Home Top News अब तक 920 की मौत, 51 हजार लोग लापता! जानें वेनेजुएला में विनाशकारी भूकंपों का इतिहास

अब तक 920 की मौत, 51 हजार लोग लापता! जानें वेनेजुएला में विनाशकारी भूकंपों का इतिहास

by Amit Dubey 27 June 2026, 3:43 PM IST
27 June 2026, 3:43 PM IST
Venezuela Earthquake

Venezuela Earthquake: बीते बुधवार शाम में भूकंप के दोहरे झटके से वेनेजुएला दहल उठा. पहले 7.2 की तीव्रता और उसके बाद मात्र 40 सेकंड से भी कम समय में 7.5 की तीव्रता के आए भूकंप ने वेनेजुएला और इसकी राजधानी काराकास में भारी तबाही मचाई है. चारों ओर चीख पुकार मच गई और कई लोगों को तो अपने घरों से बाहर निकलने का भी समय नहीं मिल पाया.

विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में आशंका जताई जा रही है कि यह भूकंप इतना विनाशकारी था कि इसमें कम के कम 10 हजार लोग मारे गए होंगे. अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन ने कहा कि वेनेजुएला में भूकंप से 67 लाख तक लोग प्रभावित हो सकते हैं, जिनमें से लगभग 20 लाख लोग अकेले राजधानी काराकास में होंगे. अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस की अमेरिका क्षेत्र की क्षेत्रीय निदेशक लॉयस पेस ने कहा, “लोग अभी भी अपने घरों में वापस जाने से डरे हुए हैं” हालांकि, अभी तक आए आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वेनेजुएला में भूकंप से 920 लोगों की मौतें हुई हैं, वहीं 3300 से अधिक को घायल हुए हैं. प्रभावित इलाकों में बचाव कार्य जारी है. अधिकारियों ने बताया कि लापता लोगों की संख्या 51,000 से अधिक हो गई है.

वेनेजुएला में आए इस भूकंप ने देश में इसके इतिहास को याद दिला दिया है. जी हां, यह पहली बार नहीं है जब वेनेजुएला में भूकंप आया और इतने लोग मारे गए. इससे पहले भी यहां कई बार तबाही मचाने वाले भूकंप आ चुके हैं और सैकड़ों लोगों की मौतें हो चुकी हैं. आइए उनके बारे में जानते हैं, इसके अलावा दुनिया के कुछ बड़े विनाशकारी भूकंपों की भी लिस्ट देखेंगे. शुरुआत हम वेनेजुएला में आए भूकंप, इससे मची तबाही और भारत समेत विभिन्न देशों के द्वारा वेनेजुएला को दी जा रही मदद से करेंगे.

बचाई गईं जानें चमत्कार- नेशनल असेंबली के अध्यक्ष

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, सरकारी बचाव दल की कमी का हवाला देते हुए वेनेजुएला के लोगों ने लापता प्रियजनों की तलाश स्वयं ही शुरू कर दी है. बुधवार के भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर कम से कम 920 हो गई है और लापता लोगों की संख्या 51000 से अधिक हो गई है. वहीं, 3360 से अधिक लोग घायल हैं. अधिकारियों द्वारा मजबूत सरकारी राहत कार्य का दावा करने के बावजूद, सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में लोगों ने सरकारी बचाव दल की कमी देखी.

देश की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने नए आंकड़ों की घोषणा की. अधिकारियों ने बताया कि खोज और बचाव अभियान जारी रहने के कारण मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका है. कई परिवारों का कहना है कि उनके प्रियजन अभी भी मलबे के नीचे दबे हुए हैं. जॉर्ज रोड्रिगेज ने कहा, “जिन लोगों की जान बचाई गई है, वे सभी एक चमत्कार हैं.”

भूकंप से वेनेजुएला में अब तक 32 लोगों की मौत और 700 घायल, भारत का हर संभव मदद का भरोसा

भूकंप के बाद वेनेजुएला में आपातकाल लागू

बुधवार देर शाम आए भूकंप ने वेनेजुएला में भारी तबाही मचाई है. बुधवार देर रात राष्ट्र को संबोधित करते हुए कार्यवाहक राष्ट्रपति डेलसी रोड्रिगेज ने आपातकाल की घोषणा की और कहा कि भूकंप से कई राज्यों में नुकसान हुआ है. डेलसी ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा था, “काराकास से लगभग 30 किलोमीटर उत्तर में दर्जनों इमारतें ढह गई हैं और हम वर्तमान में लोगों की जान बचाने के लिए गहन बचाव अभियान चला रहे हैं.” एक सदी से भी अधिक समय में वेनेजुएला में आए सबसे शक्तिशाली भूकंपों में से एक ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया, शहरों में इमारतों को खाली कराया गया और वेनेजुएला की राजधानी काराकास से लगभग 1,700 किलोमीटर दूर ब्राजील के अमेजन तक के क्षेत्र प्रभावित हुए.

