Home Top News बीजेपी की नई टीम में प्रोफेसर, डॉक्टर्स और वकीलों की भरमार, क्षेत्रीय संतुलन पर खास जोर

बीजेपी की नई टीम में प्रोफेसर, डॉक्टर्स और वकीलों की भरमार, क्षेत्रीय संतुलन पर खास जोर

by Kamlesh Kumar Singh 17 August 2026, 6:15 PM IST (Updated 17 August 2026, 6:19 PM IST)
17 August 2026, 6:15 PM IST (Updated 17 August 2026, 6:19 PM IST)
बीजेपी की नई टीम में प्रोफेसर, डॉक्टर्स, इंजीनियर और वकीलों की भरमार, क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरण का भी रखा ध्यान

BJP Team: बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में संगठन के विस्तार के साथ सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन पर खास जोर दिया गया है. 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को प्रतिनिधित्व देकर पार्टी ने साफ संकेत दिया है कि राष्ट्रीय संगठन में हर क्षेत्र और वर्ग की भागीदारी को प्राथमिकता दी गई है. खास तौर पर उत्तर-पूर्वी राज्यों से लेकर आदिवासी और महिला प्रतिनिधित्व तक, नई टीम में व्यापक सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश दिखाई दे रही है. बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को जगह मिली है.

10 महिलाओं को भी मिली जिम्मेदारी

पार्टी ने टीम के गठन में व्यापक भौगोलिक प्रतिनिधित्व और क्षेत्रीय संतुलन पर जोर दिया है. उत्तर-पूर्वी राज्यों को भी खास महत्व दिया गया है. त्रिपुरा, असम और नागालैंड से नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी मिली है. वहीं उत्तर-पूर्व समन्वय प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी डॉ. संबित पात्रा के पास बरकरार रखी गई है. सामाजिक समीकरणों की बात करें तो पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर-पूर्व से कुल चार आदिवासी प्रतिनिधियों को टीम में शामिल किया गया है. इनमें दो आदिवासी महिला नेताओं को भी जिम्मेदारी दी गई है. उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश से तीन अनुसूचित जाति प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है. वहीं राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारियों में 10 महिला नेताओं को शामिल किया गया है.

राजनीतिक अनुभव को तरजीह

बीजेपी ने धार्मिक और सामाजिक विविधता का भी ध्यान रखा है. नई टीम में हिंदू, सिख, ईसाई, मुस्लिम, जैन और पारसी समुदायों का प्रतिनिधित्व नजर आता है. संगठन में राजनीतिक अनुभव को भी तरजीह दी गई है. तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों वसुंधरा राजे, तीरथ सिंह रावत और बिप्लब कुमार देब को नई टीम में शामिल किया गया है. इसके अलावा कई पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और केंद्र सरकार में काम कर चुके अनुभवी नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं. राष्ट्रीय टीम में लोकसभा और राज्यसभा के कुल 23 सांसद शामिल हैं.

टीम में मौजूदा केंद्रीय मंत्री भी

चार नेताओं के पास पूर्व केंद्रीय सरकार में काम करने का अनुभव है, जबकि एक मौजूदा केंद्रीय मंत्री को भी टीम में जगह मिली है. बीजेपी की नई टीम की एक खास बात इसका प्रोफेशनल प्रोफाइल भी है. टीम में दो प्रोफेसर, छह पीएचडी धारक और चार प्रैक्टिसिंग डॉक्टर शामिल हैं. इसके अलावा इंजीनियर, चार्टर्ड अकाउंटेंट और वकीलों को भी संगठन में जिम्मेदारी दी गई है यानी बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में अनुभव, सामाजिक समीकरण, क्षेत्रीय संतुलन और पेशेवर विविधता चारों का मेल दिखाई देता है. आने वाले विधानसभा चुनावों और संगठन के विस्तार की रणनीति के लिहाज से इस टीम को बेहद अहम माना जा रहा है.

स्मृति ईरानी की BJP में दमदार वापसी, Nitin Nabin की नई टीम ने मचा दी हलचल; यहां है पूरी लिस्ट

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?