Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच करीब 4 वर्षों से अधिक समय से संघर्ष और रुक-रुक कर युद्ध जारी है. इसमें दोनों देशों को मिलाकर करीब 2 लाख से अधिक लोगों की जान जा चुकी है वहीं, कई करोड़ रुपयों की संपत्ति और सामानों का नुकसान भी हुआ है. रूस और यूक्रेन के बीच जारी यह संघर्ष अभी भी रुकते हुए नहीं दिख रहा है. इस बीच यूक्रेन के प्रेसिडेंट वलोडिमिर जेलेंस्की ने रूस के द्वारा यूक्रेन पर बड़े हमले का दावा किया है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने कीव पर बड़े पैमाने पर हमले किए हैं. इनमें उसने हाइपरसोनिक ओरेश्निक मिसाइल का भी इस्तेमाल किया है. इस हमले में कुछ लोगों के मारे जाने की भी बात कही जा रही है. आइए जानते हैं पूरी खबर.
मिसाइल से कीव के बिला त्सेरक्वा पर हमला- जेलेंस्की
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने रविवार को कीव पर हुए बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले के दौरान शक्तिशाली हाइपरसोनिक ओरेश्निक बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल किया है. इसमें कम से कम दो लोग मारे गए हैं. यह चार साल के युद्ध में तीसरी बार है जब इस हथियार का इस्तेमाल किया गया है.
भीषण हवाई हमले से यूक्रेन की राजधानी में सरकारी कार्यालयों, आवासीय भवनों और स्कूलों के पास स्थित इमारतों सहित कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है. जेलेंस्की ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में बताया कि परमाणु या पारंपरिक युद्धक सामग्री ले जाने में सक्षम ओरेश्निक मिसाइल ने कीव क्षेत्र के बिला त्सेरक्वा शहर पर हमला किया. टारगेट का तुरंत पता नहीं चल पाया है. रिपोर्ट के अनुसार, रूस ने नवंबर 2024 में पहली बार यूक्रेन के शहर निप्रो पर कई हथियारों से लैस ओरेश्निक मिसाइल का इस्तेमाल किया था. जनवरी में पश्चिमी लविव क्षेत्र में इसका दूसरी बार इस्तेमाल किया गया था.
दो की मौत 69 जख्मी- जेलेंस्की
जेलेंस्की ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, “आज रात, रूसियों ने कीव और हमारे अन्य शहरों और समुदायों पर हमला किया. अधिकतर मिसाइलें सीधे राजधानी को निशाना बनाकर दागी गईं—आम रिहायशी इमारतों और स्कूलों पर; उन्होंने एक किराने के बाजार को जला दिया—जो कीव के सबसे पुराने बाजारों में से एक है. रूसी हमले ने असल में चेर्नोबिल संग्रहालय को तबाह कर दिया, राष्ट्रीय कला संग्रहालय को नुकसान पहुंचाया, और उस इमारत को भी, जिसमें जर्मन ARD का ऑफिस था. अब तक मिली जानकारी के अनुसार, राजधानी में कुल 69 लोग घायल हुए हैं. अफसोस की बात है कि रूस के इस बेतुके हमले में दो लोगों की जान चली गई.”
उन्होंने आगे लिखा,”मैंने पहले ही फ्रांस के राष्ट्रपति और नॉर्वे के प्रधानमंत्री से बात कर ली है. आज हमारे साझेदारों के साथ और भी बातचीत होगी. उन सभी लोगों का धन्यवाद, जो रूस के इन कारनामों पर चुप नहीं रहते. वे सिर्फ हमारे लोगों के खिलाफ, हमारी यादों और इतिहास के खिलाफ—और उन तमाम चीजों के खिलाफ जंग लड़ रहे हैं, जो एक सामान्य मानवीय जीवन को आकार देती हैं. यह बेहद जरूरी है कि रूस इस बात को समझे कि इन तमाम अपराधों के लिए उसे जवाबदेह ठहराया जाएगा.”
मेरा अपार्टमेंट पूरी तरह से तबाह हो गया- कीव निवासी
रविवार सुबह के समय भी हमला जारी था और कीव तक और अधिक मिसाइलों और ड्रोन के पहुंचने की आशंका थी. कीव के सैन्य प्रशासन प्रमुख तैमूर टकाचेंको ने टेलीग्राम पोस्ट में कहा कि राजधानी के कई जिलों में आवासीय भवनों सहित 40 स्थानों पर नुकसान दर्ज किया गया है. पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, कीव निवासी 74 वर्षीय येवगेन जोसिन ने हमले को देखा है. उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्होंने विस्फोट की आवाज सुनी, वह अपने कुत्ते को पकड़ने के लिए दौड़े. उन्होंने आगे बताया कि फिर एक और धमाका हुआ और धमाके की लहर से हम दोनों एक सुई की तरह पीछे की ओर उछल गए. हम दोनों बच गए, मेरा अपार्टमेंट पूरी तरह से तबाह हो गया.
वहीं, मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि हमले में एक स्कूल की इमारत क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि लोग उसके अंदर शरण लिए हुए थे. स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि शहर भर में सुपरमार्केट और गोदाम भी क्षतिग्रस्त हुए हैं.
कितनी घातक है ओरेश्निक मिसाइल?
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि ओरेश्निक, जिसका रूसी भाषा में अर्थ “हेजलनट का पेड़” है, ध्वनि की गति से 10 गुना अधिक, यानी मैक 10 की गति से चलता है और “तीन, चार या उससे अधिक मंजिल नीचे” भूमिगत बंकरों को नष्ट करने में सक्षम है. पुतिन ने कहा कि यह हथियार “उल्कापिंड की तरह” यात्रा करता है और किसी भी मिसाइल डिफेंस सिस्टम से अप्रभावित है. उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की कई मिसाइलें, यहां तक कि पारंपरिक युद्धक हथियारों से लैस होने पर भी, परमाणु हमले जितनी ही विनाशकारी हो सकती हैं.
पाकिस्तान में ट्रेन में भीषण विस्फोट, 23 की मौत, 70 घायल, बलूच लिबरेशन आर्मी ने ली जिम्मेदारी
News Source: PTI
