Indians Injured in Hormuz: मंगलवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय पनामा के झंडे वाले एक कमर्शियल जहाज पर एक प्रोजेक्टाइल (मिसाइल या रॉकेट जैसा हथियार) से हमला हुआ, जिसमें 11 भारतीय क्रू सदस्य घायल हो गए. नई दिल्ली ने इस घटना की कड़ी निंदा की है. ‘MT On Peace’ नाम के इस जहाज पर 19 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें 17 भारतीय नागरिक शामिल थे. विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, इस हमले में कुल 12 क्रू सदस्य घायल हुए, जिनमें से 11 भारतीय थे.
जहाजों पर हमले रोकने की मांग
विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करते हुए कहा, “हम आज ओमान के तट के पास पनामा के झंडे वाले कमर्शियल जहाज ‘MT On Peace’ पर हुए हमले की निंदा करते हैं. होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय इस जहाज पर एक प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया था.” मंत्रालय ने कहा, “कुल 19 क्रू सदस्यों में से 17 भारतीय नागरिक हैं. जानकारी मिली है कि 12 क्रू सदस्य घायल हुए हैं, जिनमें 11 भारतीय नागरिक शामिल हैं.” विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस इलाके में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले भारत के लिए “गहरी चिंता का विषय” बने हुए हैं. मंत्रालय ने कहा, “हम इस इलाके में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए ऐसे हमलों को तुरंत रोकने की अपनी मांग दोहराते हैं.”
Statement on the attack on a commercial vessel MT On Peace, off the coast of Oman 🔗 https://t.co/nuE2vv3x8k https://t.co/9KE13wy5UY
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) October 6, 2026
ओमान ने की मदद
मंत्रालय ने आगे कहा, “इस इलाके में कमर्शियल जहाजों, नाविकों और आम लोगों के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से जहाजों की आवाजाही और व्यापार को जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए.” विदेश मंत्रालय ने बताया कि ओमान के अधिकारियों की मदद से जहाज के नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. मंत्रालय ने कहा, “ओमान के अधिकारियों की मदद से घायल क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और उनका ओमान के खसाब में इलाज चल रहा है. हम ओमान के अधिकारियों को उनकी बहुमूल्य मदद के लिए धन्यवाद देते हैं.”
काला सागर में दो नाविकों की मौत
इसके अलावा, भारत ने काला सागर में मर्चेंट जहाज ‘रोयाद मम्मादोव’ (Royad Mammadov) पर हुए हमले की भी निंदा की. इस हमले में दो विदेशी नाविकों मारे गए और भारतीय नागरिकों सहित क्रू के कुछ सदस्य घायल हो गए. विदेश मंत्रालय ने कहा, “घायलों को रोमानिया के अधिकारियों ने बचाया है और उनका इलाज चल रहा है. जहाज के क्रू में शामिल तीन भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं.”
नई दिल्ली ने घटना के बाद “तेजी से कार्रवाई” करने के लिए रोमानिया के अधिकारियों का धन्यवाद किया. विदेश मंत्रालय ने कहा “भारत कमर्शियल शिपिंग और समुद्री कर्मचारियों पर हो रहे इन हमलों को बहुत गंभीरता से लेता है. इंटरनेशनल वॉटरवेज में जहाजों को निशाना बनाने से ग्लोबल व्यापार और दुनिया भर के लोगों की भलाई पर बुरा असर पड़ रहा है. हम जारी संघर्षों को खत्म करने के लिए बातचीत और कूटनीति की अपील करते रहते हैं.”
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में कुवैत के तेल टैंकर पर मिसाइली हमला, सुरक्षित बचाए गए 5 भारतीय नागरिक
News Source: ANI
