Ram Mandir: अयोध्या राम मंदिर में चंदा चोरी मामले में पुलिस को तीन आरोपियों की रिमांड मिल गई है. एक स्थानीय अदालत ने बुधवार को तीनों आरोपियों अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पाण्डेय से पूछताछ के लिए 24 घंटे रिमांड पर भेजा गया है. इससे पहले भी पुलिस ने जेल में तीन आरोपियों से पूछताछ की थी. अब पूछताछ के बाद पुलिस कई कड़ियों को जोड़कर मामले की जांच को आगे बढ़ाएगी. उम्मीद है कि पूछताछ के बाद दान चोरी के कई राज से पर्दा उठ सकता है.
सुबह सात बजे पुलिस ने हिरासत में लिया
सूत्रों ने बताया कि जांच अधिकारी और सर्कल ऑफिसर आशुतोष तिवारी ने सुबह करीब 7 बजे जिला जेल से अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडे को हिरासत में ले लिया. साथ ही रिमांड भी शुरू हो गई. जांच के दौरान सामने आए नए सबूतों के आधार पर आरोपियों से पूछताछ की जाएगी. इसके अलावा पुलिस उन जगहों पर भी जांच कर सकती है जिनकी जानकारी खुद आरोपियों ने दी थी. पुलिस की कोशिश है कि मामले से जुड़ी नकदी और अन्य सामान को बरामद किया जाए.
SIT ने बताया अविनाश को मुख्य आरोपी
जांच के दौरान सबसे पहले अविनाश शुक्ला को पुलिस ने रिमांड पर लिया था. एसआईटी ने अपनी जांच में अविनाश को मुख्य आरोपी बताया था. साथ ही अभी SIT इस मामले की आगे की जांच कर रही है. शुरुआती जांच के आधार पर ऑफिसर ने 40 दिनों के अंदर चोरी की करीब 70 संदिग्ध घटनाओं की पहचान की है. वे आरोपियों की भूमिका के साथ-साथ मंदिर की दान गिन प्रणाली में प्रक्रिया और सुरक्षा से जुड़ी कथित खामियों की भी जांच कर रहे हैं.
अदालत से मिली कस्टडी की मंजूरी
विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण की अदालत ने पुलिस की अपील पर तीनों आरोपियों की 24 घंटे की कस्टडी की मंजूरी ली. कोर्ट में मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान मामले आरोपियों की कस्टडी की मांग की गई थी. पुलिस की तरफ से दलील दी गई कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई तथ्य सामने आ सकते हैं. साथ ही उनसे मिली जानकारी से साक्ष्य और वस्तुओं की बरामदगी भी हो सकती है.
अयोध्या और महाकाल के बाद अब मां बगलामुखी मंदिर में बवाल, चढ़ावे में बड़ी गड़बड़ी का आरोप
