Rohini Double Murder: नॉर्थ-वेस्ट दिल्ली के रोहिणी इलाके में डबल मर्डर से सनसनी फैल गई है. यहां हिंसक झड़प में एक नाबालिग लड़के ने दो नाबालिगों की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि एक अन्य घायल हो गया. यह घटना बुधवार को सेक्टर-20 रोहिणी में हुई, जहां सुल्तानपुरी इलाके के तीन नाबालिग एक दूसरे लड़के का पता लगाने आए थे. पुलिस ने कहा कि तीनों, कथित तौर पर हथियारों से लैस थे. हत्या की खबर मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और जांच शुरू की. मरने वाले दोनों नाबालिगों की उम्र 16 से 17 साल के बीच बताई जा रही है. घायल दिनेश का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
मां पर किया हमला तो नाबालिग ने दो को मार डाला
पुलिस के मुताबिक, ध्रुव, जॉनी और दिनेश सुल्तानपुरी में रितेश नाम के एक लड़के को ढूंढने अमन विहार गए थे. उन्होंने इलाके में रहने वाली एक महिला से रितेश के बारे में पूछा. बातचीत के दौरान बहस बढ़ गई और तीनों नाबालिग महिला से भिड़ गए. एक लड़के ने महिला पर बाल्टी से हमला किया, जबकि दूसरे ने उसके चेहरे पर मुक्का मारा. महिला घायल हो गई और उसके चेहरे से खून बहने लगा. इतने में महिला का नाबालिग बेटा मौके पर पहुंचा और उसे बचाने की कोशिश की. इसी बीच, ध्रुव, जॉनी और दिनेश भागने लगे. पुलिस के मुताबिक, भागते समय एक लड़के के हाथ से चाकू सड़क पर गिर गया.
आरोप है कि नाबालिग ने चाकू उठाया और तीनों पर हमला कर दिया. एक का गला कट गया, जबकि दूसरे के पेट और सीने में कई चाकू लगे. तीसरे लड़के के सीने में भी चाकू लगा. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां जॉनी और ध्रुव को मृत घोषित कर दिया गया और दिनेश का ईलाज जारी है.
रितेश को खोजने आए थे तीनों
शुरुआती जांच में पता चला कि तीनों नाबालिग जनवरी में सुल्तानपुरी में हुए एक मर्डर को लेकर रितेश से नाराज थे. उन्हें शक था कि रितेश ने हत्या के आरोपियों को पनाह दी है. इसी रंजिश के चलते वे उसे ढूंढने अमन विहार गए थे. दोनों पीड़ित गंभीर चोटों के साथ सड़क पर गिर पड़े. सीनियर पुलिस अधिकारियों ने एक फोरेंसिक टीम के साथ क्राइम सीन का मुआयना किया और सबूत इकट्ठा किए, जिसमें कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी शामिल है.
क्रॉस-केस दर्ज
पुलिस ने कहा कि इस सिलसिले में एक नाबालिग को पकड़ा गया है और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस-केस दर्ज किए गए हैं, जिनमें हत्या और हत्या की कोशिश से जुड़े आरोप शामिल हैं. घटनाओं का क्रम पता लगाने के लिए इलाके के CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है. पुलिस को शक है कि यह हिंसा पहले के एक हत्या के मामले से जुड़े दो ग्रुपों के बीच चल रही दुश्मनी का नतीजा थी.
यह भी पढ़ें- हर 92 मिनट में एक बेटी की मौत, दहेज हत्या राज्य हैं सबसे आगे, आधे से ज्यादा मामलों में नहीं होती सजा
News Source: PTI
