Vajrapat: बांका जिले में रविवार का दिन दर्द और मातम लेकर आया. दोपहर में तेज बारिश और गर्जन के बीच अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से चार प्रखंडों में छह किसानों और मजदूरों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य किसान और मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. सबसे दर्दनाक घटना बांका टाउन थाना क्षेत्र के खावा गांव में हुई, जहां खेत में काम कर रहे पिता और उनके सात वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं अमरपुर, बाराहाट और बांका शहर के गुलाहो व लीलावरन गांव में भी एक-एक व्यक्ति की जान चली गई. रजौन और चांदन प्रखंड में सात लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है. सभी घटना खेत पर रोपनी करने के दौरान हुई है.
खावा गांव में गिरी बिजली
बांका टाउन थाना क्षेत्र के खावा गांव में रविवार दोपहर तेज मूसलाधार बारिश के दौरान हुए वज्रपात ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं. गांव निवासी 35 वर्षीय ब्रह्मदेव यादव रविवार को खेत में काम करने के लिए घर से निकले थे. रविवार होने के कारण स्कूल की छुट्टी थी, इसलिए उनका सात वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार भी पिता के साथ खेत जाने की जिद करने लगा. पहले ब्रह्मदेव ने बेटे को मना किया, लेकिन उसकी जिद के आगे हार मानकर उसे अपने साथ खेत ले गए. दोपहर के समय दोनों खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक मौसम बदला और तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई. देखते ही देखते आकाशीय बिजली सीधे पिता-पुत्र पर गिर गई. वज्रपात की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए. आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों को इलाज के लिए बांका सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.
लीलावरण में भी धान की रोपाई करते समय हुआ हादसा
इसी थाना क्षेत्र के गुलाहो गांव में भी खेत में काम कर रहे विनोद यादव की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई. वहीं बांका शहर के लीलावरण गांव में भी रोपनी करने के दौरान सरिता देवी की मौत हो गई. उधर अमरपुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर राय बहियार में धान की रोपाई कर रहे मजदूर अजय महतो की ठनका गिरने से दर्दनाक मौत हो गई. परिजनों ने बताया कि अजय खेत में रोपनी कर रहे थे. इसी दौरान पास के एक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.
कई घायल अस्पताल में भर्ती
वहीं बाराहाट प्रखंड के दफरपुर गांव में खेत पर काम कर रहे किसान साधु तांती की भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई. ग्रामीणों ने उन्हें स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. दूसरी ओर रजौन प्रखंड के तीन अलग-अलग गांवों में वज्रपात की घटनाओं में चार किसान और मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में सिमरौंधा गांव की रीना देवी एवं कल्पना देवी, मुरादपुर की रीता देवी तथा मोरामा निवासी दिनेश प्रताप सिंह शामिल हैं. सभी अपने-अपने खेत में धान की रोपनी कर रहे थे. इसी दौरान तेज बारिश और गर्जन के बीच आकाशीय बिजली गिरने से वे उसकी चपेट में आ गए. इधर चांदन प्रखंड के आनंदपुर थाना क्षेत्र स्थित दोमुहान गांव में भी खेत में रोपनी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से हैदर अंसारी, जीशान अंसारी और कारी देवी गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी खेत में काम कर रहे थे.
