Kerala Missing Fisherman: अधिकारियों ने बताया कि कोल्लम और तिरुवनंतपुरम जिलों में अलग-अलग नाव हादसों में तीन मछुआरे लापता हो गए. उनकी तलाश में दस दिन से सर्च ऑपरेशन चल रहा है. अब भारतीय नौसेना भी सर्च ऑपरेशन में शामिल हो गई है. डिफेंस के एक प्रवक्ता ने कहा कि INS कल्पेनी सर्च ऑपरेशन के लिए शनिवार रात कोच्चि से निकला था. भारतीय नौसेना की एक स्पेशल डाइविंग टीम जहाज पर है. डाइविंग की जगह का और पता लगाने के लिए मरीन एनफोर्समेंट विंग से संपर्क किया गया था. एक मरीन एनफोर्समेंट बोट जहाज के आस-पास अपनी मौजूदगी बनाए हुए है.”
SONAR का इस्तेमाल कर रहे गोताखोर
अधिकारियों ने बताया कि नौसेना के गोताखोरों ने INS कल्पेनी से सुबह करीब 10 बजे खोज शुरू की. डिफेंस प्रवक्ता ने कहा, “गोताखोर पोर्टेबल SONAR का भी इस्तेमाल कर रहे हैं. SONAR पानी के अंदर निगरानी और डाइविंग ऑपरेशन के लिए गोताखोरों की क्षमता को बढ़ाता है.” कोस्टल पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नेवी सबसे पहले गौतम कृष्णा की तलाश पर फोकस करेगी, जो नींदकारा तट पर एक मछली पकड़ने वाली नाव पलटने के बाद लापता हो गए थे. बाद में, मुथलप्पोझी और विझिनजाम में दूसरे लापता मछुआरों जॉन और शिजिन की तलाश की जाएगी.
लापरवाही बरतने का आरोप
तीनों मछुआरे 31 जुलाई को लापता हुए थे, जिसके बाद से लगातार सर्च ऑपरेशन चल रहा है. लापता लोगों के परिवार वालों ने पहले सर्च ऑपरेशन में चूक का आरोप लगाते हुए विरोध किया था, जिसके बाद राज्य सरकार को भारतीय नौसेना की मदद लेनी पड़ी थी. विपक्षी पार्टियों ने भी राज्य सरकार पर हमला किया और लापता लोगों का पता लगाने में अधिकारियों की धीमी प्रतिक्रिया का आरोप लगाया. इस बीच, केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने कहा कि कृष्णा की मां ने उनसे अपील की थी कि वह उन्हें अपनी बहन मानें और उनके बेटे की तलाश में उनके साथ खड़े रहें.
केंद्रीय मंत्री ने दिया आश्वासन
उनकी भावनात्मक अपील को याद करते हुए, गोपी ने कहा, “एक जनता के प्रतिनिधि के तौर पर, उससे भी ज़्यादा एक भाई के तौर पर, यह वह वादा है जो मैंने उस मां से किया था. यह भाई आपको अपनी बहन मानता है और आपके साथ रहेगा. मैं उस बेटे को वापस लाने के लिए किसी भी हद तक जाऊंगा.” गोपी ने कहा कि “मछली पकड़ने वाली नाव तेज लहरों में फंसने के बाद पलट गई और परिवार अभी भी इस हादसे के सदमे से उबर नहीं पाया है. उन्होंने कहा कि वह संबंधित सीनियर अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और किसी भी वजह से सर्च ऑपरेशन को धीमा नहीं होने देंगे. समुद्र में सर्च को तेज करने के लिए अब सभी रिसोर्स जुटा लिए गए हैं. ऑपरेशन में तेजी लाने के लिए अमृतपुरी में एक इमरजेंसी हेलीपैड भी तुरंत तैयार किया जा रहा है. मैं अपनी आखिरी सांस तक उस मां के आंसू पोंछने के लिए उनके साथ खड़ा रहूंगा. मैं उम्मीद नहीं छोड़ूंगा… हम लड़ेंगे.”
केरल में जल प्रलय! भारी बारिश से अब तक 8 की मौत, 13 घायल; 5,792 लोगों को कैंपों में रखा गया
News Source: PTI
