Home Latest News & Updates UP BJP: आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी पार्टी, कार्यकर्ताओं को सौंपी जाएंगी अहम जिम्मेदारियां

UP BJP: आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी पार्टी, कार्यकर्ताओं को सौंपी जाएंगी अहम जिम्मेदारियां

by Dheeraj Tripathi 31 October 2026, 5:59 PM IST (Updated 31 October 2026, 6:48 PM IST)
31 October 2026, 5:59 PM IST (Updated 31 October 2026, 6:48 PM IST)
BJP engaged preparations assembly elections

UP BJP: आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी पार्टी, कार्यकर्ताओं को सौंपी जाएंगी अहम जिम्मेदारियां भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी चुनाव की तैयारियों का विस्तृत खाका प्रस्तुत करते हुए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपीं. धर्मपाल सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से संगठन को अभी से सक्रिय होना होगा. इसके लिए नवंबर और दिसंबर में विभिन्न कार्यक्रमों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी तैयारियों में अधिकतम मतदाताओं से संपर्क, कार्यकर्ताओं का उचित नियोजन और बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता सबसे महत्वपूर्ण होगी. सभी कार्यक्रमों की समयसीमा और जिम्मेदारियां तय करने के लिए जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ विस्तृत योजना बनाई जाएगी.

लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ

धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत बड़ी पदयात्राएं निकालेगी. प्रत्येक पदयात्रा में लगभग 25 हजार या उससे अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है. पदयात्राओं के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, तीन नवंबर को अवध क्षेत्र की पदयात्रा लखनऊ में होगी, जिसमें केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि रहेंगे. इसी दिन ब्रज क्षेत्र की पदयात्रा बरेली में होगी, जिसमें केंद्रीय मंत्री और पूर्व भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शामिल होंगे. चार नवंबर को गोरखपुर क्षेत्र की पदयात्रा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मौजूद रहेंगे. इसी दिन काशी क्षेत्र की पदयात्रा प्रयागराज में उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य तथा कानपुर क्षेत्र की पदयात्रा में उपमुख्यमंत्र ब्रजेश पाठक शामिल होंगे. पांच नवंबर को पश्चिम क्षेत्र की पदयात्रा गाजियाबाद में होगी, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे.

BJP engaged preparations assembly elections

सक्रिय कार्यकर्ता की सूची तैयारी की जाएगी

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 1,918 मंडलों में 25-25 सक्रिय कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जाएगी. मंडल की लगभग 60 सदस्यीय कार्यकारिणी में से ऐसे कार्यकर्ता चुने जाएंगे, जो मंडल के सभी बूथों पर नियमित प्रवास कर सकें. उनकी सूची में नाम और मोबाइल नंबर भी दर्ज किए जाएंगे. इसी तरह प्रत्येक बूथ पर पांच सक्रिय कार्यकर्ताओं की टीम तैयार होगी. विधानसभा प्रभारी और विधानसभा विस्तारक शक्ति केंद्रों पर प्रवास कर संगठनात्मक ढांचे की वास्तविक स्थिति का सत्यापन करेंगे. इसके अलावा पार्टी के वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोगों, मोर्चों और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं तथा दूसरे दलों से आए कार्यकर्ताओं की सूची तैयार कर उनकी क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी तय की जाएगी.

BJP engaged preparations assembly elections

पार्टी सामाजिक चौपाल आयोजित करेगी

प्रदेश महामंत्री ने यह भी कहा कि पार्टी सामाजिक चौपाल आयोजित करेगी. इसके साथ ही तीन कार्यकाल तक पदाधिकारी रहे नेताओं की विधानसभा स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी. इनमें मंडल, जिला, क्षेत्र और प्रदेश स्तर के पूर्व पदाधिकारियों के साथ दो सत्रों में संवाद और कार्ययोजना पर चर्चा होगी. इसी तरह पूर्व ब्लॉक प्रमुखों, बीडीसी सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत अध्यक्षों, पूर्व पार्षदों और अन्य पूर्व जनप्रतिनिधियों को भी संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा. धर्मपाल सिंह ने कहा कि लाभार्थी संपर्क अभियान के तहत केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंच बनाई जाएगी. बूथ अध्यक्षों के माध्यम से भी योजनावार लाभार्थियों की सूची तैयार की जा सकती है. धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं से लाभार्थियों के साथ सहज और विनम्र संवाद स्थापित करने को कहा. इसके तहत घर जाकर मुलाकात, चाय पर चर्चा और मंडल तथा शक्ति केंद्र स्तर पर बैठकें आयोजित की जाएंगी. मठ-मंदिरों, संगठन विचार परिवार के कार्यकर्ताओं और धार्मिक-सामाजिक नेतृत्व से संपर्क की योजना भी बनाई जाएगी.

