Bareilly Kanwar Accident: सावन के महीने में पूरे देश में शिव भक्त कांवड़ लेकर जा रहे हैं. कांवड़ यात्रा पर जाते हुए भक्तों में बहुत उत्साह होता है, लेकिन यूपी के बरेली में कांवड़ यात्रा के दौरान मातम छा गया. पुलिस ने बताया कि रविवार रात बरेली जिले में कांवड़ियों के एक ग्रुप को ले जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरकर 12 साल के एक लड़के की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि यह घटना बिथरी चैनपुर थाना इलाके में हुई.
बच्चे पर चढ़ा ट्रैक्टर का पहिया
पुलिस ने बताया कि ग्रुप बदायूं जिले के कछला घाट से गंगा जल लेकर पीलीभीत जिले के बिसलपुर लौट रहा था. रास्ते में ट्रैक्टर पर बैठा एक 12 साल का लड़का नीचे गिर गया. उसके ऊपर ट्रैकर का पहिया चढ़ गया और उसती मौत हो गई. बच्चे की पहचान निशु के तौर पर हुई है. भगवान की भक्ति में लीन उस परिवार के घर में अब मातम छा गया है, जो कुछ समय पहले हर हर महादेव के नारे लगाते हुए कांवड़ लेकर आ रहा था. सर्किल ऑफिसर (हाईवे) देवेश सिंह ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई की. पुलिस ने बताया कि परिवार बिना पोस्टमार्टम कराए ही बॉडी को बिसलपुर अपने घर ले गया.
ओडिशा में आठ कांवड़िए घायल
एक अन्य घटना में ओडिशा में कांवड़ियों को ले जा रही गाड़ी पलट गई. पुलिस ने रविवार को जानकारी दी कि गंजम जिले में रविवार को कांवड़ियों को ले जा रही एक मिनी-ट्रक पलट गई, जिससे आठ कांवड़िए घायल हो गए. एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि यह हादसा चामखंडी पुलिस स्टेशन के इलाके में कालियाबली के पास हुआ, जब करीब 20 लोगों को ले जा रही गाड़ी एक तरफ गिर गई. चामखंडी पुलिस स्टेशन की इंस्पेक्टर-इन-चार्ज श्रद्धांजलि सुबुद्धि ने बताया कि भगवान शिव के भक्त यहां पास के जगदलपुर से रुशिकुल्या नदी से जल लाने जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. उन्होंने बताया कि वे सोमवार को अलेश्वर शिव मंदिर जाने और पूजा करने वाले थे.
दो को गंभीर चोटें आईं
गाड़ी के ड्राइवर समेत घायल लोगों को इलाज के लिए छत्रपुर के सब-डिविजनल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. अधिकारी ने बताया कि बाद में, उनमें से तीन को MKCG मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया गया, क्योंकि उन्हें गंभीर चोटें आई थीं. उन्होंने कहा कि सभी घायल लोगों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है. गाड़ी को जब्त कर लिया गया है. पुलिस गाड़ी के कागजात भी चेक कर रही है.”
News Source: PTI
