Plane Crash: अफ्रीकी देश कांगो में भीषण विमान हादसे में 17 लोगों की मौत हो गई. देश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में कांगो सेना का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों समेत 17 लोगों की मौत हो गई. अल जज़ीरा के अनुसार, शुक्रवार (स्थानीय समय) को यह विमान किकविट से राजधानी किंशासा जा रहा था, तभी उसमें तकनीकी खराबी आ गई. विमान ने केंगे में उतरने की कोशिश की, लेकिन लैंडिंग स्ट्रिप न होने के कारण विमान केंगे के एक रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
मृतकों में एक बच्चा भी
अल जज़ीरा ने क्वांगो के डिप्टी गवर्नर रेमी साकी बोकिंडा के हवाले से बताया कि लैंडिंग स्ट्रिप न होने के कारण विमान केंगे के एक रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. उन्होंने बताया कि ज़मीन से टकराने के बाद विमान में आग लग गई. बोकिंडा ने बताया कि मलबे में लगी आग पर काबू पाने के बाद अधिकारियों को 16 वयस्कों और एक बच्चे का शव मिला, जिससे मरने वालों की संख्या शुरुआती 13 से बढ़कर 17 हो गई. अल जज़ीरा के मुताबिक, कांगो सेना ने बताया कि दुर्घटना में मारे गए लोगों में दो वरिष्ठ सैन्य अधिकारी हाई मिलिट्री कोर्ट के पहले अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल जोसेफ मुटोम्बो और सेना के ऑडिटर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल लुसियन रेने लिकुलिया शामिल थे.
कांगो के राष्ट्रपति ने जताया दुख
कांगो के राष्ट्रपति फेलिक्स एंटोनी त्शिसकेदी त्शिलोम्बो ने क्वांगो प्रांत के केंगे में हुए विमान हादसे पर दुख जताया और कहा कि इस दुर्घटना में वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों की जान चली गई, जिनमें हाई मिलिट्री कोर्ट के पहले अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल मुटोम्बो कतालई टिएंडे जोसेफ और FARDC के ऑडिटर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल लिकुलिया बाकुमी लुसियन रेने शामिल हैं. उन्होंने पीड़ितों के परिवारों और देश के सशस्त्र बलों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए केंगे में हुए विमान हादसे की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं ताकि दुर्घटना के सही हालात और कारणों का पता लगाया जा सके. कांगो के राष्ट्रपति कार्यालय के आधिकारिक X अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा गया कि राष्ट्रपति फेलिक्स-एंटोनी त्शिसेकेदी त्शिलोम्बो को शुक्रवार (25 सितंबर)को क्वांगो प्रांत के केंगे में हुए विमान हादसे के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ.
दी श्रद्धांजलि, जांच के आदेश
FARDC के जनरल स्टाफ़ से मिली जानकारी के अनुसार, इस हादसे में हाई मिलिट्री कोर्ट के पहले अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल मुटोम्बो कतालई टिएंडे जोसेफ और FARDC के ऑडिटर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल लिकुलिया बाकुमी लुसियन रेने के साथ-साथ प्रतिनिधिमंडल और क्रू के कई अन्य सदस्यों की जान चली गई. सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर के तौर पर राष्ट्राध्यक्ष ने सभी मृतकों की याद में सिर झुकाया और देश की सेवा के प्रति उनके समर्पण को श्रद्धांजलि दी. पोस्ट में आगे कहा गया कि उन्होंने संबंधित विभागों को इस हादसे के सही हालात और कारणों का पता लगाने के लिए गहन जांच करने का निर्देश दिया है. इस दुखद घड़ी में, राष्ट्रपति ने मृतकों के परिवारों और प्रियजनों के साथ-साथ कांगो के सभी सशस्त्र बलों के प्रति भी अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कांगो की जनता से इस कठिन समय में चिंतन और एकता का भाव रखने का आह्वान किया है.
पाकिस्तान में बड़ा बम धमाका, पुलिस चेकपोस्ट बनी निशाना; 11 लोगों की मौत, 20 घायल
News Source: ANI
