MP News : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव 11 अगस्त को होमगार्ड मुख्यालय पहुंचे. उन्होंने राज्य आपदा प्रबंधन के सिचुएशन रूम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र को देखा और उससे प्रभावित लोगों का हालचाल जाना. उन्होंने प्रभावितों से सीधा संवाद किया. इस दौरान सीएम यादव को बताया गया कि अभी तक प्रदेश में 527 बाढ़ प्रभावितों का रेस्क्यू किया गया है. राहत-बचाव का कार्य लगातार जारी है. जानकारी लेने के बाद सीएम मोहन ने राहत -बचाव कार्य में जुटे मैदानी अमले को आवश्यक निर्देश दिए.
राहत पहुंचाने का किया जा रहा कार्य
इसे लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मीडिया से कहा कि बारिश का समय है. इस बार सामान्य से 15 प्रतिशत कम बारिश हुई है. जहां बारिश ज्यादा हुई है वहां आमजनों को राहत पहुंचाने का कार्य जारी है. मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि रेस्क्यू टीम ने अभी तक 527 लोगों की जान बचाई है. खंडवा में 7 कांवड़ियों का रेस्क्यू किया गया. बारिश में अचानक नदी का जल स्तर बढ़ने से खतरे की स्थिति बनती है.
हर स्तर पर काम कर रही सरकार
सीएम यादव ने कहा कि रेस्क्यू टीम दिन रात बचाव का काम करती है. आज मैंने होम गार्ड ऑफिस में वीसी के माध्यम से बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया. जिन लोगों को रेस्क्यू करके बचाया गया उनसे भी बात की. जिन लोगों के घर नदी-नालों के किनारे बने हैं, मैं उनसे आग्रह करता हूं कि वे विशेष सावधानी बरतें. यदि जरूरत पड़ती है तो पड़ोस के जिलों से भी मदद लें. हम प्रदेश स्तर पर भी मॉनिटरिंग कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार हर स्तर पर आम नागरिकों की सुविधा के लिए काम कर रही है.
दूसरे जिले से भी ली जाएगी मदद
मोहन यादव ने कहा कि राहत और बचाव दल लगातार काम कर रहे हैं. उन्होंने नदी और नालों के किनारे रहने वाले लोगों से सावधानी बरतने की अपील की. मुख्यमंत्री यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर आसपास के जिलों से भी मदद ली जा रही है. प्रदेश स्तर पर भी लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है. सरकार आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा के लिए हर स्तर पर जरूरी कदम उठा रही है.
