Home Latest News & Updates अब आम लोग भी देखेंगे केजरीवाल का ‘शीश महल’! जानें पूर्व CM के बंगले में क्या-क्या देख सकेंगे आप

अब आम लोग भी देखेंगे केजरीवाल का ‘शीश महल’! जानें पूर्व CM के बंगले में क्या-क्या देख सकेंगे आप

by Preeti Pal 18 November 2026, 11:21 AM IST (Updated 18 November 2026, 11:22 AM IST)
18 November 2026, 11:21 AM IST (Updated 18 November 2026, 11:22 AM IST)
अब आम लोग भी देख सकेंगे केजरीवाल का 'शीश महल'! जानें पूर्व CM का आलीशान बंगलें में क्या-क्या देखने को मिलेगा

Sheesh Mahal: दिल्ली की राजनीति में चर्चा का केंद्र रहे अरविंद केजरीवाल के पूर्व सरकारी आवास यानी ‘शीश महल’ को अब आम लोग भी देख सकेंगे. बीजेपी के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार अगले हफ्ते से इस बंगले को आम जनता के लिए खोलने जा रही है. दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी. हालांकि, यहां घूमने के लिए टिकट और बुकिंग की व्यवस्था कैसे होगी, इसका पूरा ब्योरा जल्द जारी किया जाएगा. मंत्री ने बताया कि आम लोगों के आने से पहले अगले दो से तीन दिनों में मीडिया के लिए एक खास टूर आयोजित किया जाएगा. सरकार चाहती है कि सबसे पहले पत्रकार इस परिसर को देखें और इसकी सुविधाओं और निर्माण से जुड़ी जानकारी हासिल करें.

क्या-क्या देख सकेंगे लोग?

प्रवेश साहिब सिंह के मुताबिक, सरकार लोगों को पूरे परिसर का दौरा कराना चाहती है. इसमें बंगले के अलग-अलग कमरे, सुविधाएं और इंटीरियर शामिल होंगे. उनका कहना है कि लोग खुद देख सकेंगे कि इस आवास को बनाने और सजाने में किस तरह की व्यवस्थाएं की गई थीं. मंत्री ने आरोप लगाया कि इस आवास के निर्माण के लिए कई बंगले, सर्वेंट क्वार्टर और एक गैराज तक गिराए गए थे. उन्होंने केजरीवाल के पुराने राजनीतिक बयानों का भी जिक्र किया. उनके मुताबिक, केजरीवाल पहले कहते थे कि वो न तो कार रखेंगे और न ही बंगले में रहेंगे. ऐसे में मंत्री ने उनके पुराने बयानों और इस आवास के बीच अंतर पर सवाल उठाए.

स्मार्ट लाइटिंग और महंगे पर्दे

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री ने बंगले के महंगे इंटीरियर को लेकर भी कई दावे किए. उन्होंने बताया कि यहां ऐसे स्मार्ट लाइटिंग सिस्टम लगाए गए हैं, जिनका रंग रिमोट से बदला जा सकता है. इनमें गुलाबी, नीले और भूरे रंग की लाइटिंग का ऑप्शन होने का दावा किया गया है. इसके अलावा उन्होंने करोड़ों रुपये के पर्दों और वियतनाम से लाए गए मार्बल के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए. मंत्री ने कहा कि वो पहले भी इन चीजों से जुड़ी जानकारी शेयर कर चुके हैं. अब सरकार चाहती है कि जनता खुद परिसर में जाकर इन व्यवस्थाओं को देखे.

बुकिंग की जानकारी

सरकार के मुताबिक, इस पहल का मकसद लोगों को पूरे परिसर को देखने का मौका देना है, ताकि वो सिर्फ राजनीतिक बयानों के आधार पर नहीं, बल्कि खुद देखकर अपनी राय बना सकें. हालांकि, बंगले के निर्माण और खर्च को लेकर मंत्री की तरफ से लगाए गए आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष निकालना अलग विषय है. फिलहाल लोगों को टिकट की कीमत, ऑनलाइन बुकिंग, विजिट का समय और प्रवेश से जुड़े नियमों का इंतजार है. सरकार जल्द ही इन सभी जानकारियों को सार्वजनिक करने वाली है. ऐसे में अगले हफ्ते से दिल्ली का ये चर्चित ‘शीश महल’ आम लोगों के लिए एक नए आकर्षण के रूप में खुल सकता है.

News Source: ANI

दिल्ली की हवा में फिर बढ़ा प्रदूषण! GRAP-3 हटने के अगले दिन कई इलाकों में हालत बहुत खराब

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?