Home Top News जानें कौन थे प्रतीक, राजनीति से दूर अपनाई फिटनेस; समझें नेताजी का फैमिली ट्री कनेक्शन और क्लेश

जानें कौन थे प्रतीक, राजनीति से दूर अपनाई फिटनेस; समझें नेताजी का फैमिली ट्री कनेक्शन और क्लेश

by Amit Dubey
0 comment
Mulayam Yadav Family Tree

Mulayam Yadav Family Tree: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव (नेताजी) की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है. आज 13 मई को सुबह करीब 4:55 बजे के आसपास वे लखनऊ स्थिति अपने घर के किचन में बेहोश मिले थे. प्रतीक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्रतीक मात्र 38 साल के थे, उनकी मौत कैसे हुई, इसकी अभी विस्तृत जानकारी का इंतजार है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से शुरुआती जांच में बताया जा रहा है कि फेफड़े में खून का थक्का जमने और हार्ट अटैक से जान गई होगी.

प्रतीक को दुनिया यूपी के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई के रूप में भी जानती है. इनकी पत्नी अपर्णा यादव भाजपा की नेत्री हैं. प्रतीक का पूरा परिवार राजनीति में है लेकिन यह राजनीति से दूर बिजनेस की दुनिया में थे. प्रतीक रियल एस्टेट के कारोबार क्षेत्र में थे और इन्हें जिम, बॉडी और फिटनेस का जुनून था. प्रतीक के असामयिक निधन ने पूरे परिवार को शोक में डूबा दिया है. राजनीति से दूर रहने वाले प्रतीक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. इन दोनों का निधन साल 2022 में हुआ था. प्रतीक के निधन के बीच इनकी पूरी फैमली की भी चर्चा हो रही है. आइए इसके बारे में पूरी बातों को एक-एक करके जानते हैं.

Table of Content

  • हम कानूनी रास्ता अपनाएंगे- अखिलेश यादव
  • प्रतीक का क्या था बिजनेस?
  • अस्पताल से शुरू हुई मुलायम-साधना गुप्ता की लव स्टोरी
  • साधना और मुलायम दोनों थे शादी-शुदा
  • 20 साल बाद साधना को मिला पत्नी का दर्जा
  • साल 2022 में मुलायम और साधना का निधन
  • प्रतीक और अपर्णा की लव स्टोरी
  • प्रतीक की पत्नी से तनाव और फैमली
  • नेताजी का पूरा फैमली ट्री

हम कानूनी रास्ता अपनाएंगे- अखिलेश यादव

प्रतीक यादव के पूरा फैमली ट्री को जानेंगे, उससे पहले हम यह जान लेते हैं कि उनके असामयिक निधन पर भाई अखिलेश यादव ने क्या कहा है. अखिलेश, प्रतीक यादव के सौतेले भाई हैं. बुधवार को प्रतीक के निधन की खबर सुनकर अखिलेश काफी दुखी हो गए. उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा, ” मैं प्रतीक को बचपन से जानता था. आज वह हमारे बीच नहीं रहा. हम इस घटना से बेहद दुखी हैं. ” उन्होंने आगे कहा, “वह जीवन में आगे बढ़ना और काम करना चाहता था. यह बेहद दुखद है कि आज वह हमारे साथ नहीं है. हम कानून और परिवार के सदस्यों की जो भी बात होगी, उसका पालन करेंगे. हम कानूनी रास्ता अपनाएंगे.”

अखिलेश ने कहा, ” कुछ दिन पहले मेरी मुलाकात हुई थी उससे. तब भी मैंने यही कहा था कि अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखो, अपने कारोबार को आगे बढ़ाओ. कभी-कभी फाइनेंशियल कारोबार में जो नुकसान होता है उस से कई बार आदमी बहुत टूट जाता है. वह हमारे बीच नहीं है, परिवार जो कहेगा वह हम करेंगे.”

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव के भाई अपनी पत्नी अपर्णा को देंगे तलाक, इंस्टाग्राम पर किया एलान; बताई ये खास वजह

प्रतीक का किसका था बिजनेस?

प्रतीक के निधन पर अखिलेश यादव ने उनके बिजनेस का भी जिक्र किया है. अखिलेश ने कहा है कि कुछ दिन पहले उससे मेरी मुलाकात हुई थी. तब भी मैंने यही कहा था कि अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखो, अपने कारोबार को आगे बढ़ाओ. कभी-कभी फाइनेंशियल कारोबार में जो नुकसान होता है उस से कई बार आदमी बहुत टूट जाता है. जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय प्रतीक यादव ने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी. वे फिटनेस को लेकर बहुत ही जुनूनी थे और इसका बहुत ही ख्याल रखते थे. जिम, बॉडी और फिटनेस का ध्यान रखने वाले प्रतीक एक रियल एस्टेट बिजनेसमैन भी थे. उनका कंस्ट्रक्शन का बिजनेस था. वे रियल एस्टेट में निवेश, प्रॉपर्टी डीलिंग और कंस्ट्रक्शन के कारोबार में लगे हुए थे.

