Congress Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतरी कांग्रेस के प्रदर्शन का आज तीसरा दिन है. पार्टी का कहना है कि देश में लोकतंत्र खत्म किया जा रहा है और इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और CEC ज्ञानेश कुमार जिम्मेदार हैं. इसी कड़ी में कांग्रेस ने तय किया है कि वह अब कनॉट प्लेस से राजघाट तक पैदल मार्च करेगी. राजघाट पहुंचकर कांग्रेस नेता गांधी स्मारक के पास ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेंगे.
वहीं, राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर भी हमला बोला है. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और मोहन भागवत ने ‘एक आपराधिक साजिश के जरिए भारत पर कब्जा कर लिया है.’
विरोध प्रदर्शन से रोका जा रहा
राहुल गांधी ने कहा कि राज्यसभा और लोकसभा के करीब 300 सांसद शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना चाहते हैं. हमें पिछले दो दिनों से विरोध प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है. पहले दिन हमें चुनाव आयोग के बाहर रोका गया. इसके बाद हमने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की इच्छा जताई, लेकिन हमें वहां भी रोका गया. इस दौरान हमारे लोगों के साथ मारपीट भी की गई. असलियत यह है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, ज्ञानेश कुमार और मोहन भागवत ने एक आपराधिक साजिश के जरिए भारत पर कब्जा कर लिया है. संविधान को नष्ट कर दिया है और वोट चुरा लिए हैं. उन्होंने आगे कहा कि हम आपको भरोसा दिलाते हैं कि कार्रवाई की जाएगी. यह हमारी गारंटी है. आप देखेंगे कि इन चारों लोगों को सज़ा मिलेगी.
खाने के साथ तैयार होगा प्रदर्शन का प्लान, INDIA ब्लॉक के सांसदों को CP में लंच कराएंगे खड़गे
धरने के लिए गांधी स्मारक जा रहे : खरगे
वहीं, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि INDIA गठबंधन के सदस्य शांतिपूर्ण धरने के लिए गांधी स्मारक जा रहे हैं. हम वहां बैठकर प्रार्थना करेंगे कि BJP सरकार, खासकर PM मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को यह समझ आए कि उनके काम देश के हित में नहीं हैं. चाहे वोट चोरी का मुद्दा हो, बढ़ती महंगाई हो, युवाओं की समस्याएं हों या उनके पैदा किए गए कोई और संकट, सब कुछ जनहित के खिलाफ है. इसीलिए हम प्रार्थना करने गांधी स्मारक जा रहे हैं. हम यह बताना चाहते हैं कि वे उस आजादी को छीन रहे हैं जो हमें मिली थी. वह आजादी जो पंडित जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी और वल्लभभाई पटेल जैसे महान नेताओं ने हमारे लिए हासिल की थी.
खरगे ने आगे कहा कि वे इसे खत्म करने की हर कोशिश कर रहे हैं. वे हमसे वोट देने का अधिकार छीन रहे हैं. हम वहां यह प्रार्थना करने जा रहे हैं कि उन्हें यह समझ आए कि वे हमसे वे अधिकार और आज़ादी न छीनें, जिनमें वोट देने का अधिकार भी शामिल है. इन महान नेताओं ने हमारे लिए हासिल किए थे. हम वहां बैठकर विरोध प्रदर्शन करेंगे.
राजघाट पहुंचा INDIA ब्लॉक
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा और अन्य INDIA ब्लॉक नेताओं को लेकर बस राजघाट पहुंची.
राहुल की लंच डिप्लोमेसी! धरने के लिए राजघाट जा रहे विपक्षी सांसद, कही ये बात
