Iran US Peace Deal: ईरान और अमेरिका के बीच बीते 28 फरवरी से जारी संघर्ष अब अपने अंतिम चरण की ओर है. दोनों देश एक शांति समझौते की ओर तेजी के साथ आगे बढ़ रहे हैं. इसकी जानकारी अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने भी दी थी.
अब इसको लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी दावा किया है. बता दें कि ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव को खत्म करने के लिए पाकिस्तान को मध्यस्थता का काम मिला है. इसकी घोषणा खुद अमेरिकी प्रेसिडेंट ट्रंप ने की थी. अब पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ (Shehbaz Sharif) ने कहा है कि अमेरिका और ईरान युद्ध समाप्त करने के समझौते के शब्दों पर सहमत हो गए हैं. वहीं, इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि इजरायल इस समझौते का हिस्सा नहीं है. उन्होंने इस डील को ठुकरा दिया है.
शांति पहले कभी इतनी करीब नहीं जितनी अब- शरीफ
मिली जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शुक्रवार को कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका और ईरान मध्य पूर्व में अपने युद्ध को समाप्त करने के उद्देश्य से एक समझौते के शब्दों पर सहमत हो गए हैं. उन्होंने बताया कि मध्यस्थ दोनों पक्षों के साथ एक समझौते को अंतिम रूप देने के लिए काम कर रहे हैं.
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि अमेरिका और ईरान एक अंतिम सहमत मसौदे पर पहुंच गए हैं. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान, जिसने मध्यस्थता प्रयासों में अग्रणी भूमिका निभाई है, युद्धरत देशों के साथ अगले कदमों पर काम कर रहा है. शरीफ ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, “शांति पहले कभी इतनी करीब नहीं थी जितनी अब है.”
बता दें कि बातचीत में यह सफलता इस सप्ताह तीन दिनों तक ईरान द्वारा अमेरिका और इजरायल के साथ गोलीबारी करने के बाद मिली है. इससे मध्य पूर्व में पूर्ण पैमाने पर युद्ध की स्थिति उत्पन्न होने का खतरा पैदा हो गया था.
समझौता पहले कभी इतना करीब नहीं- ईरानी विदेश मंत्री
वहीं, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक X हैंडल पर एक पोस्ट में कहा कि समझौता पहले कभी इतना करीब नहीं था. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जिन्होंने हाल के हफ्तों में कई बार कहा है कि दोनों देश एक समझौते के कगार पर हैं, ने अराघची की पोस्ट को अपने सोशल मीडिया पर साझा किया.
शुक्रवार को ईरानी सरकारी टीवी पर ईरानी विदेशी मंत्री अराघची ने बताया कि दोनों पक्ष युद्ध की समाप्ति की घोषणा करने वाले प्रारंभिक समझौते पर हस्ताक्षर करने की दिशा में काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि फाइनल समझौते पर बातचीत के दौरान अगले 60 दिनों में ईरान के परमाणु कार्यक्रम से संबंधित शर्तों को अंतिम रूप दिया जाएगा.
इजरायल इस समझौते का हिस्सा नहीं- पीएम नेतन्याहू
वहीं, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने कहा है कि इजरायल इस समझौते का हिस्सा नहीं है जिस पर बातचीत चल रही है. उन्होंने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि वह और ट्रंप इस बात पर पूरी तरह सहमत हैं कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए.
इजरायल के रक्षा मंत्री इसराइल काट्ज ने एक अलग बयान में कहा कि इजरायल को उम्मीद है कि ट्रंप ईरान के मिसाइल कार्यक्रम और प्रॉक्सी नेटवर्क को कमजोर करने सहित प्रमुख इजरायली हितों को बरकरार रखेंगे.
बता दें कि अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त रूप से बीते 28 फरवरी को ईरान पर हमले किए थे. उसके बाद युद्ध की शुरुआत हो गई थी. अमेरिका और इजरायल दोनों ही चाहते हैं कि ईरान परमाणु हथियार न बनाए. हालांकि, इजरायल, ईरान के प्रॉक्सी नेटवर्क जैसे कि लेबनान में हिजबुल्लाह, लाल सागर में हूती विद्रोही को लगातार कमजोर और यहां तक कि खत्म करने की बात कहते रहा है.
West Asia Conflict: ‘भारतीय जहाजों पर ईरान का ड्रोन हमला…’, ट्रंप के दावे पर तेहरान ने क्या कहा?
News Source: PTI
