Haryana Police: स्वतंत्रता दिवस-2026 के मद्देनजर हरियाणा पुलिस ने 1 से 15 अगस्त तक चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ के तहत अपराधियों के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया. 15 दिन के इस अभियान में पुलिस ने प्रदेशभर में 4,771 कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया और 3,915 आपराधिक मामले दर्ज किए.
गंभीर अपराधों में शामिल 865 आरोपियों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया गया. अभियान का मुख्य फोकस हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, फिरौती, स्नैचिंग, अपहरण, अवैध हथियार और संगठित अपराध में शामिल अपराधियों की धरपकड़ पर रहा. जिला पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच, STF और अन्य विशेष इकाइयों ने मिलकर कार्रवाई की.
28 इनामी और वांछित गिरफ्तार
राज्य अपराध शाखा के पुलिस महानिरीक्षक राकेश आर्य के अनुसार अभियान के दौरान 258 प्रमुख मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी हुई. इनमें 28 इनामी और वांछित अपराधी शामिल हैं. गिरफ्तार इनामी अपराधियों में 1 लाख रुपये का एक, 50 हजार का एक, 25 हजार के दो, 20 हजार का एक, 2 हजार के चार और 5 हजार रुपये के इनाम वाले 19 अपराधी शामिल हैं.
हजारों नशीली गोलियां, कैप्सूल और इंजेक्शन जब्त
ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए. इसमें 135 देसी कट्टे, 76 पिस्टल, 3 रिवॉल्वर, 2 गन, 15 मैगजीन और 287 कारतूस शामिल हैं. अपराध में इस्तेमाल किए गए 336 वाहनों को भी जब्त किया गया. नशे के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस ने 3.77 किलो हेरोइन, 1.11 किलो चरस/सल्फा, 294.51 ग्राम स्मैक, 204.04 ग्राम कोकीन, 173.81 किलो गांजा, 10.64 किलो अफीम और 59.77 किलो पोपी स्ट्रॉ बरामद किया. इसके अलावा हजारों नशीली गोलियां, कैप्सूल और इंजेक्शन भी जब्त किए गए.
हत्या और लूट समेत गंभीर अपराधों में गिरफ्तारियां
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक आर्म्स एक्ट के 251 मामलों में 271 आरोपी, हत्या के प्रयास के 155 मामलों में 262 आरोपी, हत्या के 72 मामलों में 99 आरोपी, लूट के 44 मामलों में 70 आरोपी और स्नैचिंग के 38 मामलों में 57 आरोपी गिरफ्तार किए गए. वहीं फिरौती, अपहरण और डकैती के मामलों में भी बड़ी संख्या में गिरफ्तारियां हुईं.
1647 हिस्ट्रीशीट पर कार्रवाई
अभियान के दौरान पुलिस ने 241 नए आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली, जबकि 1,406 हिस्ट्रीशीट अपडेट की गईं. पुलिस का कहना है कि इससे आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर निगरानी और उनके आपराधिक नेटवर्क पर कार्रवाई में मदद मिलेगी.
DGP बोले- अपराधियों और नेटवर्क पर होगा प्रहार
हरियाणा के DGP अजय सिंघल ने कहा कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन का उद्देश्य सिर्फ अपराधियों को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि उनके पूरे नेटवर्क पर प्रभावी और स्थायी प्रहार करना है. उन्होंने कहा कि अपराधी किसी भी धर्म, जाति या संप्रदाय का हो, कानून से खिलवाड़ की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी. DGP ने आम लोगों से भी अपराध, नशे, अवैध हथियार, गैंगस्टर गतिविधियों या संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की. उन्होंने कहा कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी. पुलिस का लक्ष्य अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसते हुए सुरक्षित और नशामुक्त हरियाणा की दिशा में आगे बढ़ना है.
