Bhagalpur News: ‘मम्मी, मैं कोचिंग जा रही हूं’ यह कहकर घर से निकली आठवीं कक्षा की छात्रा पिछले 48 घंटे से घर वापस नहीं लौटी है. मामला नारायणपुर के मधुरापुर बाजार का है.
- अमरजीत सिंह की रिपोर्ट
Bhagalpur News: ‘मम्मी, मैं कोचिंग जा रही हूं’ यह कहकर घर से निकली आठवीं कक्षा की छात्रा पिछले 48 घंटे से घर वापस नहीं लौटी है. मामला नारायणपुर के मधुरापुर बाजार का है. लापता छात्रा की पहचान कन्हैयालाल शाह की पुत्री सोनाक्षी (14) के तौर पर की गई है. परिजनों को आशंका है कि बच्ची कहीं बच्चा चोर गिरोह के चंगुल में तो नहीं फंस गई. किसी अनहोनी की आशंका से परिवार सहमा हुआ है. लापता छात्रा के पिता अपने परिजनों के साथ बाजार में बेटी की तस्वीर लिए घूम रहे है और लोगों से पूछ रहे है कि कहीं मेरी बेटी को आपने देखा है क्या? दरअसल, 28 फरवरी को सोनाक्षी अपने घर से महज 500 मीटर की दूरी पर कोचिंग पढ़ने के लिए निकली थी. मां का ऑपरेशन हुआ था, तो सोनाक्षी ने मां से कहा कि ‘मां, मैं ट्यूशन जा रही हूं.’ मां ने भी उसे ट्यूशन जाने की इजाजत दी. इसके बाद वह घर से निकली, लेकिन देर रात 8:00 बजे तक जब वह घर नहीं लौटी, तो लापता छात्रा की मां ने पुलिस से लिखित शिकायत की.
48 घंटे बाद भी छात्रा का सुराग नहीं
पुलिसकर्मियों ने आवेदन लेकर कहा कि सुबह आइए, एफआईआर दर्ज कर देंगे. मामला दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. परिजन जब सुबह थाने पहुंचे, तब एसएचओ से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई. समय बीतता गया और आज 48 घंटे से ज्यादा वक्त हो गया है. ऑपरेशन के कारण दर्द से कराहती मां और बेटी के लापता होने की चिंता ने उसे पूरी तरह तोड़ दिया है. आखिरकार उन्होंने आम लोगों से भी सहयोग की गुहार लगाई, लेकिन अभी तक उनकी बेटी का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. इधर, सोमवार को भवानीपुर थाने के जमादार ने लापता छात्रा के पिता को थाना पर बुलवाया और सादे पन्ने पर हस्ताक्षर करवाए. लापता छात्रा सोनाक्षी की मां आरती देवी ने कहा कि शनिवार को शाम 4:30 बजे वह घर से निकली थी. उसने हमसे पूछा, “मम्मी, क्या हम पढ़ने के लिए जाएं?” हमने भी पढ़ाई के नाम पर उसे जाने की इजाजत दे दी. लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी वह वापस नहीं लौटी. फिर हमें शक हुआ, चिंता होने लगी.
जल्द बरामद कर ली जाएगी बच्चीः थानेदार
मां ने कहा कि हमने कोचिंग के ट्यूशन टीचर से पूछा तो उन्होंने कहा कि वह आज पढ़ने के लिए ट्यूशन नहीं आई थी और न ही उसने फोन किया था. रात में ही पुलिस से शिकायत की. उन्होंने आवेदन लिया और मामले में एफआईआर दर्ज की. हमारे चार बच्चे हैं, सोनाक्षी चारों बच्चों में सबसे बड़ी है. पिता कन्हैया लाल शाह ने बताया कि मेरी बच्ची शनिवार से लापता है. काफी खोजबीन के बाद जब कुछ पता नहीं चला तो हम ट्यूशन के मास्टर से मिलने गए. उन्होंने कहा कि तुम्हारी बच्ची आज पढ़ने नहीं आई थी. रिश्तेदारों, समाज और आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की, लेकिन कोई अता-पता नहीं चला. हमें आशंका है कि कहीं बच्चा चोर गिरोह के चंगुल में तो बेटी नहीं फंस गई है. भवानीपुर (नवगछिया) के थानेदार शंभू ने बताया कि आवेदन मिला है. मामला दर्ज कर लिया गया है. बच्ची की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है, तमाम कड़ियों को जोड़कर बच्ची को जल्द बरामद कर लिया जाएगा.
ये भी पढ़ेंः घर में पांच शव…सिर पर गोलियों के निशान…परिवार सहित भूमि सर्वेक्षक की हत्या से दहला पूरा जिला
