MP Rain Death: मध्य प्रदेश में सोमवार के बाद आज मंगलवार को भी बारिश का कहर लगातार जारी है. मानसून ट्रफ और लो प्रेशर एरिया के एक्टिव होने से प्रदेश में सीजन का सबसे स्ट्रॉन्ग सिस्टम बना हुआ है. बीते 24 घंटे में भोपाल में रिकॉर्ड 7 इंच बारिश दर्ज की गई, जिससे सड़कें समंदर बन गईं और कई कॉलोनियां जलमग्न हो गईं. राजगढ़ में नाले के उफान में वैन बहने से 9 लोगों की जान चली गई. आज मंगलवार को भी हालात बिगड़ते देख भोपाल, रायसेन और आगर-मालवा में स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है.
25 गांवों का संपर्क कटा, 17 की मौत
बता दें, रविवार-सोमवार की रात से शुरू हुआ बारिश का तांडव आज मंगलवार सुबह भी थमा नहीं है. राजधानी भोपाल समेत राज्य के आधे से ज्यादा जिलों में नदियां और नाले उफान पर हैं. भोपाल में बीते 24 घंटे के दौरान करीब 7 इंच पानी गिर चुका है, जिससे शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया और सड़कों पर आवागमन पूरी तरह बंद करना पड़ा. बारिश के इस कहर से प्रदेश में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. राजगढ़ में उफनते नाले में ईको वैन बहने से 3 बच्चों और 2 महिलाओं समेत 9 लोगों की दुखद मौत हो गई. ब्यावरा में रेलवे अंडरपास डूबने से 25 गांवों का संपर्क कट चुका है, वहीं विदिशा में बाढ़ के पानी में फंसे 17 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया.
नर्मदा में 10 फीट तक भरा पानी
जलप्रलय का असर नदियों और बांधों पर भी दिख रहा है. नर्मदापुरम में पिछले 48 घंटों में नर्मदा नदी 10 फीट तक उछलकर 946 फीट के पार पहुंच गई है. वहीं तवा डैम में भी 8.5 फीट पानी बढ़ा है. बड़वानी के राजघाट में बैकवॉटर के कारण इलाका टापू में तब्दील हो गया है, जहां प्रशासन ने पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगा दी है. इधर शिवपुरी से बदहाली की तस्वीर सामने आई, जहां न्यू पुलिस लाइन रोड पर पानी से लबालब गड्ढे में स्कूली वैन फंस गई और बच्चों को वैन निकालने के लिए खुद ही धक्का लगाना पड़ा.
प्रशासन अलर्ट
मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में अब तक औसत से 15 फीसदी कम बारिश हुई है, लेकिन पिछले दो दिनों की बारिश ने पूरे प्रदेश को खतरे के निशान पर ला दिया है. सोमवार के बाद आज मंगलवार को भी राहत के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं. प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है.
दिल्ली में आज फिर बरसेंगे बादल, सुहाना होगा मौसम, जानें कैसा रहेगा अगले 7 दिनों तक हाल
