Abusing Girl Issues Apology: जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को गाली देने वाली लड़की ने अब माफी मांगी है. प्रदर्शन में पीएम के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाली रुचिका सिंह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. शनिवार को उसने सोशल मीडिया पर एक माफी वाला वीडियो पोस्ट किया. लड़की ने कहा कि वह 15 साल की है और उसने वह वायरल क्लिप पोस्ट नहीं की थी. वह अपनी भाषा के लिए बहुत शर्मिंदा है. इसके पहले शुक्रवार रात को पीएम मोदी ने भी एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने गाली देने वालों को माफ करने की बात कही.
देश से मांगी माफी
वीडियो में, लड़की ने कहा “मैं जुलाई में अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस गई थी. हम कुछ लोगों के ग्रुप से मिले जो प्रधानमंत्री के खिलाफ गाली-गलौज और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे. उन्होंने मुझे भी गाली देने के लिए उकसाया और मैंने वही किया.” उसने आगे कहा, “मैं अब शर्म से किसी से आंखें नहीं मिला पा रही हूं. मैं पूरे देश से अपील करती हूं कि प्लीज मुझे माफ कर दें. मैं सिर्फ 15 साल की हूं. यह मेरी पहली और आखिरी गलती है और मैं ऐसी हरकत दोबारा कभी नहीं करूंगी.”
दिल्ली ट्रांसफर हुई FIR
लड़की ने पुलिस में शिकायत होने के बाद माफी वाला वीडियो पोस्ट किया. पुलिस ऑफिसर ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली पुलिस आगे की कार्रवाई करने से पहले 29 जुलाई को नोएडा में दर्ज जीरो FIR के कंटेंट की जांच करेगी. FIR शुक्रवार को दिल्ली ट्रांसफर कर दी गई क्योंकि कथित अपराध राष्ट्रीय राजधानी में हुआ था. इससे पहले दिल्ली पुलिस ने कंटेंट के सर्कुलेशन को लेकर स्पेशल सेल पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को नोटिस जारी करके इसे हटाने की मांग की. इसके अलावा जांच के हिस्से के तौर पर संबंधित इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने की मांग की.
पीएम मोदी ने किया माफ
पीएम मोदी ने देर रात एक वीडियो मैसेज में कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि न केवल उन्हें बल्कि उनकी गुजर चुकी मां को भी जंतर-मंतर प्रदर्शन में गंदी गालियां दी गईं. उन्होंने दुख जताते हुए कहा मुझे शॉक लगा कि हमारी बेटियों ने ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया. साथ ही उन्होंने गुमराह बच्चों को माफ करने की अपील की. वीडियो में प्रधानमंत्री ने कहा, मैं उन्हें माफ करता हूं. लोग गलतियां करते हैं. लेकिन गालियों से कभी कुछ हल नहीं होता. गुमराह बच्चों को रास्ता दिखाना जरूरी है.”
‘मेरी मां को गाली दी गई…गुमराह बच्चों को माफ किया’, जंतर-मंतर प्रदर्शन पर बोले पीएम मोदी
News Source: PTI
