Congress Politics: कांग्रेस हाईकमान ने यूपी और पंजाब के लिए प्रदेश अध्यक्षों का ऐलान कर दिया है. उत्तर प्रदेश की कमान आराधना मिश्रा को सौंपी गई है. जबकि पंजाब की जिम्मेदारी पूर्व ओलंपियन और हॉकी खिलाड़ी परगट सिंह को सौंपी गई है. आराधना मिश्रा, जिन्हें मोना के नाम से भी जाना जाता है, रामपुर खास से तीन बार की विधायक हैं. वह कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रमोद तिवारी की बेटी हैं और दो दशक से ज्यादा समय से राजनीति में सक्रिय हैं. प्रियंका गांधी वाड्रा की करीबी मानी जाने वाली आराधना मिश्रा ने उनके ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान में भी काम किया था. आराधना मिश्रा को अजय राय की जगह पर लाया गया है.
प्रियंका गांधी की करीबी हैं आराधना मिश्रा
प्रियंका गांधी की करीबी आराधना मिश्रा तीन बार विधायक रह चुकी हैं. उन्हें उत्तर प्रदेश की राजनीति की अच्छी समझ रखने वाली नेता के तौर पर देखा जाता है. उन्होंने अपने पिता से राजनीतिक विरासत संभाली है. प्रमोद तिवारी रामपुर खास से नौ बार विधायक रहे थे, जिसके बाद उन्होंने दिल्ली पर ध्यान केंद्रित किया और राज्यसभा सदस्य बने. प्रतापगढ़ की इस विधानसभा सीट पर तिवारी परिवार का लगातार 47 साल से प्रभाव रहा है. आराधना मिश्रा दो दशक से ज्यादा समय से राजनीति में सक्रिय हैं और प्रियंका गांधी वाड्रा के करीबी मानी जाती हैं. उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान में भी उनके साथ बड़े स्तर पर काम किया था.
परगट ने खेल की दुनिया से राजनीति में रखा कदम
पंजाब में संगठन को मज़बूत करने के एक बड़े कदम के तौर पर, कांग्रेस पार्टी ने भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और विधायक परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है. वे अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की जगह लेंगे. परगट सिंह जालंधर कैंट से विधायक हैं. पद्म श्री से सम्मानित परगट सिंह, जिन्होंने खेल की दुनिया से राजनीति में कदम रखा, जालंधर कैंट का प्रतिनिधित्व करते हैं और अपने बेबाक अंदाज़ के लिए जाने जाते हैं. आने वाली राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी समीकरणों को देखते हुए पार्टी आलाकमान ने उनकी लीडरशिप पर भरोसा जताया है. माना जा रहा है कि उनके अध्यक्ष बनने से राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश आएगा और गुटबाज़ी से जूझ रही कांग्रेस को ज़मीनी स्तर से जुड़े एक मज़बूत नेता की लीडरशिप मिलेगी.
राजा वडिंग ने सचिन पायलट पर बोला हमला
इससे पहले आज सुबह अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की राहुल गांधी के साथ लंबी मीटिंग हुई लेकिन मीटिंग के बाद राजा वडिंग ने जो कहा, उससे साफ हो गया कि राजा वडिंग के इस्तीफे से पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी कलह थमेगी नहीं. राजा वडिंग ने पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी सचिन पायलट पर इशारों इशारों में हमला किया. उन्होंने कहा कि सचिन पायलट को पंजाब का प्रभारी बने हुए एक महीना हो गया और वो एक महीने में 2 घंटे के लिए पंजाब आए थे, उसी वक्त सचिन पायलट से छोटी सी मुलाकात हुई थी. इसके बाद राजा वडिंग ने अपने इस्तीफे के लिए सचिन पायलट को जिम्मेदार ठहरा दिया. उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि प्रभारी बनने के बाद ही सचिन पायलट ने तय कर लिया था कि मुझे हटाना है.
चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस में बदलाव
बता दें कि अगले साल ही पंजाब में विधानसभा चुनाव होने हैं और कांग्रेस में काफी दिनों से उठापटक चल रही है. आगामी चुनाव से पहले कांग्रेस नेतृत्व में किया गया यह बदलाव काफी अहम होने वाला है. क्योंकि पिछले काफी समय से पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी गहमागहमी का दौर जारी है.
विधान परिषद चुनाव में पूरी ताकत झोंकेगी BJP, अवध क्षेत्र की बैठक में बनी रणनीति, बूथ प्रबंधन पर जोर