रोड्रिगेज ने बताया कि भूकंप से कराकास के पास स्थित देश के मुख्य हवाई अड्डे, साइमन बोलिवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को नुकसान पहुंचा और उन्हें बंद कर दिया गया है. उन्होंने यह भी बताया कि स्कूल बंद कर दिए गए हैं और काराकास में मेट्रो और प्राकृतिक गैस सेवाएं भी ठप हैं. उन्होंने वेनेजुएला के नागरिकों से नुकसान की रिपोर्ट करने के लिए सरकारी ऐप का उपयोग करने का आग्रह किया.

वेनेजुएला में 7.5 तीव्रता वाले भीषण भूकंप ने मचाई तबाही, कई इमारतें जमींदोज; मची चीख पुकार

भारत सहित इन देशों ने की वेनेजुएला की मदद

वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप ने भयानक तबाही मचाई है. भारत समेत दुनिया के तमाम देश इस दौरान वेनेजुएला की मदद करते हुए दिख रहे हैं. इंडियन एयर फोर्स ने कहा कि भारत ने भूकंप प्रभावित वेनेज़ुएला के लिए दो IAF C-17 लॉन्च किए हैं।. ये एयरक्राफ्ट राहत का सामान ले जाएंगे, जिसमें IA पैरा फील्ड हॉस्पिटल, BHISHM क्यूब्स और मेडिकल सप्लाई शामिल हैं.

वहीं, बीते दिनों विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर जानकारी दी कि “ऑपरेशन अमिस्टैड चल रहा है! भूकंप के बाद राहत के कामों में मदद के लिए आज दो IAF C17s वेनेज़ुएला के लिए जरूरी मदद लेकर रवाना हुए. इस मदद में इंडियन आर्मी फील्ड हॉस्पिटल यूनिट और 35 टन से ज्यादा राहत का सामान, दवाइयां और मेडिकल इक्विपमेंट शामिल हैं, जिसमें दो BHISHM क्यूब्स भी शामिल हैं. भारत इस मुश्किल समय में वेनेजुएला सरकार और लोगों की मदद करने के लिए तैयार है.”

पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, वेनेजुएला के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि मेक्सिको, अमेरिका, अल सल्वाडोर, स्विट्जरलैंड, कोलंबिया और अन्य देशों के 861 अंतरराष्ट्रीय स्वयंसेवक वेनेजुएला में राहत-बचाव का काम कर रहे हैं. आने वाले घंटों और दिनों में अन्य देशों से भी कई और स्वयंसेवकों के आने की उम्मीद है. संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि दुनिया भर से 25 सर्च और रेस्क्यू टीम के 1000 आपातकालीन कर्मी रास्ते में हैं.

अब आइए जानते हैं वेनेजुएला में भयानक भूकंपों का इतिहास. इसके आंकड़े हम आपको अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) की आधिकारिक वेबसाइट से दे रहे हैं.

9.5 तक की तीव्रता, लाखों लोगों की मौत और भीषण तबाही; दुनिया के वो 10 बड़े भूकंप, जब थर्राई धरती

वेनेजुएला में भूकंप क्यों?

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, 24 जून 2026 को वेनेजुएला के युमारे के दक्षिण-पूर्व में 7.5 तीव्रता का भूकंप आया. यह कैरेबियन और दक्षिण अमेरिकी प्लेटों के बीच जटिल प्लेट सीमा के पास उथले स्ट्राइक-स्लिप फॉल्टिंग की वजह से हुआ.

भूकंप के लोकेशन पर, कैरेबियन प्लेट दक्षिण अमेरिका के सापेक्ष लगभग 20 मिमी/वर्ष की दर से पूर्व की ओर गति कर रही है. यह गति मुख्य रूप से उत्तरी वेनेजुएला से गुजरने वाली एक प्रमुख राइट-लैटरल स्ट्राइक-स्लिप फॉल्ट प्रणाली (right-lateral strike-slip mechanism) संचालित होती है.भूकंप का स्थान, उथली गहराई (10.0 किमी) और राइट-लैटरल स्ट्राइक-स्लिप तंत्र, सैन सेबेस्टियन फॉल्ट प्रणाली के साथ इस प्लेट सीमा प्रणाली में दरार के अनुरूप हैं, जो वेनेजुएला के उत्तरी तट के साथ फैली हुई है.

यह हादसा एक भीषण भूकंपीय सीरीज का मुख्य भूकंप था, जो 7.2 तीव्रता के एक पहले के झटके के ठीक 39 सेकंड बाद आया. दो समान तीव्रता वाले भूकंपों की सीरीज, जो समय और निकटता में निकट घटित होते हैं, संभवतः एक जटिल, विखंडन-अंतःक्रिया प्रक्रिया (complex, rupture-interaction process) का संकेत देती है.

