Vande Mataram: देश में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् को लेकर नया विवाद छिड़ गया है. कांग्रेस पार्टी ने हाल ही लागू हुए वंदे मातरम् के पूरे छह छंद गाने के नियम पर आपत्ति जताई है. कांग्रेस वर्किंग कमेटी ने वंदे मातरम् के केवल दो छंद गाने का प्रस्ताव पास किया है. इस पर अब बीजेपी ने कांग्रेस के ऊपर निशाना साधा है. BJP अध्यक्ष नितिन नबीन ने गुरुवार को कांग्रेस पर उनके कार्यक्रम में वंदे मातरम के सिर्फ दो छंद गाने के फैसले पर कहा कि विपक्षी पार्टी वोटों के लिए “नई मुस्लिम लीग” बन गई है.
नबीन ने कांग्रेस को बताया मुस्लिम लीग
नबीन ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “‘भारत माता’ के पवित्र आह्वान का यह अपमान उन हजारों शहीदों का अपमान है जिन्होंने देश के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी और इसी गीत को अपने जहन में बसाए रखा.” BJP चीफ का यह जवाब तब आया जब बुधवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी ने वंदे मातरम पर 1937 के प्रस्ताव को मानने का फैसला किया, जिसमें कहा गया था कि पार्टी के सभी कार्यक्रम में राष्ट्रीय गीत के सिर्फ दो ही छंद गाए जाएंगे. नबीन ने कहा, “कांग्रेस ने अब वंदे मातरम के अपमान को एक प्रस्ताव का रूप दे दिया है. कांग्रेस आज नई मुस्लिम लीग बन गई है.
सोनिया गांधी के वीडियो से बढ़ा विवाद
यह पूरा विवाद 15 अगस्त को कांग्रेस ऑफिस से शुरू हुआ. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस ऑफिस में वंदे मातरम गाया जा रहा था. इस दौरान सोनिया गांधी कुछ इशारा करती दिखी. इस कार्यक्रम का वीडियो बीजेपी ने सोशल मीडिया पर अपलोड किया और दावा किया की सोनिया गांधी वंदे मातरम् को बीच में रोकने के लिए कह रही थी. हालांकि बाद में कांग्रेस ने इस पर सफाई देते हुए कहा था कि कार्यक्रम के दौरान सोनिया गांधी ने राष्ट्रीय गीत को रोकने के लिए नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं से कुर्सी मंगाने के लिए कहा था, क्योंकि मल्लिकार्जुन खड़गे बहुत देर से खड़े थे. उन्होंने कुर्सी का इशारा किया था, न कि गीत रोकने का.
इसी घटना का जिक्र करते हुए नितिन नबीन ने कहा कि राष्ट्रीय गीत का ऐसा ही अपमान कुछ दिन पहले एक “व्यक्ति के व्यवहार” में दिखा था. आज, वही अपमान कांग्रेस की पॉलिसी बन गया है. उन्होंने आगे कहा, “यह सिर्फ एक राजनीतिक बचाव नहीं है, बल्कि उस वोट बैंक की भूख का सबूत है जिसके आगे कांग्रेस ने बार-बार देश के स्वाभिमान को गिरवी रखा है.”
वंदे मातरम् विवाद : सोनिया गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज; राष्ट्रीय गीत के अपमान का लगा आरोप
News Source: PTI
