Delhi Weather Today: राजधानी दिल्ली समेत देशभर में बारिश का दौर जारी है. दिल्ली में बारिश ने लोगों को चिलचिलाती गर्मी से काफी राहत दी है. गुरुवार को हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया है और हवा भी काफी साफ हो गई है. हालांकि भारी बारिश होने से कई हादसे भी हुए और लोगों को ट्रैफिक की समस्या का सामना करना पड़ा. आज भी हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग ने दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है.
आंधी-बिजिली के साथ बारिश का अनुमान
शुक्रवार सुबह दिल्ली में बादल छाए रहे और IMD ने आंधी-तूफान और बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया. IMD ने दोपहर और शाम के समय आंधी-तूफान के साथ बिजली कड़कने और कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की, तो कहीं-कहीं ठीक-ठाक बारिश का अनुमान लगाया है और राजधानी के लिए ‘येलो’ अलर्ट जारी किया है.
सुबह 8.30 बजे ह्यूमिडिटी 92 परसेंट थी. इस बीच, सफदरजंग में मिनिमम टेम्परेचर नॉर्मल से 1.5 डिग्री कम 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा. पालम में नॉर्मल से 2.8 डिग्री कम 24.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि लोधी रोड में नॉर्मल से 0.3 डिग्री कम 25.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. रिज स्टेशन पर मिनिमम टेम्परेचर नॉर्मल से 3.6 डिग्री कम 22.9 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में नॉर्मल से 2.4 डिग्री कम 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
साफ हुई हवा
बारिश के बाद लोगों साफ हवा भी मिली है. सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के डेटा के मुताबिक, सुबह 9 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 54 था, जो इसे ‘सैटिसफैक्ट्री’ कैटेगरी में रखता है. बता दें, बारिश होने से हवा में मौजूद प्रदूषण के कण भारी होकर जमीन पर बैठ जाते हैं, जिससे हवा साफ हो जाती है. 0 से 50 के बीच AQI को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच को ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ माना जाता है.
गुरुवार को हुई झमाझम बारिश
एक दिन पहले राजधानी में भारी बारिश हुई थी. बुधवार की रात से शुरु हुई बारिश गुरुवार शाम को खत्म हुई. इंडिया मेटियोरोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने बताया कि पिछले 24 घंटों में शहर में ठीक-ठाक बारिश हुई। शहर के बेस स्टेशन सफदरजंग में सुबह 8.30 बजे तक 33.6 mm बारिश रिकॉर्ड की गई. इसी दौरान लोधी रोड में 33.7 mm, रिज में 25.9 mm, आयानगर में 4.2 mm और पालम में 1.8 mm बारिश हुई.
News Source: PTI
