Jitu Patwari Letter: मध्यप्रदेश की चर्चित दतिया विधानसभा सीट के उपचुनाव के नतीजों ने प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है. दतिया के इस सियासी दंगल में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने जीत दर्ज की है और उन्होंने भाजपा के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को छह हजार से अधिक वोटों से हराया है.
इस बीच दतिया नतीजों के बाद कांग्रेस के प्रदेश अक्ष्यक्ष जीतू पटवारी का सीएम मोहन यादव को एक पत्र लिखा है. उन्होंने इसमें कहा है कि आरोप-प्रत्यारोप नहीं, अब आंकड़ों पर बहस हो. आइए जानते हैं पूरी खबर.
स्वस्थ राजनीतिक परंपरा की शुरुआत की मांग
दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली जीत के बाद मध्य प्रदेश की राजनीति में एक नया मोड़ आ गया है. मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक पत्र लिखा है.
इस पत्र को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया के जनादेश से यह साफ हो गया है कि जनता अब झूठे वादों के बजाय पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और ठोस परिणाम चाहती है. उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि दोनों दल मिलकर मध्य प्रदेश में श्वेत-पत्र जारी करने की एक नई और स्वस्थ राजनीतिक परंपरा की शुरुआत करें.
जीतू पटवारी ने अपने पत्र में लिखा है कि दतिया का निर्णय केवल एक विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे मध्य प्रदेश की जनता के मन की आवाज है. जनता अब सकारात्मक और विकास आधारित विमर्श चाहती है, जहां केवल समस्याओं पर राजनीति न हो, बल्कि समाधान पर सीधी बात हो.

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखा कि राज्य की बुनियादी चुनौतियों पर सरकार को क्रमवार श्वेत-पत्र जारी करने चाहिए.
इन प्रमुख मुद्दों पर श्वेत-पत्र की मांग
- बिजली और पेयजल व्यवस्था
- शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं
- किसान और कृषि क्षेत्र की चुनौतियां
- युवाओं के लिए रोजगार के अवसर
- प्रदेश की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा
- आदिवासी, दलित और पिछड़ा वर्ग से जुड़े प्रश्न
विकास के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति
जीतू पटवारी ने कहा कि एक स्वस्थ लोकतंत्र में बहस का आधार आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि तथ्य और आंकड़े होने चाहिए. उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इन सभी जनहित के मुद्दों पर अपने तथ्य, सुझाव और दृष्टिकोण सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत करने के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने कहा कि यदि सरकार इस पहल को स्वीकार करती है तो जनता के बीच यह संदेश जाएगा कि राज्य सरकार जनहित के मुद्दों पर खुले संवाद, आत्ममंथन और जवाबदेही के लिए तैयार है.
बता दें दतिया उपचुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस आक्रामक रुख में है और अब विकास के मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रही है. देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस के इस श्वेत-पत्र वाले प्रस्ताव पर राज्य सरकार और भारतीय जनता पार्टी की तरफ से क्या प्रतिक्रिया आती है.
दतिया उपचुनाव: घनश्याम सिंह की जीत से कांग्रेस में जश्न, BJP को बड़ा सियासी झटका
