Nvidia CEO Controversy: दुनिया की दिग्गज AI चिप कंपनी एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग इन दिनों एक बड़े विवाद में घिरे हुए हैं. दरअसल, उनके कथित निजी संबंधों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े आरोपों ने कंपनी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. अब इस मामले में एक नया खुलासा हुआ है. रिपोर्ट के मुताबिक, वॉल स्ट्रीट की शॉर्ट सेलिंग फर्म कलपर रिसर्च ने मई 2026 में ही हुआंग के एलिस हुआंग नाम की महिला से संबंधों को लेकर सवाल उठाए थे. एलिस पर चीनी खुफिया एजेंसी से जुड़े होने का आरोप है. CBS न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, कलपर रिसर्च ने 13 मई को करीब 40 पन्नों की एक रिपोर्ट जारी की थी. इसमें एनवीडिया, साउथ-ईस्ट एशिया की कंपनी मेगास्पीड और एलिस हुआंग के बीच कथित संबंधों का जिक्र किया गया था. हालांकि, ये ध्यान रखना जरूरी है कि कलपर रिसर्च ने अपनी रिपोर्ट में एनवीडिया के शेयरों में गिरावट से मुनाफा कमाने के लिए दांव लगाया हुआ था. यानी कंपनी की रिपोर्ट को इसी कारोबारी हित के संदर्भ में भी देखा जाना चाहिए.
मेगास्पीड और एलिस हुआंग का कनेक्शन
कलपर रिसर्च ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि एनवीडिया ने मेगास्पीड का कई बार समर्थन किया है. ये कंपनी साउथ-ईस्ट एशिया में एनवीडिया की सबसे बड़ी चिप खरीदार बताई गई थी. ये अमेरिकी और सिंगापुर के अधिकारियों की जांच के दायरे में थी. रिपोर्ट में कहा गया कि जेन्सेन हुआंग और एलिस हुआंग को जून 2024 में एक पार्टी में साथ देखा गया था. इसके बाद मई 2025 में ताइवान में दोनों के साथ डिनर करने की बात भी कही गई. रिपोर्ट में मेगास्पीड के एक मौजूदा कर्मचारी के हवाले से दावा किया गया कि, हुआंग कंपनी से जुड़े डेटा सेंटरों का दौरा करते समय अक्सर अलीबाबा के प्रतिनिधियों के साथ आते थे. इन दावों ने एनवीडिया के कारोबार और उसकी संवेदनशील तकनीक को लेकर सवाल खड़े किए हैं. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र जांच और पुष्टि होना अभी बाकी है.
Nvidia के CEO पर इस्तीफे का दबाव! चीनी जासूस से रिश्तों के आरोपों ने बढ़ाई जेन्सेन की मुश्किलें
शेयरों में भी बड़ी गिरावट
विवाद का असर कंपनी के शेयरों पर भी दिखाई दिया. CBS न्यूज के मुताबिक, बुधवार को कारोबार बंद होने के बाद एनवीडिया के शेयरों में 8 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आई. इसकी कीमत 159.51 डॉलर तक पहुंच गई. रिपोर्ट के अनुसार, 8 नवंबर को जांच की खबर सामने आने के बाद से कंपनी के बाजार मूल्य में 450 अरब डॉलर से ज्यादा की कमी आ चुकी थी. इस बीच, वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में दावा किया गया कि, एनवीडिया का बोर्ड जेन्सेन हुआंग को CEO पद से हटाने की तैयारी कर रहा है. हालांकि, बोर्ड की तरफ से ऐसी किसी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
शुरू कराई स्वतंत्र जांच
हुआंग ने अपने निजी संबंधों को लेकर कर्मचारियों के सामने अपनी गलती स्वीकार की है. रिपोर्टों के मुताबिक, उन्होंने कर्मचारियों के साथ बैठक में अपनी बेवफाई पर अफसोस जताया. इसके बाद एनवीडिया के बोर्ड ने मामले की स्वतंत्र जांच शुरू कराई. इस जांच की जिम्मेदारी अमेरिकी लॉ फर्म वाक्टेल, लिप्टन, रोज़ेन एंड कैट्ज़ को सौंपी गई है. विवाद के बीच दी न्यू यौर्क टाइम्स की एक औऱ रिपोर्ट में हुआंग के एनवीडिया की वाइस प्रेसिडेंट किम्बर्ली पॉवेल के साथ कथित संबंधों का भी दावा किया गया है. हालांकि, ये दावा अलग रिपोर्ट पर आधारित है और इसकी भी पुष्टि होना बाकी है. गौर करने वाली बात ये है कि, जेन्सेन हुआंग ने 1993 में एनवीडिया की सह-स्थापना की थी. आज कंपनी दुनिया की प्रमुख AI चिप निर्माता कंपनियों में शामिल है. ऐसे में CEO से जुड़े विवाद का असर सिर्फ उनकी छवि पर नहीं, बल्कि कंपनी के कारोबार और AI इंडस्ट्री में उसकी स्थिति पर भी पड़ सकता है. अब सबकी नजर बोर्ड की जांच और आगे होने वाले फैसलों पर है.
News Source: ANI
अब जापान में नौकरी और व्यापार कर सकेंगे ओडिशा के युवा, CM और गवर्नर ने की खास साझेदारी
