BJP-UDP: मेघालय की राजनीति में बुधवार को बड़ा उलटफेर हो गया. मेघालय की यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी के 8 विधायक BJP में शामिल हो गए. बुधवार को बीजेपी को बड़ी मजबूती मिली, जब मेघालय की यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (UDP) के आठ विधायक पार्टी मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू समेत वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल हो गए. विधायक लाखमेन रिम्बुई, पायस मारवेन, किर्मेन श्यल्ला, मायरालबॉर्न सिएम, मैथ्यू कुर्बाह, ओलन सिंह सुइन, बालाजीद कुपर सिनरेम और सिनशर कुपर रॉय बीजेपी में शामिल हुए.
बीजेपी की ताकत दो से बढ़कर हो गई 10
60 सदस्यों वाली मेघालय विधानसभा में UDP के 12 विधायक हैं, जिनमें से दो कॉनराड के. संगमा के नेतृत्व वाली मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस सरकार में मंत्री हैं. UDP के आठ विधायकों के पाला बदलने से 60 सदस्यों वाली विधानसभा में बीजेपी की ताकत दो से बढ़कर 10 हो गई है. इससे बीजेपी को मंत्री पद के प्रतिनिधित्व और नीतिगत प्राथमिकताओं पर ज़्यादा प्रभाव मिलेगा, क्योंकि राज्य में 2028 में विधानसभा चुनाव होने हैं. UDP और BJP दोनों ही अभी NPP के नेतृत्व वाली सरकार की सहयोगी पार्टियां हैं.
मोदी के कामकाज से प्रभावित थे विधायक
UDP विधायकों का पार्टी में स्वागत करते हुए रिजिजू ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर और मेघालय में हो रही प्रगति को देखते हुए बीजेपी में शामिल हुए हैं. बीजेपी मुख्यालय में बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने कहा कि यह न केवल पूर्वोत्तर बल्कि पूरे देश के लिए एक बेहद अहम राजनीतिक घटनाक्रम है. यह मेघालय के लिए एक निर्णायक क्षण है. रिजिजू ने आगे कहा कि ये सभी आठ विधायक प्रधानमंत्री मोदी और बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के कामकाज से बहुत प्रभावित थे. उन्होंने बीजेपी में शामिल होने का फैसला किया.
राज्य के विकास का मिला आश्वासनः रिम्बुई
अमलारेम के विधायक लाहकमेन रिम्बुई ने कहा कि वह खुद समेत सभी आठ विधायक बीजेपी में शामिल हो गए हैं क्योंकि बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने उनकी मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है. रिम्बुई ने कहा कि यह अचानक नहीं हो रहा है. बातचीत काफी समय से चल रही थी. हमारे कई विधायकों की समाज में योगदान देने की इच्छा है और राज्य में कुछ ऐसे मुद्दे हैं जिनके लिए हमें सरकार के समर्थन की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि संविधान की आठवीं अनुसूची में खासी भाषा को शामिल करने, मेघालय रेजिडेंट्स सेफ्टी एंड सिक्योरिटी एक्ट को लागू करने और मेघालय में कोयला खनन की प्रक्रिया को आसान बनाने जैसे मुद्दों पर केंद्रीय नेतृत्व ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है.
News Source: PTI
