10 January 2024
राज्य सरकार ने नहीं दी यात्रा की मंज़ूरी
14 जनवरी से शुरू होने वाली कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इंफाल के पैलेस ग्राउंड से नहीं होगी। मणिपुर सरकार ने पैलेस ग्राउंड से यात्रा को निकालने की इजाज़त नहीं दी है।
पार्टी संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि कांग्रेस की ये यात्रा अब इंफाल में किसी दूसरी जगह से शुरू की जाएगी। उन्होने कहा कि हम प्रतिबद्ध हैं, कि मणिपुर और इंफाल से ही यात्रा शुरू हो।
पार्टी नेता वेणुगोपाल ने कहा कि हमें सिर्फ मणिपुर से यात्रा शुरू करने की जरूरत है। अब हम मणिपुर में किसी और जगह से यात्रा का आगाज करेंगे। जल्द ही इस बारे में जानकारी दी जाएगी। वेणुगोपाल ने दावा किया- हमने पहले ही कहा था कि हम यात्रा निकालेंगे। फिर भी राज्य सरकार इसके लिए क्यों मना कर रही हैं? वो हमारी यात्रा से डर गए हैं, इसलिए उन्होंने परमिशन नहीं दी।
यात्रा को लेकर पार्टी में खासा जोश देखा जा रहा है। कांग्रेस पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि, यात्रा इंफाल से ही शुरू होगी। पैलेस ग्राउंड की जगह अब किसी दूसरे स्थान के लिए इजाजत मांगी जा रही है, हमें उम्मीद है कि मंजूरी मिल जाएगी। रमेश के मुताबिक यात्रा के लिए एक वेबसाइट भी तैयार कर ली गई है, जिसमें यात्रा से जुड़ी सभी जानकरी दी जाएगी।
आपको बता दें कि हाल ही में केसी वेणुगोपाल ने मणिपुर और असम का दौरा किया था। माना जा रहा है कि जमीन पर कांग्रेस की इस यात्रा को लेकर जबरदस्त माहौल है। पार्टी का मानना है कि भारत जोड़ो यात्रा की तरह ये यात्रा भी बहुत सफल होने जा रही है। उन्होंने कहा, ये यात्रा देश और कांग्रेस के लिए ऐतिहासिक है। हम देश के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: राजनीति समाचार, भारतीय राजनीतिक खबरें, पॉलिटिक्स की ताज़ा ब्रेकिंग
