West Asia Conflict: पश्चिम एशिया में जारी तनाव और संघर्ष को खत्म करने की कोशिश की जा रही है. इसको लेकर ईरान और अमेरिका के बीच बातें काफी हद तक सही भी होने की बात कही जा रही है. इसके साथ ही दोनों देशों के बीच शांति समझौते को लेकर बहुत ही जल्दी चीजें सही करने की भी बात कही जा रही है. बीते दिनों इसको लेकर ट्रंप ने कहा था कि वह ईरान पर हमला नहीं करेंगे और समझौते को लेकर बातचीत को पूरी होने का भी संकेत दिया था.
इस बीच अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय जहाजों पर हमले के लिए ईरान पर बहुत ही गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने दावा किया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले भारतीय जहाजों पर ईरान के द्वारा ड्रोन हमले की कोशिश की गई. ट्रंप के इस आरोप व दावे का तेहरान ने खंडन किया है. आइए जानते हैं पूरी खबर.
होर्मुज में भारतीय जहाजों पर ईरान का हमला अस्वीकार्य- ट्रंप
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) से निकल रहे भारतीय जहाजों पर ड्रोन हमले करने का आरोप लगाया और इस कथित कार्रवाई को पूरी तरह से अस्वीकार्य बताया. अमेरिकी प्रेसिडेंट ट्रंप ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा, “होर्मुज जलडमरूमध्य से निकल रहे भारतीय जहाजों पर कल रात ईरान द्वारा किया गया ड्रोन हमला पूरी तरह से विफल कर दिया गया, यह बिल्कुल अस्वीकार्य है.”
उसी पोस्ट में, ट्रंप ने ईरान पर शांति समझौते की शर्तों को मीडिया में लीक करने का भी आरोप लगाया, जिनका विचाराधीन मुद्दों से कोई लेना-देना नहीं था.
अमेरिकी राष्ट्रपति का आरोप सरासर निराधार- ईरान
वहीं, भारतीय जहाजों पर ईरान के हमले के ट्रंप के दावे को तेहरान ने बेबुनियाद बताते हुए पूरी तरह से खारिज कर दिया है. जी हां, भारत में स्थित ईरानी दूतावास ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “होर्मुज जलडमरूमध्य में एक भारतीय जहाज के संबंध में ईरान पर अमेरिकी राष्ट्रपति का आरोप सरासर निराधार है.” इस पोस्ट में आगे कहा गया, “यह जनता का ध्यान इस क्रूर तथ्य से हटाने का प्रयास है कि अमेरिका ने एक सप्ताह से भी कम समय में 3 भारतीय जहाजों पर हमला किया और 3 निर्दोष भारतीय नाविकों को मार डाला. यह बेहद दुखद है!”
भारतीय चालक दल वाले तीन जहाजों पर हमला
बता दें कि इस हफ्ते ओमान तट के पास भारतीय चालक दल वाले तीन जहाजों पर हमला हुआ था. इनमें से एक हमले में बुधवार को तीन भारतीय नाविकों की मौत भी हो गई थी. इस हमले को अमेरिका के द्वारा किया गया बताया गया था.
ट्रंप की ये टिप्पणी भी तब आई है जब भारत ने ओमान तट के पास भारतीय नागरिकों को ले जा रहे वाणिज्यिक जहाजों पर अमेरिकी हमलों के विरोध में नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के चार्ज डी’अफेयर्स को तलब किया था. भारत ने वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों को बेहद चिंताजनक बताया था.
आर्थिक दबाव में इंडोनेशिया: महंगाई पर फूटा गुस्सा, जकार्ता में सड़कों पर उतरे हजारों छात्र
News Source: PTI