इन्होंने साल 2015 में यूपी की राजधानी लखनऊ में आयरन कोर फिट नाम से जिम सेंटर के कारोबार की भी शुरुआत की थी. इसके शहर में कई सेंटर भी हैं. साल 2022 में प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव के द्वारा दिए गए चुनावी हलफनामे में उनकी संयुक्त चल और अचल संपत्ति लगभग 23 करोड़ रुपये की बताई गई थी. कई मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, प्रतीक की पत्नी अपर्णा से उनके तनाव और अनबन की खबरें भी आती रही हैं, इसके बारे में जानेंगे, लेकिन उससे पहले हम मुलायम सिंह की फैमली में प्रतीक का हिस्सा बनने की कहानी को जानते हैं. इसमें हम मुलायम सिंह यादव के साथ-साथ प्रतीक के भी इस फैमली से जुड़ने की कहानी और पूरा फैमली ट्री को जान लेंगे.

अस्पताल से शुरू हुई मुलायम-साधना की लव स्टोरी

जैसा कि आप सभी जानते हैं कि प्रतीक यादव पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. साधना और मुलायम सिंह के बीच लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है. इनकी यह प्रेम कहानी 1982 में एक अस्पताल से शुरू हुई थी और इन्होंने अपने रिश्तों को कुछ वर्षों तक प्राइवेट ही रखा. विभिन्न मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, साधना गुप्ता और मुलायम सिंह की पहली मुलाकात वर्ष 1982 में एक अस्पताल में हुई थी, जहां साधना एक नर्स थीं और मुलायम सिंह अपनी मां का इलाज कराने के लिए आते थे.

बताया जाता है कि साधना सपा की कार्यकर्ता भी रहीं. वह लखनऊ और सैफई मेडिकल कॉलेज में मुलायम की मां मूर्ति देवी का इलाज के दौरान देखभाल करती थीं. इस दौरान उनकी मुलाकात मुलायम सिंह से होती रहती थी. इस बीच एक कहानी का दावा भी किया जाता है कि एक दिन एक दूसरी नर्स मुलायम की मां को गलत इंजेक्शन लगाने जा रही थी, तभी साधना ने उसे देख लिया और रोक दिया. इस घटना के बाद साधना-मुलायम के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और दोस्ती के साथ यह रिश्ता धीरे-धीरे प्यार में बदल गया.

यह भी पढ़ें: ‘बिजनेस में नुकसान से परेशान थे’, प्रतीक की मौत पर बोले अखिलेश, KGMU में चल रहा पोस्टमार्टम

साधना और मुलायम दोनों थे शादी-शुदा

मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता एक-दूसरे से मिलने से पहले ही शादी-शुदा थे. साधना की शादी फर्रुखाबाद के चंद्रप्रकाश गुप्ता से हुई थी, जिनसे उनका एक बेटा प्रतीक था. हालांकि, साधना और चंद्रप्रकाश 1987 में एक-दूसरे से अलग हो गए थे और प्रतीक अपनी मां साधना के साथ रहने लगे थे. वहीं, मुलायम सिंह की भी पहले से शादी हो चुकी थी. वर्ष 1957 में इनकी शादी मालती से हुई थी और साल 1973 में इन दोनों को एक पुत्र हुआ, जिनका नाम अखिलेश यादव है. यह आज यूपी की राजनीति में अपना एक बड़ा कद रखते हैं. मात्र 18 साल की उम्र में मुलायम सिंह की शादी हुई थी. बताया जाता है कि मालती निधन से पहले काफी बीमार रहने लगी थीं और मई 2003 में उनका देहांत हो गया था.

20 साल बाद साधना को मिला पत्नी का दर्जा

मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता की लव स्टोरी वर्ष 1982 में शुरू हुई और कई सालों तक दुनिया से छुप-छिपा के चलती रही. इन्होंने अपने रिश्तों को दुनिया के सामने लाने में करीब 20 साल का वक्त ले लिया. बताया जाता है कि अपनी पहली पत्नी मालती देवी के निधन के बाद साल 2003 में मुलायम सिंह यादव ने साधना गुप्ता के साथ अपने रिश्तों को पहली बार सार्वजनिक किया. उन्होंने 23 मई 2003 को सार्वजनिक रूप से साधना यादव को अपनी पत्नी का दर्जा दिया. इसके बाद पहली पत्नी से बेटे अखिलेश यादव नाराज हो गए थे, तब वह मात्र 15 साल के थे. लोग बताते हैं कि वे नहीं चाहते थे कि साधना उनकी मां की जगह लें. मुलायम और साधना के रिश्ते पर और पुख्ता मुहर तब लग गई, जब मुलायम सिंह यादव ने जुलाई 2007 में सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर यह स्वीकार कर लिया कि साधना उनकी पत्नी हैं और प्रतीक उनका बेटा है.

