MP Tiranga Yatra: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में 9 अगस्त की सुबह पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगी रही. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ‘तिरंगा यात्रा’ का शुभारंभ किया. उन्होंने मंच पर तिरंगा लहराया और युवाओं के अंदर जोश भर दिया. सैकड़ों युवाओं ने टीटी नगर स्टेडियम से तिरंगा यात्रा निकाली और राष्ट्र सर्वोपरि का संदेश दिया. इस दौरान आलम यह था कि बारिश के बीच भी युवाओं का जोश कम नहीं हुआ. उन्होंने जोर-शोर से यह यात्रा निकाली और लोगों को प्रेरित किया.
मुख्यमंत्री निवास से की शुरुआत
सीएम मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा लहराकर हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ किया. उन्होंने युवाओं को आजीवन देशभक्ति का संकल्प लेने के लिए प्रेरित भी किया. इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में अभियान छेड़ा गया है. साल 1942 के महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन की तरह आज एक साथ सभी राज्यों में देशभक्त नागरिक तिरंगा यात्रा निकाल रहे हैं. आज इंद्र देवता भी सारे देशभक्तों-वीरों का स्वागत कर रहे हैं. भारत माता की जय.’

क्रांतिकारियों के लंबे संघर्ष का परिणाम है आजादी
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ करने से पहले सीएम डॉ. यादव ने कहा कि 9 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी द्वारा अंग्रेजों भारत छोड़ो अभियान की शुरुआत की गई थी. इस अभियान ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थीं. देश की आजादी के लिए क्रांतिकारियों द्वारा दिए गए बलिदान-संघर्ष और अहिंसक आंदोलन से देश में जो ज्वार उठा, उसकी वजह से 5 साल बाद अंग्रेज भारत छोड़कर चले गए और देश को स्वतंत्रता मिली. लंबे संघर्ष के बाद मिली इस आजादी को आज हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 15 अगस्त को 80 साल होंगे.
उत्तरदायित्व का पालन करें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम सभी परमात्मा से कामना करें, सभी शहीदों-स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करें. क्योंकि, इन सभी के योगदान से भारत को आजादी मिली. हम अपने सर्वहारा वर्ग और देश के नागरिकों के साथ आजादी का पर्व मनाएं, अपने उत्तरदायित्व का पालन करें. हम वसुधैव कुटुम्बकम के मार्ग पर चलें. हम कामना करें कि हमारा भारत चिर युवा और चिर स्वतंत्र रहे. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज हम पूरे देश में तिरंगा यात्रा निकाल कर रहे हैं. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने इसका आह्वान किया है. मैं खुद भी उसमें शामिल होने जा रहा हूं. मैं उम्मीद करता हूं कि पूरे देश में इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से युवा-बच्चे-बुजुर्ग-महिलाएं मिलकर संकल्प करेंगे कि वे आजीवन देश की सेवा करते रहेंगे.
हर घर तिरंगा अभियान: वाराणसी के सर्किट हाउस में लगी ऐतिहासिक प्रदर्शनी, गूंजी शहीदों की गाथा
