Nidhi Tiwari Suicide: लाखों फॉलोवर्स और चकाचौंध वाली जिंदगी केवल सोशल मीडिया पर ही दिखती है, लेकिन असल जिंदगी में कोई कितना अकेला है, इस बारे में किसी को खबर नहीं होती. मध्य प्रदेश के सिंगरौली में रहने वाली इन्फ्लूएंसर निधि तिवारी भी शायद इसी अकेलेपन से जूझ रही थीं. उनकी आत्महत्या ने इस तरह के कई सवाल खड़े कर दिए हैं. उनकी खुदकुशी से न सिर्फ उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा है, बल्कि उनके लाखों फॉलोवर्स को भी सदमा लगा है. एक सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर, जिसके 16 लाख फॉलोवर्स हो, जिसने मिस प्रिटी इंडिया का खिताब जीता, जो अपने जीवन में आत्मनिर्भर और सफल थी, आखिर ऐसा क्या हुआ कि उसने आत्महत्या करने का कदम उठाया.
सोनू का आया था फोन
30 साल की निधि तिवारी की मौत के बाद पुलिस उनकी आत्महत्या के पीछे के कारण की जांच कर रही है. प्रेम प्रसंग को भी कारण मानकर हर एंगल से जांच की जा रही है. शुरुआती जानकारी से पता चला है कि निधि की आत्महत्या की खबर उसके दोस्त ने परिवार को दी थी. शनिवार रात 8 से 8:30 बजे के बीच सोनू सिंह नाम के एक लड़के ने निधि की मां हेमलता तिवारी को फोन करके बताया कि निधि ऊपर वाले कमरे में सुसाइड करने जा रही है. फोन आने पर हेमलता तिवारी अपनी बेटियों के साथ ऊपर गईं, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था.

कमरे में लगाई फांसी
रिश्तेदारों को बुलाया गया और दरवाजा तोड़ा गया. कमरे के अंदर निधि तिवारी फंदे से लटकी हुई मिलीं। परिवार वाले उन्हें तुरंत हॉस्पिटल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि पंजाब का रहने वाला सोनू सिंह एक कंपनी में इंजीनियर का काम करता था. वह अक्सर काम के सिलसिले में सिंगरौली और आसपास के इलाकों में आता-जाता रहता था. इसी दौरान उसकी मुलाकात निधि तिवारी से हुई. परिवार वालों को शक है कि कि फोन पर बात करते समय उनकी कहासुनी हो गई होगी और इसलिए निधि ने अपनी जान दे दी.
फोन कॉल में हो सकता है राज
निधि की मौत के बाद अब सोनू सिंह फरार है. उसका मोबाइल बंद बताया जा रहा है. वह फिलहाल पुलिस की पकड़ से बाहर है. पुलिस अब सोनू के बारे में और जानकारी जुटा रही है और उसकी तलाश कर रही है. अभी तक पुलिस ने स्पष्ट नहीं किया है कि आत्महत्या की असल वजह क्या हो सकती है. अब जांच का सबसे अहम हिस्सा सोनू सिंह का फोन कॉल माना जा रहा है. पुलिस निधि और सोनू के बीच के रिश्ते और घटना से पहले उनके बीच क्या बातचीत हुई, इस बारे में जानकारी इकट्ठा कर रही है. इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा.
निधि की आखिरी पोस्ट को भी इसी घटना से जोड़कर देखा जा रहा है. इसमें उन्होंने लिखा, “इस अधूरे दिल को किसी ने पूरा नहीं किया, मैंने खुद पूरा किया है. इसलिए कहा जाता है, खुद से प्यार करो, किसी और से नहीं. खुद को अपने अंदर ढूंढो. कब तक खुद को किसी और में ढूंढोगे?”
रायपुर में खौफनाक वारदात, पत्नी और दो नाबालिग बेटों को चाकू से गोदा; हत्या के बाद खुदकुशी की कोशिश
News Source: ANI
