Andhra plastic unit fire: आंध्र प्रदेश में अनाकापल्ली जिले की फार्मा सिटी में मौजूद ‘दक्षिण एनर्जी’ कंपनी के प्लास्टिक वेस्ट रीसाइक्लिंग यूनिट में मंगलवार को आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने दो कर्मचारियों की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है.
हादसे के समय नाइट ड्यूटी पर थे कर्मी
मुख्यमंत्री ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं. परावाड़ा के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस (DSP) बी मोहन राव ने PTI को बताया कि मंगलवार को अनाकापल्ली जिले की फार्मा सिटी में प्लास्टिक वेस्ट रीसाइक्लिंग यूनिट ‘दक्षिण एनर्जी’ में आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि ‘दक्षिण एनर्जी’ एक छोटे स्तर का उद्योग है जो प्लास्टिक कचरे से पायरोलिसिस ऑयल निकालता है. इस तेल का इस्तेमाल बायोडीज़ल बनाने में कच्चे माल के तौर पर किया जाता है. पुलिस के मुताबिक, मरने वालों की पहचान ऑपरेटर वी वेंकटेश और मैकेनिकल फिटर श्रीनाथ के तौर पर हुई है. हादसा होने के समय वे नाइट ड्यूटी पर थे.
उन्होंने बताया कि इस यूनिट में करीब सात कर्मचारी काम करते हैं और यहां एक रिएक्टर चलता है जिसमें प्लास्टिक कचरे को प्रोसेस करके पायरोलिसिस ऑयल निकाला जाता है. राव ने कहा कि ऐसा लगता है कि प्रोसेस के दौरान आग की लपटें उठीं और दोनों कर्मचारी आग की चपेट में आ गए. आग लगने से दोनों की मौत हो गई. DSP ने बताया कि हादसे की असल वजह का अभी पता नहीं चल पाया है और फैक्ट्री इंस्पेक्टर ने घटना की जांच शुरू कर दी है.
नायडू ने दिए जांच के आदेश
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायडू ने जांच के आदेश दिए हैं और घटना पर रिपोर्ट मांगी है. साथ ही जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस बीच, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आग लगने की घटना के तुरंत बाद अधिकारियों ने सीएम नायडू को बताया कि फार्मा सिटी से दो और परावाड़ा से एक दमकल गाड़ी ने आग पर काबू पाया.
एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि नायडू ने अनाकापल्ली जिले की परावाड़ा फार्मा सिटी में दक्षिण एनर्जी में लगी आग की घटना पर दुख जताया. मुख्यमंत्री ने इस घटना में दो कर्मचारियों की मौत पर दुख व्यक्त किया. नायडू ने अधिकारियों से आग लगने की घटना के हालात के बारे में जानकारी ली और उन्हें घायल कर्मचारियों को बेहतर इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया. इसके अलावा, उन्होंने अधिकारियों को पीड़ित परिवारों के साथ खड़े रहने का निर्देश दिया.
तमिलनाडु में अमोनिया लीक कांड में अब तक 9 महिलाओं की मौत, अस्पताल में भर्ती 67 लोग
News Source: PTI
