Venezuela Earthquake: वेनेजुएला में एक के बाद एक आए दो भीषण भूकंपों ने तबाही मचा दी है. पहले 7.1 की तीव्रता और उसके कुछ ही मिनटों बाद 7.5 की तीव्रता वाले भूकंप ने वेनेजुएला को सदी के सबसे बड़े भूकंपों में एक से कंपा के रख दिया है. इस प्राकृतिक आपदा से राजधानी काराकस में कई इमारतें जमींदोज हो गई हैं. चारों ओर चीख पुकार का माहौल दिखा. भूकंप से कई लोगों के मारे जाने की आशंका है. हालांकि, अभी तक इसको लेकर कोई आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं और राहत बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार शाम को वेनेजुएला में एक के बाद एक आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने राजधानी काराकस में कई इमारतों को ढहा दीं. इसमें कई लोगों के दबे होने की आशंका है.
जमीन से मात्र 10 किलो मीटर अंदर था केंद्र
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बताया कि पहले भूकंप की तीव्रता 7.1 थी और इसका केंद्र कैरेबियाई तट पर स्थित मोरोन बस्ती के पश्चिम में था, जो राजधानी कराकस से लगभग 168 किलोमीटर पश्चिम में है. भूकंप की गहराई 13 किलोमीटर थी.
पहले भूकंप के कुछ ही मिनटों बाद, यूएसजीएस ने 7.5 तीव्रता के एक और बड़े भूकंप की सूचना दी. दूसरे भूकंप का केंद्र मोरोन से 16 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था और इसकी गहराई मात्र 10 किलोमीटर थी.
ये भूकंप इतने तेज और तीव्र गति वाले थे कि इसके झटके अमेरिका और जापान तक भी महसूस किए गए. जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने प्यूर्टो रिको और वर्जिन द्वीप समूह के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया है.
राजधानी कराकस में कई इमारतें जमींदोज
जानकारी के अनुसार, वेनेजुएला के गृह मंत्री डियोसडाडो कैबेलो ने कहा कि भूकंप के झटके कई राज्यों में महसूस किए गए. उन्होंने बताया कि कराकस के अल्तामिरा इलाके में घर और इमारतें ढह जाने से चिंताजनक स्थिति उत्पन्न हो गई है.
वहीं, काराकस में लोग हिलती-डुलती इमारतों से बाहर निकलकर खुले में भागते हुए दिखे. कई लोग ढह चुकी पूरी दीवारों को देखकर सदमे में थे, जिनके कारण सड़क से फर्नीचर और इमारतों के मलबे दिखाई दे रहे थे. राजधानी के दो इलाकों में धूल के गुबार भी देखे जा सकते थे, जहां आमतौर पर रेस्तरां और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठान व्यस्त रहते हैं.
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें- गृह मंत्री
गृह मंत्री ने यह भी संकेत दिया कि भूकंप में लोग घायल हुए हैं और वाहन चालकों से एम्बुलेंस और अन्य इमरजेंसी वाहनों को रास्ता देने के लिए कहा गया है.
उन्होंने कहा, “हम समझते हैं कि कुछ लोग हताश हो सकते हैं, लेकिन हम प्रोटोकॉल के अनुसार उन लोगों की मदद और बचाव कार्य शुरू कर रहे हैं जिन्हें इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है,” गृह मंत्री कैबेलो ने एक सरकारी टेलीविजन पर कहा, “बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें; एक-दूसरे से बात करें और सुनिश्चित करें कि किसी को कोई नुकसान न पहुंचा हो.”
इंडोनेशिया में भीषण भूकंप: 6.7 की तीव्रता से दहला सुलावेसी द्वीप, खुले आसमान के नीचे आए लाखों लोग
News Source: PTI
