Asia Investment: एशिया की अर्थव्यवस्था आने वाले कुछ सालों में निवेश के मामले में एक नया रिकॉर्ड बना सकती है. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सेमीकंडक्टर के बाद अब एनर्जी, डिफेंस और मैन्युफैक्चरिंग जैसे सेक्टर भी निवेश की रेस में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. अमेरिकी ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया में कुल निवेश खर्च 2030 तक बढ़कर 16 ट्रिलियन डॉलर पहुंच सकता है. साल 2025 में ये आंकड़ा करीब 11 ट्रिलियन डॉलर था. यानी अगले पांच साल में निवेश में लगभग 5 ट्रिलियन डॉलर की बढ़ोतरी का अनुमान है. रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया इस समय एक ऐसे औद्योगिक निवेश दौर में प्रवेश कर रहा है, जिसे एक पीढ़ी में एक बार आने वाला मौका कहा जा सकता है. इसके पीछे दुनिया में बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव, नई तकनीक और सरकारों की तरफ से रणनीतिक उद्योगों को मिल रहा समर्थन बड़ी वजह हैं.
अब इन सेक्टरों पर भी बरसेगा पैसा
अभी तक दुनियाभर में AI और सेमीकंडक्टर सेक्टर में होने वाले निवेश की सबसे ज्यादा चर्चा रही है. लेकिन मॉर्गन स्टेनली का अनुमान है कि एशिया में निवेश की अगली बड़ी कहानी सिर्फ टेक्नोलॉजी तक नहीं रहेगी. रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 से 2030 के बीच सालाना निवेश में होने वाली कुल बढ़ोतरी का करीब 20 प्रतिशत हिस्सा ही AI, सेमीकंडक्टर और उनसे जुड़े औद्योगिक निवेश से आएगा. इसके मुकाबले व्यापक औद्योगिक निवेश सबसे बड़ा योगदान देगा. इस सेक्टर में करीब 2.3 ट्रिलियन डॉलर का अतिरिक्त निवेश होने का अनुमान है. ये 2030 तक सालाना निवेश में होने वाली कुल 5 ट्रिलियन डॉलर की बढ़ोतरी का लगभग 47 प्रतिशत होगा. इसमें ऊर्जा, रक्षा, मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई चेन से जुड़े उद्योगों की अहम भूमिका रहेगी.
जीडीपी में भी असर
निवेश बढ़ने का फायदा एशिया की अर्थव्यवस्था को भी मिल सकता है. रिपोर्ट का अनुमान है कि 2030 तक एशिया का निवेश-जीडीपी अनुपात बढ़कर 32 प्रतिशत के नए लेवल पर पहुंच सकता है. इससे क्षेत्र की संभावित आर्थिक विकास दर करीब 4.5 फीसदी बनाए रखने में मदद मिल सकती है. खास बात ये है कि कामकाजी उम्र की आबादी की वृद्धि धीमी होने के बावजूद निवेश और तकनीकी विकास आर्थिक रफ्तार को बनाए रखने में मदद कर सकते हैं.
गिरे Gold-Silver के दाम, 1 साल का सबसे निचला भाव; खरीदने का मौका या और सस्ता होगा सोना?
बढ़ेगी एशिया की ताकत
औद्योगिक निवेश बढ़ने से एशिया की वैश्विक व्यापार में हिस्सेदारी भी मजबूत हो सकती है. मॉर्गन स्टेनली के मुताबिक, दुनिया के कुल निर्यात में एशिया की हिस्सेदारी मौजूदा करीब 38 प्रतिशत से बढ़कर 2030 तक 40 फीसदी के आसपास पहुंच सकती है. मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ने से एशियाई देशों को दुनिया के दूसरे बाजारों में अपनी पकड़ मजबूत करने का मौका मिलेगा. रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि AI से जुड़े कारोबार के अलावा दूसरे उत्पादों के निर्यात और पूंजीगत सामान के आयात में भी तेजी देखने को मिल रही है. इसका मतलब है कि निवेश की रफ्तार अब टेक्नोलॉजी सेक्टर से बाहर भी फैल रही है.
चुनौतियां भी कम नहीं
हालांकि, निवेश के बड़े लक्ष्य हासिल करना इतना आसान नहीं होगा. इसके लिए बिजली की पर्याप्त उपलब्धता, कुशल कर्मचारियों, बेहतर परिवहन और मजबूत बुनियादी ढांचे की जरूरत होगी. अलग-अलग देशों को ये भी सुनिश्चित करना होगा कि घोषित परियोजनाएं समय पर पूरी हों. यानी, एशिया के लिए आने वाले 5 साल काफी खास हो सकते हैं. AI से शुरू हुई निवेश की चर्चा अब फैक्ट्रियों, ऊर्जा, रक्षा और दूसरे उद्योगों तक पहुंच रही है. अगर देश इन योजनाओं को जमीन पर उतारने में सफल रहे, तो एशिया वैश्विक अर्थव्यवस्था में अपनी ताकत और बढ़ा सकता है.
News Source: ANI
Stock Market में सुबह-सुबह धमाका! Sensex-Nifty उछले, इन शेयरों में सबसे ज्यादा हलचल
