Indonesian Ship: इंडोनेशिया में रविवार को जावा सागर में एक जहाज पलट गया. हादसे में एक की मौत हो गई, जबकि 140 यात्री और चालक दल (क्रू) के सदस्य लापता हैं. जहाज में 240 से ज्यादा यात्री सवार थे. अब तक 102 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है. इंडोनेशिया के जावा सागर में रविवार को खराब मौसम के कारण 240 से अधिक लोगों को ले जा रहा एक जहाज (‘वर्गा ट्रांसपोर्ट 8’) पलट गया. हादसे के बाद लगभग 140 यात्री और चालक दल (क्रू) के सदस्य लापता हैं.
102 लोगों को बचाया गया
अधिकारियों ने बड़े पैमाने पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया है. अब तक 102 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है, जबकि एक यात्री का शव बरामद हुआ है. खोज और बचाव कार्यालय के प्रमुख आई पुतु सुदायाना ने बताया कि यह जहाज पूर्वी जावा (सुरबाया) से दक्षिण कालीमंतन प्रांत (बंजारमासिन) जा रहा था. सुदायाना ने कहा कि जहाज के कप्तान ने संकट का संदेश भेजने से पहले समुद्र में खराब हालात और 10 फीट तक ऊंची लहरों की सूचना दी थी और कहा था कि जहाज एक तरफ झुक रहा है. खोज और बचाव कार्यालय के प्रमुख आई पुतु सुदायाना ने बताया कि बाद में अधिकारियों को जानकारी मिली कि जहाज पलट गया है. हेलीकॉप्टर और जहाजों की मदद से तलाशी अभियान जारी है.
सुराबाया से बंजारमासिन के लिए हुआ था रवाना
दक्षिण कालीमंतन के शहर बंजारमासिन में बचाव एजेंसी ने बताया कि रविवार दोपहर लगभग 2 बजे ‘वर्को ट्रांसपोर्ट 8’ से संपर्क टूटने के दो घंटे बाद उन्हें घटना की सूचना मिली. यह जहाज पूर्वी जावा प्रांत में इंडोनेशिया के दूसरे सबसे बड़े शहर सुराबाया से बोर्नियो द्वीप पर स्थित बंजारमासिन के लिए रवाना हुआ था. सुदायाना ने एक वीडियो ब्रीफिंग में कहा कि जहाज के ऑपरेटर ने खराब मौसम का सामना करने की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों को घटना की सूचना दी. उन्होंने कहा कि तत्काल एक बचाव जहाज ‘वर्को ट्रांसपोर्ट 8’ भेजा गया. शुरुआती जानकारी से पता चला कि जहाज़ की आखिरी लोकेशन जावा सागर में थी, जो बंजारमासिन के एक घाट से लगभग 148 किलोमीटर दूर है.
खराब मौसम बना हादसे का सबब
जहाज़ के रिकॉर्ड के मुताबिक, इसमें 243 लोग सवार थे, जिनमें 213 यात्री और 30 क्रू मेंबर शामिल थे. खोज अभियान का समन्वय कर रहे सुदायाना ने बताया कि एजेंसी समुद्री अधिकारियों और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रही है और साथ ही इलाके में मौसम की स्थिति पर भी बारीकी से नज़र रख रही है. उन्होंने बताया कि आसपास मौजूद टगबोट और अन्य जहाज़ों की मदद से खोज टीमों ने रविवार दोपहर तक 102 लोगों को बचाया और एक शव बरामद किया. यह जहाज शनिवार सुबह 10:33 बजे इंडोनेशिया के दूसरे सबसे बड़े शहर सुराबाया से रवाना हुआ था और इसे रविवार दोपहर करीब 2 बजे बंजारमासिन पहुंचना था. सुदायाना ने बताया कि खराब मौसम के कारण हादसा हुआ.
यात्रियों और गाड़ियों दोनों के लिए इस्तेमाल होता था जहाज
जापान में बना ‘वर्जिनो ट्रांसपोर्ट 8’ यात्रियों और गाड़ियों, दोनों को ले जाने के लिए डिज़ाइन किया गया था. इंडोनेशिया 17,000 से ज़्यादा द्वीपों का एक समूह है, जहां यात्रा के लिए जहाज का इस्तेमाल आम है. पिछले महीने इंडोनेशिया के टूरिस्ट आइलैंड बाली के पास खराब मौसम और ऊंची लहरों के बीच आग लगने के बाद एक इंडोनेशियाई जहाज से कम से कम 211 लोगों को बचाया गया था. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य लोग लापता थे. यह घटना जावा के मुख्य द्वीप के पास ‘मुटियारा सेंटोसा 2’ नाम की एक और इंडोनेशियाई जहाज में आग लगने की घटना के दो हफ़्ते से भी कम समय में हुई, जिसमें कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई थी. रविवार को हुई यह दुर्घटना फिलीपींस में एक पैसेंजर जहाज में आग लगने की घटना के ठीक चार दिन बाद हुई है, जिसमें कम से कम 76 लोगों की मौत हो गई थी और 10 से ज़्यादा लोग अभी भी लापता हैं.
होर्मुज जलडमरूमध्य में फिर मचा हड़कंप! ईरानी जहाज़ पर हमला, एक की मौत और 4 लोग घायल
News Source: PTI
