Marco Rubio: अमेरिका के विदेश मंत्री और वहां के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) मार्को रुबियो अपनी चार दिवसीय यात्रा पर भारत में हैं. 23 मई से शुरू हुई रुबियो की यह यात्रा 26 मई को दिल्ली में क्वाड बैठक के बाद समाप्त होगी. इस बीच आज 24 मई को मार्को रुबियो ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की है. एस जयशंकर से पहले उन्होंने 23 मई को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात कर कई मुद्दों पर चर्चा की थी.
आज अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात करने के बाद दोनों देशों के बीच रिश्तों को लेकर अपनी खास बात कही. उन्होंने कहा, “भारत-अमेरिका संबंधों में कोई कमी नहीं आई है…आने वाले वर्षों में भारत-अमेरिका संबंध और भी मजबूत होकर उभरेंगे.”
लंबित व्यापार समझौता जल्द ही पूरा होगा- मार्को रुबियो
बीते साल अमेरिकी और भारत के बीच रिश्ते व्यापार क्षेत्र में थोड़े खट्टे जरूर हुए थे. तब अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50 फीसदी का टैरिफ लगा दिया था. हालांकि, इस साल फरवरी में पीएम मोदी के साथ मीटिंग के बाद उन्होंने टैरिफ में बहुत कटौती कर दी थी. उसके बाद अमेरिकी अदालत के फैसले ने ट्रंप को मनमाने तरीके से किसी भी देश पर टैरिफ थोपने के आदेश को असंवैधानिक करार दिया. अब अमेरिका भारत पर केवल 10 फीसदी का ही टैरिफ लगाता है.
इस दौरान दोनों देशों के बीच काफी लंबे समय से लटके हुए व्यापार समझौते को पूरा करने की भी बात कही जा रही है. आज विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मिलने और मीटिंग करने के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका को उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच लंबे समय से लंबित व्यापार समझौता जल्द ही पूरा हो जाएगा. उन्होंने आगे यह भी कहा कि दोनों पक्ष लगभग सभी प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर “रणनीतिक रूप से एकमत” हैं.
भारत निर्बाध समुद्री व्यापार का पक्षधर- एस. जयशंकर
बता दें कि अमेरिकी विदेश मंत्री रुबियो का यह भारत दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब अमेरिका और ईरान के बीच पश्चिम एशिया में संघर्ष जारी है. वहीं, रुबियो के साथ पश्चिम एशिया संघर्ष पर विचार-विमर्श सहित बैठक के बाद एस. जयशंकर ने कहा कि भारत निर्बाध समुद्री व्यापार के पक्षधर है. उन्होंने कहा, “हमने पश्चिम एशिया, भारतीय उपमहाद्वीप और पूर्वी एशिया की स्थिति पर चर्चा की.” विदेश मंत्री ने आगे कहा कि उन्होंने अपने अमेरिकी समकक्ष के साथ नागरिक परमाणु सहयोग पर चर्चा की और कहा, “विदेश मंत्री रुबियो और मैंने ऊर्जा क्षेत्र में भारत और अमेरिका के बीच हाल ही में हुए सहयोग का स्वागत किया.”
US विदेश मंत्री से मिले PM मोदी, रुबियो ने दिया व्हाइट हाउस आने का न्योता; कई मुद्दों पर हुई चर्चा
News Source: PTI
