Datia By-Election: मध्यप्रदेश की चर्चित दतिया विधानसभा सीट के उपचुनाव के नतीजों ने प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है. दतिया के इस सियासी दंगल में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने जीत दर्ज करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को शिकस्त दे दी है. विधानसभा चुनावों के बाद इस उपचुनाव में भी लाडली बहना योजना का दांव भाजपा के काम नहीं आया और क्षेत्र की महिला मतदाताओं ने कांग्रेस पर अपना भरोसा कायम रखा.
नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ पर भी लगा BJP को झटका
इस चुनाव के सबसे चौंकाने वाले नतीजों में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ नंबर 121 का परिणाम भी खास रहा. यहां भी कांग्रेस ने बढ़त हासिल की और भाजपा को मात दी. इस बूथ पर कांग्रेस प्रत्याशी को 291 वोट मिले जबकि भाजपा के खाते में महज 264 वोट आए.
नौवें राउंड में हुई नोकझोंक
मतगणना की शुरुआत से ही कांग्रेस उम्मीदवार ने बढ़त बनाए रखी. 9वें राउंड तक कांग्रेस की बढ़त 9,519 वोटों तक पहुंच गई थी. इसी राउंड के दौरान EVM रखने की जगह को लेकर भाजपा और कांग्रेस के एजेंटों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसे पुलिस ने हस्तक्षेप कर शांत कराया. 14वें राउंड तक कांग्रेस को 6,614 और BJP को 3,100 वोट मिले, जिससे कांग्रेस की कुल लीड 7,459 वोट हो गई. अंतिम दौर की मतगणना में वोटों का अंतर थोड़ा घटा और अंतत: घनश्याम सिंह 6,056 वोटों के अंतर से विजयी घोषित हुए.
मांजलपुर में फिर चला BJP का जादू, सतीश पटेल की ऐतिहासिक जीत ने बदल दिए सियासी समीकरण
क्यों खाली हुई थी सीट
बता दें दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को सहकारिता ग्रामीण विकास बैंक धोखाधड़ी मामले में 2 साल की सजा सुनाए जाने के बाद खाली हुई थी. 2023 के आम विधानसभा चुनाव में राजेंद्र भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को 7742 वोटों से हराकर यह सीट जीती थी. कांग्रेस ने उपचुनाव में भी अपनी इस सीट को बरकरार रखा.
भाजपा में भीतरघात के आरोप
हार के बाद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने मीडिया से बातचीत में पार्टी के अंदरूनी कलह और भीतरघात की ओर इशारा किया. उन्होंने भावुक होते हुए कहा पार्टी को मां कहने वालों ने ही दगा किया है.
PCC मुख्यालय भोपाल से लेकर जिलों तक जश्न
दतिया में मिली इस जीत के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने वीडियो कॉल के जरिए कार्यकर्ताओं को बधाई दी और जनता का आभार व्यक्त किया. इस जीत से पूरी मध्य प्रदेश कांग्रेस में नए उत्साह का संचार हुआ है. राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया. इधर प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ दतिया जीत का जश्न मनाया.
बांकीपुर सीट पर प्रशांत किशोर की प्रचंड जीत, बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार को 18953 वोटों से हराया
