Flight Ticket: अगर आप आने वाले दिनों में फ्लाइट से सफर करने की तैयारी कर रहे हैं, तो टिकट बुक करने से पहले एक बार किराया जरूर चेक कर लें. बढ़ते एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी ATF के दामों के बीच एयरलाइंस ने यात्रियों पर फ्यूल सरचार्ज का बोझ बढ़ाना शुरू कर दिया है. एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के बाद अकासा एयर ने भी घरेलू और इंटरनेशनल उड़ानों के लिए सरचार्ज बढ़ाने का ऐलान किया है. नए चार्ज 9 अक्टूबर से लागू होंगे.
कितना बढ़ेगा खर्च?
एयर इंडिया के मुताबिक, घरेलू उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज दूरी के हिसाब से होगा. ये 400 रुपये से लेकर 1,200 रुपये तक हो सकता है. यानी फ्लाइट जितनी लंबी होगी, यात्रियों को उतना और ज्यादा पैसा देना पड़ सकता है. वहीं, इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए फ्यूल सरचार्ज 55 डॉलर से 215 डॉलर के बीच रहेगा. ये अमाउंट फ्लाइट के रूट और देश के हिसाब से अलग-अलग होगा. इसके अलावा कंपनी ने कहा है कि पिछले कुछ महीनों में ATF की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. मिडिल ईस्ट में तनाव और दुनियाभर के एनर्जी मार्केट में दबाव की वजह से एयरलाइंस की लागत बढ़ी है. एयर इंडिया के अनुसार, एविएशन फ्यूल किसी एयरलाइन के कुल ऑपरेशनल खर्च का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा होता है.
यहां भी महंगा होगा सफर
एयर इंडिया एक्सप्रेस भी 9 अक्टूबर से बढ़ा हुआ फ्यूल सरचार्ज लागू करेगा. घरेलू उड़ानों पर दूरी के हिसाब से यात्रियों से 400 से 1,200 रुपये तक चार्ज लिया जाएगा. वहीं, इंटरनेशनल रूट पर भी एक्स्ट्रा सरचार्ज लागू होगा. इसका सीधा मतलब है कि आने वाले टाइम में फ्लाइट टिकट की कुल कीमत पर दबाव बढ़ सकता है. हालांकि, फ्यूल सरचार्ज और बेस फेयर अलग-अलग होते हैं, इसलिए हर रूट पर किराए में बढ़ोतरी एक जैसी नहीं होगी.
राहुल की लंच डिप्लोमेसी! धरने के लिए राजघाट जा रहे विपक्षी सांसद, कही ये बात
इस एयरलाइन ने भी बढ़ाए दाम
अकासा एयर ने भी घरेलू उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज दोबारा लागू करने का फैसला किया है. एयरलाइन के मुताबिक, घरेलू उड़ानों पर ये चार्ज दूरी के हिसाब से यानी, 375 रुपये से 1,150 रुपये तक रहेंगे. इंटरनेशनल फ्लाइट के लिए सरचार्ज 2,500 रुपये किया गया है. अकासा एयर ने कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव की वजह से ATF की कीमतों में लगातार दबाव बना हुआ है. कंपनी का कहना है कि सरचार्ज बढ़ाने का फैसला बढ़ती ईंधन लागत के असर को कुछ हद तक कम करने के लिए लिया गया है.
आपकी जेब पर कितना असर?
फ्यूल सरचार्ज बढ़ने का असर खासकर लंबी दूरी और इंटरनेशनल यात्राओं पर ज्यादा दिखाई दे सकता है. पहले से फ्लाइट टिकट, एयरपोर्ट फीस और दूसरी लागतों के बीच ये एक्स्ट्रा चार्ज यात्रियों का बजट बिगाड़ सकता है. हालांकि, एयरलाइंस का कहना है कि मौजूदा कदम बढ़ती ईंधन लागत के दबाव को संभालने के लिए जरूरी है. इससे पहले इंडिगो भी फ्यूल सरचार्ज बढ़ा चुका है. यानी महंगे तेल का असर अब धीरे-धीरे सीधे हवाई यात्रियों की जेब तक पहुंचता दिख रहा है.
News Source: ANI
‘300 सांसद शांतिपूर्ण विरोध…’ राजघाट मार्च के दौरान बोले राहुल; कहा- लोगों के साथ मारपीट की गई