युवाओं को जोड़ने के लिए होंगे सम्मेलन

धर्मपाल सिंह ने कहा कि युवा और महिला मतदाताओं को जोड़ने के लिए बूथ स्तर पर छोटी-छोटी बैठकें आयोजित की जाएंगी. महिला मोर्चा के माध्यम से महिला मतदाताओं के बीच सरकार की योजनाओं और स्थानीय मुद्दों पर संवाद होगा. 18 से 21 वर्ष के युवाओं को जोड़ने के लिए प्रदेश में 200 स्थानों पर युवा सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी है. इसके अतिरिक्त सभी मंडलों में नवमतदाता सम्मेलन आयोजित होंगे. इनके लिए संयोजक और आयोजन की तिथियां निर्धारित की जाएंगी. उन्होंने कहा कि किसान संपर्क अभियान, किसान चौपाल और सहकारी समितियों के सदस्यों के साथ सहभोज जैसे कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है. पार्टी छोटे और सूक्ष्म कारोबारियों से संपर्क के लिए विशेष अभियान चलाएगी. इनसे नियमित संवाद और संपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

BJP engaged preparations assembly elections

सभी नेताओं की भूमिका की जाएगी सुनिश्चित

धर्मपाल सिंह ने बताया कि चुनाव की तैयारियों में महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, राज्यसभा सांसद, विधान परिषद सदस्य, सांसद, विधायक, 2022 के विधानसभा प्रत्याशी और 2024 के लोकसभा प्रत्याशियों की भूमिका भी निर्धारित की जाएगी. क्षेत्रीय स्तर पर पार्षदों, नगर निकाय अध्यक्षों और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित होंगी. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, दोनों उपमुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के प्रस्तावित प्रवास एवं सभाओं को लेकर भी विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है. राष्ट्रीय अध्यक्ष जी और केंद्रीय गृह मंत्री के प्रवास के दौरान होने वाली बैठकों तथा मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्रियों और प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां भी तय की जाएंगी.

यूपी बीजेपी की प्रदेश कार्य समिति का गठन, स्थायी आमंत्रित सदस्यों की सूची में राष्ट्रीय नेतृत्व के बड़े नाम

धर्मपाल सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना और अधिकतम मतदाताओं से संपर्क स्थापित करना जरूरी है. सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी तय कर उन्हें चुनावी अभियान में लगाया जाएगा. नवंबर और दिसंबर में प्रस्तावित सभी कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए बैठक के तत्काल बाद तैयारियां शुरू करने पर जोर दिया गया है.

भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी

दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया. उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा वर्ष 2017 की ऐतिहासिक विजय दोहराते हुए लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से 325 से 350 सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर व्यक्तिगत आकांक्षाओं और मतभेदों से ऊपर उठकर चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया. साथ ही मौर्य ने यह भी कहा कि ‘सब कुछ भूल, हर विधानसभा में खिलाइए कमल का फूल.’ ‘टिकट चाहे जिसे मिले, कमल का फूल जरूर खिले.’ उन्होंने कहा कि टिकट मांगना कार्यकर्ता की स्वाभाविक आकांक्षा है, लेकिन संगठन की विजय सर्वोपरि होनी चाहिए. सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों के बीच समन्वय तथा बूथ स्तर तक एकजुटता ही ऐतिहासिक विजय का आधार बनेगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से हाथ उठवाकर भाजपा की विजय का संकल्प भी दिलाया.

BJP engaged preparations assembly elections

माफिया की छवि से ग्लोबल इन्वेस्टमेंट हब तक…, CM योगी बोले- प्रगति और गति से दुनिया को जवाब दे रहा यूपी

विकसित भारत में यूपी की अहम भूमिका होगी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन में गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, किसान समृद्धि, युवा उत्थान, राष्ट्रीय सुरक्षा और आर्थिक विकास को नई दिशा मिली है. विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में विकसित उत्तर प्रदेश की निर्णायक भूमिका होगी. समाजवादी पार्टी पर प्रहार करते हुए मौर्य ने कहा कि ‘सपा समाजवादी नहीं, परिवारवादी पार्टी है.’ भाजपा सबका साथ, सबका विकास की राजनीति करती है, जबकि सपा की राजनीति परिवार के हितों तक सीमित है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का पीडीए नारा पिछड़ों, दलितों और वंचितों के सशक्तीकरण के बजाय परिवारवाद की राजनीति का माध्यम है.

यूपी MLC चुनाव की काउंटिंग पर सपा का सवाल, अखिलेश बोले- नतीजों में पारदर्शिता जरूरी

सपा के कार्यकाल में माफियाओं को संरक्षण मिला

उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण मिलता था, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हुई है. उन्होंने रामभक्तों पर गोलीबारी की घटनाओं और अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए दोनों राजनीतिक विचारधाराओं के अंतर को रेखांकित किया. साथ ही पारदर्शी भर्तियों, बेहतर सुरक्षा और विकास कार्यों को भाजपा सरकार की उपलब्धियां बताया. मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, निःशुल्क राशन, आयुष्मान भारत सहित जन-कल्याणकारी योजनाओं ने गरीब परिवारों के जीवन में परिवर्तन किया है. कार्यकर्ता जनता को वर्ष 2014 से पहले के भारत और वर्ष 2017 से पहले के उत्तर प्रदेश की स्थिति की तुलना वर्तमान विकास कार्यों से कराएं.

जनता के विश्वास को प्रमाणित किया

उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद विपक्ष के दावों के विपरीत हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली के विधानसभा चुनावों में भाजपा तथा उसके सहयोगियों की सफलता ने जनता के विश्वास को प्रमाणित किया है. विपक्ष द्वारा चुनावी जनादेश और संवैधानिक संस्थाओं पर उठाए जा रहे सवालों को उन्होंने भ्रम फैलाने का प्रयास बताया. मौर्य ने कहा कि भाजपा जनसेवा, सुशासन, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है. 2027 में 2017 दोहराना है, हर विधानसभा में कमल खिलाना है का आह्वान करते हुए उन्होंने राजनीतिक प्रस्ताव प्रदेश कार्यसमिति के समक्ष विचारार्थ एवं अनुमोदनार्थ प्रस्तुत किया.

‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, मिठाई बनाने में गंदगी मिलने पर 9 प्रतिष्ठानों पर गिरी गाज

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?