यह भी पढ़ें: स्कूल से शुरू हुई लवस्टोरी का दुखद अंत, तलाक तक पहुंची थी अनबन, ऐसे थे प्रतीक और अपर्णा यादव के रिश्ते

साल 2022 में मुलायम और साधना का निधन

मुलायम और साधना का निधन एक ही साल के भीतर हो गया था. जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई 2022 को साधना गुप्ता का निधन हुआ था. उन्होंने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस ली. यहां ध्यान देने वाली बात यह भी है कि साधना की मृत्यु के बाद मुलायम सिंह का भी कुछ महीनों में निधन हो गया था और इन्होंने भी गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में ही अंतिम सांस ली थी. मुलायम सिंह यादव साधना के निधन के करीब तीन महीने बाद अक्टूबर 2022 में दुनिया को अलविदा कह दिए थे.

प्रतीक और अपर्णा की लव स्टोरी

प्रतीक और अपर्णा की लव स्टोरी शानदार रही है और इन दोनों ने एक-दूसरे को करीब 11 सालों तक डेट किया. एक इंटरव्यू में प्रतीक के साथ अपनी लव स्टोरी के बारे में बताते हुए अपर्णा यादव ने कहा था, “हम मेरी मां के जन्मदिन पर मिले थे. हम स्कूल के इवेंट्स में भी मिले थे. हम एक ही स्कूल में नहीं थे. मैं म्यूजिक क्लब की प्रेसिडेंट थी. मुझे अच्छी तरह याद है कि मैं एक स्कूल इवेंट के लिए प्रतीक के स्कूल गई थी.” उन्होंने आगे बताया, “प्रतीक अपनी क्लास के साथ थे. उन्होंने स्कूल में मेरा ईमेल एड्रेस पूछा था. उस समय याहू मैसेंजर बहुत पॉपुलर था. प्रतीक मुझे वहां बहुत सारे मैसेज भेजते थे. हम दोनों का ग्रुप एक ही था. फिर हम एक-दूसरे से मिलने लगे और बातें आगे बढ़ती गईं.”

यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की मौत, लखनऊ के सिविल हॉस्पिटल में सुबह लाया गया शव

प्रतीक की पत्नी से तनाव और फैमली

प्रतीक का जन्म 1988 में हुआ था. इन्होंने साल 2011 में अपर्णा यादव से शादी की थी. प्रतीक की पत्नी अपर्णा यूपी चुनाव से पहले साल 2022 में भाजपा में शामिल हो गई थीं. तब इन्होंने सपा से अलग होकर यूपी की राजनीति में हलचल मचा दी थी. उसके बाद इनकी मुलायम फैमली से दूरी की भी खबरें सामने आने लगी थीं. वहीं, कुछ महीने पहले प्रतीक यादव ने पत्नी अपर्णा यादव को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट की थी. जिसके बाद दोनों के बीच तनाव और अनबन होने की बात सामने आई थी. तब प्रतीक ने अपर्णा से तलाक लेने तक की बात कह दी थी. हालांकि, कुछ दिनों में यह भी खबरें आईं कि प्रतीक का यह अकाउंट हैक हो गया था. उसके बाद जब उन्होंने ‘ऑल इज वेल’ का एक पोस्ट किया तो, खबरें चलीं कि अब दोनों के रिश्ते अच्छे हो रहे हैं. प्रतीक और अपर्णा की फैमली की बात करें तो इनकी दो बेटियां हैं. बड़ी बेटी का नाम प्रथमा यादव और छोटी बेटी का नाम प्रतीक्षा यादव है.

नेताजी का पूरा फैमली ट्री

मुलायम सिंह यादव को लोग प्यार से नेताजी भी कहते थे. आइए अब हम नेताजी का पूरा फैमली ट्री देखते हैं, जिसमें अखिलेश यादव से लेकर डिंपल, प्रतीक, अपर्णा यादव तक परिवार के सदस्य शामिल हैं. मुलायम सिंह यादव के 5 भाई हैं. इनके नाम हैं – रतन सिंह, राजपाल सिंह यादव, अभय राम सिंह, शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव.
अब हम मुलायम सिंह के परिवार की बात करेंगे. मुलायम सिंह की दो पत्नियां थीं. मालती देवी और साधना गुप्ता. मालती का निधन 2003 में हुआ था और इनके एक पुत्र अखिलेश यादव हैं. वहीं, साधना का निधन 2022 में हुआ था और इनसे एक पुत्र प्रतीक यादव थे.

अखिलेश और डिंपल

अखिलेश यादव अभी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद हैं. इनकी पत्नी डिंपल यादव भी सांसद हैं. अखिलेश उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी रहे हैं.

प्रतीक यादव और अपर्णा

प्रतीक यादव का 13 मई को निधन हो गया, वे मात्र 38 साल के थे. प्रतीक राजनीति से दूर रहते थे और एक बिजनेसमैन थे. इनकी पत्नी अपर्णा हैं और वह भाजपा की नेत्री हैं. अपर्णा मुलायम सिंह यादव की बहू भी हैं और अभी वह यूपी की महिला आयोग की उपाध्यक्ष भी हैं.

Follow Us On: Facebook | X | LinkedIn | YouTube Instagram

You may also like

LT logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?