इस विटामिन को लेकर एक और दिलचस्प संभावना सामने रखी है. शोधकर्ताओं ने पाया है कि विटामिन B12 एक दुर्लभ जेनेटिक बीमारी से जुड़े विकास संबंधी बदलावों को ठीक करने में मदद कर सकता है. हालांकि, ये प्रयोग अभी इंसानों पर इलाज के तौर पर सफल साबित नहीं हुआ है. दरअसल, ये रिसर्च वेरहीज सिंड्रोम (Verheij Syndrome) नाम की रेयर बीमारी से जुड़ी है. इस बीमारी में बच्चों की शारीरिक वृद्धि प्रभावित हो सकती है. उन्हें विकास में देरी और सामान्य से कम लंबाई जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. वैज्ञानिकों ने पाया कि इस बीमारी से जुड़े जीन में बदलाव के कारण शरीर की कुछ जरूरी मेटाबॉलिक प्रक्रियाएं प्रभावित हो सकती हैं. हैरानी की बात ये रही कि विटामिन B12 देने पर प्रयोग में शामिल छोटे कीड़ों में इन समस्याओं में काफी सुधार देखने को मिला.

क्या है RNA स्प्लिसिंग का खेल?

इस रिसर्च का एक अहम हिस्सा RNA स्प्लिसिंग नाम की प्रक्रिया है. आसान भाषा में समझें तो हमारी कोशिकाएं शरीर के लिए जरूरी प्रोटीन बनाने के लिए जेनेटिक निर्देशों का इस्तेमाल करती हैं. इन निर्देशों को सही तरीके से तैयार करने में RNA स्प्लिसिंग की भूमिका होती है. इस प्रक्रिया में मैसेंजर RNA के गैर-जरूरी हिस्सों को हटाकर बाकी हिस्सों को सही क्रम में जोड़ा जाता है. अगर इस प्रक्रिया में गड़बड़ी हो जाए, तो कोशिकाओं का सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है. कुछ मामलों में ये गंभीर विकास संबंधी बीमारियों की वजह भी बन सकता है. वेरहीज सिंड्रोम से जुड़े कुछ जीन भी इसी प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाते हैं.

चौंकाने वाला नतीजा

वैज्ञानिकों ने इस रिसर्च के लिए सी. एलिगेंस नाम के बहुत छोटे गोल कृमियों का इस्तेमाल किया. ये कीड़े वैज्ञानिक प्रयोगों में काफी लोकप्रिय हैं, क्योंकि इनके जरिए शरीर की कई जैविक प्रक्रियाओं को समझना आसान होता है. शोधकर्ताओं ने ऐसे कीड़ों का अध्ययन किया, जिनमें RNA स्प्लिसिंग से जुड़े एक जीन में बदलाव था. ये जीन इंसानों में वेरहीज सिंड्रोम से भी जुड़ा हुआ है. इस बदलाव की वजह से कीड़ों की वृद्धि धीमी हो गई और उनका आकार सामान्य से छोटा रह गया. जब वैज्ञानिकों ने उनके मेटाबॉलिज्म की जांच की, तो पता चला कि विटामिन B12 पर निर्भर कुछ जरूरी प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही थीं. इसके बाद उन्होंने कीड़ों को अतिरिक्त विटामिन B12 दिया. नतीजा चौंकाने वाला था. विटामिन देने से मेटाबॉलिक प्रक्रियाएं काफी हद तक नॉर्मल हो गईं और विकास से जुड़ी समस्याओं में भी सुधार देखने को मिला. रिसर्च के प्रमुख लेखक जोनाथन कोल्शबाख ने बताया कि RNA प्रोसेसिंग में बदलाव का विटामिन B12 पर निर्भर मेटाबॉलिज्म पर इतना सीधा असर देखकर वैज्ञानिक हैरान थे. उन्होंने ये भी कहा कि विटामिन B12 की मदद से कीड़ों में इन बदलावों के असर को काफी हद तक ठीक किया जा सका.

इलाज का रास्ता?

वैज्ञानिकों ने ये जानने की कोशिश भी की कि क्या यही बदलाव इंसानों में भी देखने को मिलते हैं. इसके लिए उन्होंने मानव कोशिकाओं से जुड़े उपलब्ध डेटा का अध्ययन किया और जर्मनी के यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल कोलोन के विशेषज्ञ के सहयोग से वेरहीज सिंड्रोम के मरीजों के ब्लड सैंपल भी जांचे. इस जांच में इंसानों में भी कुछ ऐसे ही मेटाबॉलिक बदलावों के संकेत मिले. इससे उम्मीद बढ़ी है कि विटामिन B12 से जुड़ी प्रक्रियाएं इस बीमारी को समझने में अहम भूमिका निभा सकती हैं. हालांकि, अभी ये कहना जल्दबाजी होगी कि विटामिन B12 की खुराक से वेरहीज सिंड्रोम के मरीजों का इलाज संभव है. इसके लिए इंसानों पर विस्तृत क्लिनिकल रिसर्च की जरूरत होगी. फिलहाल ये खोज दुर्लभ जेनेटिक बीमारियों को समझने और भविष्य में नए इलाज तलाशने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है.

News Source: ANI

शीतलहर से बचाव के लिए योगी सरकार का बड़ा कदम, सभी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल अलर्ट मोड पर

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?