Gujarat News: नवरात्रि से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ‘Rent A Garba Partner’ के विज्ञापनों ने अब नया विवाद खड़ा कर दिया है. एक तरफ साइबर क्राइम पुलिस इन पोस्ट और अकाउंट्स की जांच कर रही है कि कहीं इसके जरिए ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी प्रोफाइल या संदिग्ध पेमेंट लिंक के माध्यम से लोगों को निशाना तो नहीं बनाया जा रहा. वहीं दूसरी तरफ इन पोस्ट को लेकर सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
पार्टनर के लिए अलग-अलग पैकेज की है बात
सोशल मीडिया पर सामने आए कुछ पोस्ट में युवाओं को पैसे लेकर गरबा पार्टनर उपलब्ध कराने की बात कही गई है. अलग-अलग पोस्ट में पार्टनर के लिए अलग-अलग पैकेज और कीमतें दिखाई गई हैं. पुलिस ने लोगों को ऐसे अनजान सोशल मीडिया अकाउंट, पेमेंट लिंक और संदिग्ध अटैचमेंट से सावधान रहने की सलाह दी है. इसी विवाद के बीच महाकाल सेना के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष विजयसिंह चावड़ा ने ‘Rent A Garba Partner’ को लेकर कड़ा बयान दिया है. विजयसिंह चावड़ा का कहना है कि गरबा हिंदू संस्कृति, शक्ति और भक्ति का त्योहार है और लोगों को ‘Rent A Garba Partner’ जैसी पोस्ट से दूर रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के जरिए ऐसे पार्टनरों को ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है.
महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा का उठा मुद्दा
उनका कहना है कि अगर ऐसा कोई व्यक्ति उनके सामने आता है तो वे ‘अपने तरीके से इसका इलाज करेंगे’. महाकाल सेना की ओर से यह भी सवाल उठाया गया कि गरबा में आने वाला पार्टनर किस धर्म का होगा, इसकी पहचान कैसे होगी? संगठन ने सरकार से ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई की मांग की है. महाकाल सेना के बयान में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया गया है. संगठन का कहना है कि वह अपनी बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा करना जानता है. विजयसिंह चावड़ा ने गरबा आयोजनों में गैर हिंदुओं की एंट्री को लेकर भी अपनी बात रखी. उनके मुताबिक, गैरहिंदुओं को गरबा में प्रवेश नहीं दिया जाना चाहिए.
जहां सम्मान नहीं, वहां नहीं जाना चाहिएः साबिर
वहीं, ‘Rent A Garba Partner’ विवाद पर AIMIM के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष साबिर कांबलीवाला ने भी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि गरबा गुजरात का गौरव है और इसे खराब नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने सोशल मीडिया पर इस तरह की पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है और कहा है कि जरूरत पड़ने पर FIR दर्ज होनी चाहिए. साबिर कांबलीवाला ने महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ पूरी रात रहना सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय हो सकता है. उन्होंने ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई की मांग की. गरबा में गैरहिंदुओं की एंट्री को लेकर साबिर कांबलीवाला ने कहा कि जहां सम्मान नहीं मिलता, वहां नहीं जाना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि इस्लाम में भी ऐसी जगह जाने की इजाजत नहीं है जहां सम्मान न मिले. उनके बयान के मुताबिक, मुस्लिम युवाओं को हिंदुओं के त्योहार में गरबा खेलने के लिए नहीं जाना चाहिए.
अनजान लिंक पर न करें पेमेंटः पुलिस
‘Rent A Garba Partner’ के वायरल पोस्ट को लेकर अहमदाबाद साइबर क्राइम भी जांच कर रहा है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये पोस्ट वास्तविक सेवाएं हैं, सोशल मीडिया प्रमोशन हैं, मजाक या वायरल कंटेंट हैं अथवा इनके पीछे किसी तरह का साइबर फ्रॉड है. पुलिस ने विशेष रूप से लोगों को अनजान लिंक पर पेमेंट नहीं करने और संदिग्ध फोटो या अटैचमेंट पर क्लिक नहीं करने की चेतावनी दी है.
साइबर क्राइम की कर रही जांच
अधिकारियों के मुताबिक ऐसे लिंक के जरिए बैंक अकाउंट या सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़ी जानकारी को निशाना बनाने की कोशिश हो सकती है. यानी ‘Rent A Garba Partner’ विवाद अब सिर्फ सोशल मीडिया ट्रेंड तक सीमित नहीं रहा. इसके साथ महिलाओं की सुरक्षा, साइबर फ्रॉड, गरबा की सांस्कृतिक पहचान और गरबा आयोजनों में प्रवेश नियम जैसे कई सवाल जुड़ गए हैं. अब देखना होगा कि साइबर क्राइम की जांच में इन सोशल मीडिया पोस्ट के पीछे कौन है और क्या इनमें वास्तव में कोई गैरकानूनी गतिविधि सामने आती है.
पीएम मोदी ने मां दुर्गा को समर्पित करते हुए लिखा ‘गरबा’ गीत, सोशल मीडिया पर किया शेयर
