Home Top News स्मृति ईरानी की BJP में दमदार वापसी, Nitin Nabin की नई टीम ने मचा दी हलचल; यहां है पूरी लिस्ट

स्मृति ईरानी की BJP में दमदार वापसी, Nitin Nabin की नई टीम ने मचा दी हलचल; यहां है पूरी लिस्ट

by Preeti Pal 17 August 2026, 4:30 PM IST
17 August 2026, 4:30 PM IST
स्मृति ईरानी की BJP में दमदार वापसी, राम माधव को भी बड़ी जिम्मेदारी; Nitin Nabin की नई टीम में अनुभव और युवा जोश का मेल

Nitin Nabin: भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया. इसके साथ ही संगठन में बड़े बदलाव की तस्वीर साफ हो गई. पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम में कई पुराने और अनुभवी चेहरों को फिर से अहम जिम्मेदारी मिली है. वहीं, कुछ नए चेहरों को भी आगे बढ़ाया गया है. सबसे ज्यादा चर्चा स्मृति ईरानी और राम माधव की नई जिम्मेदारियों को लेकर हो रही है.

स्मृति ईरानी की वापसी

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को BJP का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है. 2024 के लोकसभा चुनाव में अमेठी सीट से हार के बाद उनकी यह पार्टी के शीर्ष संगठनात्मक ढांचे में बड़ी वापसी मानी जा रही है. नई टीम में आठ राष्ट्रीय महासचिव बनाए गए हैं और स्मृति ईरानी उनमें शामिल हैं. स्मृति ईरानी BJP में लंबे समय से सक्रिय रही हैं और केंद्रीय मंत्री के तौर पर भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं. ऐसे में नई भूमिका के साथ उनकी राजनीतिक सक्रियता एक बार फिर बढ़ने की उम्मीद है.

राम माधव का बड़ा रोल

BJP ने पूर्व राष्ट्रीय महासचिव राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया है. संगठन और राजनीतिक रणनीति में लंबे अनुभव वाले राम माधव ने पहले पार्टी में राष्ट्रीय महासचिव के तौर पर काम किया है. खासतौर पर पूर्वोत्तर और जम्मू-कश्मीर से जुड़े संगठनात्मक कामों में उनकी भूमिका चर्चा में रही है. उनकी वापसी को भी BJP के संगठन में अनुभवी नेताओं को फिर से सक्रिय भूमिका देने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है.

वसुंधरा राजे समेत 13 उपाध्यक्ष

नई टीम में कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं. इनमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, बैजयंत पांडा, डी पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा और भारती पवार समेत कई बड़े नाम शामिल हैं. इस लिस्ट में महिलाओं को भी अच्छी जगह मिली है, जिससे संगठन में महिला प्रतिनिधित्व पर जोर दिखाई देता है. राष्ट्रीय महासचिवों की सूची में स्मृति ईरानी के अलावा विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया जैसे नेता शामिल हैं.

पुराने भरोसेमंद चेहरे

BJP के राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष अपने पद पर बने रहेंगे. वहीं, शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव संगठन की जिम्मेदारी दी गई है. पार्टी ने राष्ट्रीय सचिवों की टीम में भी कई नेताओं को शामिल किया है. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि तरुण चुघ को केंद्रीय कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है.

अमित मालवीय की जगह

संगठनात्मक बदलाव का एक बड़ा नाम अमित मालवीय भी हैं. उन्हें BJP के IT सेल प्रमुख के पद से हटा दिया गया है. उनकी जगह छत्तीसगढ़ के दीपक म्हास्के को IT सेल की जिम्मेदारी दी गई है. हालांकि अनिल बालूनी राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी की भूमिका में बने रहेंगे.

2027 के चुनावों पर नजर?

नितिन नबीन BJP के सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. उनकी नई टीम में अनुभव और नई ऊर्जा का संतुलन साफ दिखाई देता है. संगठन में ये बदलाव ऐसे समय हुआ है जब 2027 में उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गुजरात, हिमाचल प्रदेश और गोवा समेत कई राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं. ऐसे में नई टीम को केवल संगठनात्मक बदलाव के तौर पर देखना मुश्किल है. पार्टी के सामने आने वाले चुनावों की तैयारी, राज्यों में संगठन को मजबूत करना और अलग-अलग क्षेत्रों में राजनीतिक पकड़ बढ़ाना बड़ी चुनौतियां होंगी. नई टीम में पुराने दिग्गजों और नए चेहरों का मेल इसी दिशा में एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है.

वंदे मातरम् विवाद : सोनिया गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज; राष्ट्रीय गीत के अपमान का लगा आरोप

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?