Assam flood Update: देश का उत्तर-पूर्वी राज्य असम, आजकल भारी बारिश और बाढ़ की मार झेल रहा है. इससे लाखों की संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं. रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश में बाढ़ से मरने वालों की संख्या में फिर से बढ़ोतरी हुई है. इस साल असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 99 हो गई है.
एक सरकारी बुलेटिन के अनुसार, शनिवार को असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही. एक और मौत के साथ मरने वालों की संख्या 99 हो गई और 1.47 लाख से ज्यादा लोग अभी भी प्रभावित हैं. वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करते हुए दिखे. वे इन क्षेत्रों में जाकर पीड़ित लोगों और उनके परिवार से मिलते हुए भी दिखे.
बाढ़ से 12 जिले के 1.47 लाख लोग प्रभावित
न्यूज एजेंसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, असम आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के बुलेटिन में बताया गया कि मौत का यह ताजा मामला गोलाघाट जिले से सामने आया है. इसके साथ ही, इस साल बाढ़ से मरने वालों की संख्या 99 हो गई है.
बुलेटिन में बताया गया कि बाढ़ से प्रभावित 12 जिलों में शोणितपुर, नगांव, गोलाघाट, शिवसागर, होजई, दरांग, जोरहाट, धेमाजी, चराइदेव, कार्बी आंगलोंग, लखीमपुर और विश्वनाथ शामिल हैं. बाढ़ से प्रभावित लोगों की कुल संख्या 1,47,376 है. इनमें गोलाघाट सबसे ज्यादा प्रभावित है, जहां 61,735 लोग बाढ़ की मार झेल रहे हैं; इसके बाद शिवसागर (43,492) और जोरहाट (24,283) का नंबर आता है.
10,599.89 हेक्टेयर फसलें पानी में डूबी
रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को प्रभावित जिलों की संख्या 13 थी और प्रभावित लोगों की आबादी 1.55 लाख से ज्यादा थी. बाढ़ से राहत और बचाव के लिए असम का प्रशासन 53 राहत कैंप चला रहा है, जिनमें 8,568 विस्थापित लोग रह रहे हैं. इसके अलावा, 41 राहत वितरण केंद्र भी काम कर रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, प्रदेश में भारी बाढ़ से करीब 10,599.89 हेक्टेयर में फैली फसलें पानी में डूबी हुई पाई गईं. ASDMA के बुलेटिन में बताया गया कि धनसिरी (S) नदी गोलाघाट और नुमालीगढ़ में और कुशियारा नदी श्रीभूमि में खतरे के निशान से ऊपर बह रही थी.
प्रभावित जिलों से घरों और सड़कों समेत कई तरह के बुनियादी ढांचों को नुकसान पहुंचने की खबर मिली है. कई लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है और वे भारी बाढ़ की वजह से राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं.
असम में बाढ़ का कहर! मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 98; इन 13 जिलों में 1.55 लाख लोग प्रभावित
News Source: PTI
