PM Modi and Sanae Takaichi: जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं. बुधवार देर शाम व राजधानी नई दिल्ली पहुंची, जहां एयरपोर्ट पर केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेंद्र सिंह ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया.
वहीं, आज गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान की पीएम सनाए ताकाइची की मुलाकात हुई. इस मीटिंग से पहले पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, “प्रधानमंत्री सनाए तकाइची, भारत में आपका स्वागत है. भारत की आपकी पहली यात्रा का हम दिल से स्वागत करते हैं.”
उन्होंने आगे लिखा, ” जापान-भारत की ‘विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी’ को और मजबूत करने के लिए, कल कई क्षेत्रों में विचारों के आदान-प्रदान को लेकर मैं उत्सुक हूं. दोनों देश इंडो-पैसिफिक क्षेत्र और उससे बाहर शांति, स्थिरता और समृद्धि में योगदान देने के लिए सहयोग जारी रखेंगे.”
पीएम मोदी और सनाए ताकाइची की मीटिंग
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अपनी जापानी समकक्ष सनाए ताकाइची के साथ शिखर वार्ता की. इस दौरान आर्थिक संबंधों का विस्तार करने, सेमीकंडक्टर के लिए लचीली आपूर्ति श्रृंखलाओं को बढ़ाने और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों में सहयोग को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया गया.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर कहा, “भरोसे, साझा मूल्यों और रणनीतिक तालमेल पर आधारित साझेदारी को आगे बढ़ाते हुए,” जब पीएम मोदी ने शिखर सम्मेलन के लिए तकाइची की मेजबानी की.
भारतीय और जापानी पक्ष महत्वपूर्ण खनिजों और औषधियों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर भी व्यापक विचार-विमर्श करने की उम्मीद है.
तीन दिवसीय दौरे पर हैं सनाए ताकाइची
जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं. जानकारी के अनुसार, भारत-जापान संबंधों में तेजी आई है. 2014 में इस संबंध को विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी का दर्जा दिया गया था.
जैसे-जैसे दोनों देश 2027 में राजनयिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ के करीब पहुंच रहे हैं, व्यापार और निवेश, आर्थिक सुरक्षा, रक्षा और सुरक्षा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, संस्कृति और जन-संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग और गहराता जा रहा है. द्विपक्षीय ढांचे में अब 70 से अधिक संवाद तंत्र शामिल हैं.
मालूम हो कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले साल अगस्त में टोक्यो में आयोजित 15वें वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए जापान का दौरा किया था. यह वार्षिक शिखर सम्मेलन साझेदारी के रणनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने वाला प्रमुख मंच बना हुआ है.
News Source: PTI