हालांकि, आम तौर पर इन्हें मानचित्रों पर बिंदुओं के रूप में दर्शाया जाता है, लेकिन इस आकार के भूकंपों को एक बड़े फॉल्ट क्षेत्र पर होने वाली फिसलन के रूप में वर्णित करना अधिक उपयुक्त है. 24 जून 2026 के भूकंप के आकार की स्ट्राइक-स्लिप घटनाएं आमतौर पर लगभग 150 x 20 किमी (लंबाई x चौड़ाई) की होती हैं.

Venezuela में Earthquake का कहर, 235 लोगों की मौत, हजारों घायल; राहत कार्य जारी

वेनेजुएला में भूकंप का इतिहास

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, वेनेजुएला का उत्तरी हिस्सा यानी उत्तरी वेनेजुएला में बड़े और नुकसान पहुंचाने वाले भूकंपों का इतिहास रहा है. हालांकि, 24 जून 2026 को आए भूकंपों के ठीक 250 किलोमीटर के दायरे में, पिछली सदी में केवल सात ही ऐसे भूकंप आए हैं जिनकी तीव्रता 6 या उससे अधिक रही है. इस इलाके में हाल ही में सितंबर 2025 में एक डबल भूकंप आया था, जिसमें कम से कम एक मौत हुई, 110 से ज्यादा लोग घायल हुए. इस दौरान ज़ुलिया और लारा में काफी स्ट्रक्चरल नुकसान हुआ था.

सितंबर 2009 में, पूर्व-उत्तर-पूर्व में आए 6.4 तीव्रता के भूकंप ने मोरोन के पास 18 लोगों को घायल कर दिया और इमारतों को भारी नुकसान पहुंचाया. 1989 में आए 6.0 तीव्रता के भूकंप से वालेंसिया क्षेत्र में मामूली क्षति हुई थी. पश्चिम की ओर, अप्रैल 1975 में इस क्षेत्र में 6.1 तीव्रता का भूकंप आया था. आसपास के क्षेत्र में आया सबसे विनाशकारी भूकंप जुलाई 1967 में आया. यह 6.6 तीव्रता का राजधानी काराकास में आया था, जिसका केंद्र लगभग 131 किमी पूर्व में था. इस भूकंप से लगभग 240 लोगों की मौत हुई, सैकड़ों लोग घायल हुए और कई ऊंची इमारतें ढह गईं व भारी तबाही मची. वेनेजुएला के बड़े हिस्से में, 1900 के बाद से उत्तरी वेनेजुएला या तट के पास पांच बार 7 से अधिक तीव्रता के भूकंप आए हैं.

दुनिया के बड़े और विनाशकारी भूकंप

  • 1960 में चिली के मध्य में स्थित बायोबियो शहर में 9.5 तीव्रता वाला भयानक भूकंप आया था. इसमें कुल 1655 लोगों की मौत हुई थी. वहीं 20 लाख लोग बेघर हो गए थे.
  • अमेरिका के अलास्का में साल 1964 में 9.2 तीव्रता वाले भूकंप ने शहर में तबाही मचा दी थी. आंकड़ों के अनुसार, अलास्का में आए इस भूकंप और उसके बाद की सुनामी में करीब 130 लोगों की मौत हुई थी. करीब 2.3 बिलियन डॉलर का नुकसान हुआ था.
  • साल 2004 में इंडोनेशिया में 9.1 तीव्रता वाला भूकंप आया था. भूकंप के साथ आई सुनामी में करीब 2 लाख 80 हजार लोगों की मौत हो गई थी. वहीं, 11 लाख लोग बेघर हो गए थे.
  • साल 2011 में जापान के तोहोकू में 9.1 तीव्रता वाला भूकंप आया था. भूकंप और उसके बाद आई सुनामी में करीब 15 हजार से अधिक लोग मारे गए थे. 1 लाख 30 से अधिक लोग प्रभावित हुए थे.
  • 2010 में एक बार फिर से चिली के मध्य में स्थित बायोबियो शहर को भूकंप आया. क्विरिहुए शहर के पास समुद्र में आए 8.8 की तीव्रता वाले इस भूकंप से 523 लोगों की मौत हुई थी. 3 लाख 70 हजार से अधिक घर तबाह हुए थे.
  • वर्ष 1950 में देश के अरुणाचल प्रदेश में 8.6 तीव्रता का भूकंप आया था. इसे असम-तिब्बत भूकंप के नाम से भी जाना जाता है. आंकड़ों के अनुसार, भूकंप से मची तबाही में करीब 780 लोगों की मौत हुई थी.

सूनी आंखें, बिखरे आशियाने: अपनों को खोने के गम में डूबा वेनेजुएला, मदद को उठे दुनियाभर के हाथ

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?