Nitin Naveen: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के 6 और 7 जून को प्रस्तावित दो दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला झारखंड दौरा होने जा रहा है, जिसे लेकर पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. दौरे को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए प्रदेश भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है.
प्रदेश कार्यालय में व्यवस्था समिति की बैठक
इसी क्रम में प्रदेश भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में व्यवस्था समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से जुड़े कार्यक्रमों, स्वागत व्यवस्था, संगठनात्मक बैठकों, जनसंपर्क गतिविधियों और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए नेताओं और पदाधिकारियों के बीच जिम्मेदारियों का बंटवारा भी किया गया.
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी ने बैठक के बाद बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के झारखंड दौरे को लेकर पार्टी पूरी तरह तैयार है. उन्होंने कहा कि यह बैठक दौरे से संबंधित सभी तैयारियों की समीक्षा करने तथा कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने की रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी.
नवीन का पहला झारखंड दौरा
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाऊरी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला झारखंड दौरा है, इसलिए इसका विशेष महत्व है. अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे पार्टी के कई महत्वपूर्ण सांगठनिक कार्यक्रमों, समीक्षा बैठकों और कार्यकर्ता सम्मेलनों में हिस्सा लेंगे. इसके अलावा कुछ सामाजिक और गैर राजनीतिक कार्यक्रमों में भी उनकी भागीदारी प्रस्तावित है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन को नई दिशा और नई ऊर्जा देने वाला अवसर साबित होगा. उनके मार्गदर्शन से प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठनात्मक अभियानों के लिए प्रेरणा मिलेगी.
रांची में हुआ था नितिन का जन्म
प्रदेश भाजपा का मानना है कि इस दौरे से राज्य में संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी. पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का संवाद कार्यकर्ताओं में नया जोश और आत्मविश्वास पैदा करेगा. यही कारण है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों से लेकर मंडल स्तर तक के कार्यकर्ता इस दौरे को लेकर उत्साहित हैं और तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का झारखंड, विशेष रूप से रांची से एक गहरा भावनात्मक और आत्मीय रिश्ता भी रहा है.
अमर कुमार बाऊरी ने बताया कि नितिन नवीन का जन्म रांची में हुआ था और उनकी प्रारंभिक तथा उच्च शिक्षा भी इसी शहर में संपन्न हुई. इसलिए झारखंड उनके लिए केवल एक राजनीतिक कार्यक्षेत्र नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से जुड़ा हुआ प्रदेश है.
भाजपा नेताओं का कहना है कि रांची और झारखंड से उनके इस विशेष जुड़ाव के कारण कार्यकर्ताओं और आम जनता में भी उनके आगमन को लेकर अलग तरह का उत्साह दिखाई दे रहा है. पार्टी को उम्मीद है कि उनका यह दौरा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम नागरिकों के बीच भी सकारात्मक संदेश लेकर जाएगा.
बैठक में ये थे मौजूद
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, वरिष्ठ विधायक सीपी सिंह, हटिया विधायक नवीन जायसवाल, बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाऊरी, मनोज सिंह, रांची के डिप्टी मेयर नीरज कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे.
इसके अलावा रांची महानगर, रांची पूर्वी, रांची पश्चिमी और रामगढ़ जिला इकाइयों के अध्यक्ष क्रमशः वरुण साहू, नरेंद्र सिंह, विनय महतो और संजीव कुमार बाबला सहित संबंधित जिलों के प्रभारी तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन का यह पहला झारखंड दौरा प्रदेश भाजपा के लिए संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है.
आगामी राजनीतिक गतिविधियों और चुनावी रणनीतियों के मद्देनजर यह दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के साथ-साथ संगठन की ताकत को भी प्रदर्शित करेगा. फिलहाल भाजपा संगठन राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत और कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है. पार्टी का लक्ष्य इस दौरे को न केवल सफल बल्कि झारखंड भाजपा के इतिहास के सबसे यादगार आयोजनों में शामिल करना है.
2027 से पहले पंजाब कांग्रेस में बदलाव की आहट! नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों से गरमाई सियासत
- रांची से विशाल भारद्वाज की रिपोर्ट
