Jharkhand Liquor Scam: झारखंड के चर्चित शराब घोटाले से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अपनी जांच तेज कर दी है. इसी क्रम में कांग्रेस विधायक और राज्य के पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव तथा उनके बेटे रोहित उरांव को एक बार फिर समन जारी किया गया है. दोनों को 6 जुलाई को रांची स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है. सूत्रों के अनुसार, ईडी ने इससे पहले भी दोनों को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन निर्धारित तिथि पर उनके उपस्थित नहीं होने के बाद एजेंसी ने दोबारा समन जारी किया है.
निजी कंपनियों को अनुचित लाभ देने का आरोप
जांच एजेंसी इस मामले में कथित वित्तीय अनियमितताओं, मनी लॉन्ड्रिंग और नई आबकारी नीति के तहत हुए फैसलों की जांच कर रही है. ईडी की जांच वर्ष 2022 में लागू झारखंड की नई आबकारी नीति से जुड़े कथित घोटाले पर केंद्रित है. एजेंसी को संदेह है कि इस नीति के क्रियान्वयन के दौरान कुछ निजी कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचाया गया और इसके जरिए बड़े पैमाने पर अवैध वित्तीय लेन-देन हुआ. इसी कड़ी में विभिन्न अधिकारियों, कारोबारियों और अन्य लोगों से पूछताछ की जा चुकी है. जांच के दौरान ईडी ने पहले रामेश्वर उरांव और उनके बेटे रोहित उरांव के ठिकानों पर भी छापेमारी की थी.
नकदी और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद
एजेंसी के अनुसार, तलाशी के दौरान नकदी और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए थे, जिनकी जांच की जा रही है. अब ईडी दोनों से इन दस्तावेजों, बैंक खातों, संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े सवाल पूछ सकती है. बताया जा रहा है कि 6 जुलाई को होने वाली पूछताछ में ईडी दोनों से उनकी चल और अचल संपत्तियों, आय के स्रोत, बैंक खातों और कथित शराब सिंडिकेट से जुड़े संभावित संबंधों के बारे में जानकारी ले सकती है. एजेंसी इस मामले में उपलब्ध दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों का मिलान भी करेगी.
ED कर रही मामले की जांच
इस मामले में ईडी पहले ही कई वरिष्ठ अधिकारियों और शराब कारोबार से जुड़े लोगों से पूछताछ कर चुकी है. कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है. ऐसे में रामेश्वर उरांव और रोहित उरांव से होने वाली पूछताछ को जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. हालांकि, इस पूरे मामले में अभी जांच जारी है और ईडी ने किसी भी व्यक्ति के खिलाफ अंतिम निष्कर्ष या आरोप तय नहीं किए हैं. 6 जुलाई को होने वाली पूछताछ के बाद जांच की दिशा और आगे की कार्रवाई को लेकर तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है.
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद INDIA ब्लॉक में बढ़ी दरार? BJP बोलीं- लूट और भ्रष्टाचार…
- विशाल भारद्वाज की रिपोर्ट
