Middle East Tension: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ईरान के एक कमर्शियल जहाज को निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई है. रविवार तड़के केशम द्वीप के पास हुए इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई. यह घटना तेहरान द्वारा क्षेत्रीय देशों को इलाके में शिपिंग ट्रैफिक को मैनेज करने की अपनी विवादित कोशिशों के बारे में जानकारी देने से एक दिन पहले हुई. सरकारी समाचार एजेंसी IRNA ने केशम के गवर्नर के हवाले से बताया कि हमले के लिए एक ‘आतंकवादी दुश्मन’ जिम्मेदार है. उन्होंने बताया कि मृतक कार्गो जहाज के 10 सदस्यीय क्रू का हिस्सा था. अधिकारियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि जहाज पर किस तरह का हथियार या वस्तु से हमला किया गया.
अमेरिकी सेना पहले भी कर चुकी है हमला
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स मॉनिटर ने रिपोर्ट दी कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरते जहाज पर किसी चीज से हमला हुआ है. इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई. साथ ही अमेरिका की तरफ से भी तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. अमेरिकी सेना पहले भी ईरानी झंडे वाले जहाजों पर हमला कर चुकी है और वह लगातार ईरानी पोर्ट पर भी नाकेबंदी बनाए हुए है. उसे हाल के दिनों में अपने युद्धपोतों पर दागी गई बैलिस्टिक मिसाइलों से नए खतरों का सामना करना पड़ा है. बता दें कि बंदर अब्बास बंदरगाह शहर से करीब 22 किलोमीटर दूर स्थित केशम द्वीप, होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए ईरान का महत्वपूर्ण इलाका है.
अमेरिका ने ईरान पर किया एक और हमला, कुवैत, बहरीन व कतर में बजे मिसाइल अलर्ट सायरन
लाल सागर पर हूतियों ने थामा मोर्चा
साथ ही यह हमला ऐसे वक्त में हुआ है जब इस इलाके में तनाव चरम पर है. 28 फरवरी को अमेरिकी और इजरायल के संयुक्त हमले के बाद से ही यह अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग प्रभावित है. तेल, प्राकृतिक गैस और उनसे जुड़े उत्पादों की वैश्विक कीमतें बढ़ गई है. अब यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोही शिपिंग के एक अहम विकल्प लाल सागर के दक्षिणी छोर पर स्थित बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य पर दबाव बना रहे हैं. हालांकि, हूतियों कहना है कि वे केवल सऊदी अरब को निशाना बना रहे हैं.
अमेरिका अपनी नाकेबंदी खत्म करें
वहीं, ईरान ने शनिवार को कहा कि क्षेत्रीय देशों के विदेश मंत्री, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर शिपिंग को संभालने के लिए ईरान और ओमान के प्रयासों पर चर्चा करने के लिए बैठक करेंगे. हालांकि, बहरीन पहले ही कह चुका है कि वह इसमें शामिल नहीं होगा. साथ ही अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इसमें कौन-कौन से देश शामिल होंगे. ईरान ने कहा कि होर्मुज पर ओमान के साथ समझौता होने का मतलब यह नहीं है कि इसे शिपिंग के लिए खोल दिया जाएगा. ईरान के राष्ट्रपति ने शनिवार को एक भारतीय चैनल पर कहा था कि जलमार्ग इस शर्त पर खोला जाएगा कि अमेरिका अपनी नाकेबंदी खत्म कर दें.
‘आखें नहीं मिली, उसके बाद भी 4 घंटे बात…’ क्या परमाणु बम पर ईरान और अमेरिका में बनेगी बात?
News Source: PTI
