PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दिल्ली को 33,500 करोड़ की सौगात देंगे. इस मौके पर प्रधानमंत्री सरोजिनी नगर में आवंटियों को आवास की चाबियां सौंपेंगे.
PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को दिल्ली को 33,500 करोड़ की सौगात देंगे. इस मौके पर प्रधानमंत्री सरोजिनी नगर में आवंटियों को आवास की चाबियां सौंपेंगे. मोदी दो नए दिल्ली मेट्रो कॉरिडोर सहित लगभग 33,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. कार्यक्रम से पहले मोदी सरोजिनी नगर में महिला आवंटियों को चाबियां सौंपेंगे. वह पिंक लाइन के 12.3 किलोमीटर लंबे मजलिस पार्क-मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर और मैजेंटा लाइन के 9.9 किलोमीटर लंबे दीपाली चौक-मजलिस पार्क कॉरिडोर का भी उद्घाटन करेंगे. कॉरिडोर से मजलिस पार्क-मौजपुर-बाबरपुर खंड से बुराड़ी, जगतपुर-वजीराबाद, खजूरी खास, भजनपुरा और यमुना विहार जैसे क्षेत्रों को फायदा होगा, जिससे उत्तर और पूर्वी दिल्ली में कनेक्टिविटी मजबूत होगी.
यात्रियों के लिए सफर होगा आसान
दीपाली चौक-मजलिस पार्क खंड मैजेंटा लाइन का एक उन्नत विस्तार है. यह कॉरिडोर मधुबन चौक, उत्तर पीतमपुरा-प्रशांत विहार, हैदरपुर बादली मोर और भलस्वा सहित क्षेत्रों को जोड़ेगा. इन हिस्सों के जुड़ने से पिंक लाइन और मैजेंटा लाइन नेटवर्क का और विस्तार होगा. राजधानी भर में दैनिक यात्रियों के लिए यात्रा आसान होगी. पीएम मोदी विस्तार योजना के चरण V-A के तहत तीन नए दिल्ली मेट्रो कॉरिडोर की आधारशिला भी रखेंगे, जिनकी कुल लंबाई लगभग 16.1 किलोमीटर होगी. इसमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर, एयरोसिटी-इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा टर्मिनल -1 कॉरिडोर और तुगलकाबाद-कालिंदी कुंज कॉरिडोर शामिल है, जिससे मध्य दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नोएडा और हवाई अड्डे के बीच कनेक्टिविटी में सुधार होगा. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह दिल्ली में तेज, सुचारु और पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा.
मेट्रो नेटवर्क से जुड़ेंगे वाणिज्यिक क्षेत्र
उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं न केवल यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं प्रदान करेंगी बल्कि सड़कों पर निजी वाहनों के दबाव को कम करने और प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी सहायक होंगी. दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक का गलियारा मैजेंटा लाइन का विस्तार है. इसके शुरू होने के साथ इस लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर तक पहुंच जाएगी. उन्होंने कहा कि इस गलियारे के माध्यम से कई आवासीय और वाणिज्यिक क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क के साथ जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों के लिए निर्बाध और समय पर यात्रा सुनिश्चित होगी. पूरा होने पर ये परियोजनाएं दिल्ली के प्रशासनिक, वाणिज्यिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी को बढ़ाएंगी. साथ ही हवाई अड्डे तक तेज और अधिक सीधी मेट्रो पहुंच सुनिश्चित करेंगी. मेट्रो परियोजनाओं के अलावा प्रधान मंत्री जनरल पूल आवासीय के पुनर्विकास के तहत लगभग 15,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे.
ये भी पढ़ेंः हिमाचल सरकार का बड़ा फैसला: अब पति द्वारा छोड़ी गई महिलाएं भी कहलाएंगी ‘निराश्रित’, मिलेगी पेंशन
News Source: PTI
